पन्नों के बीच
सूखी सी पाँखुरियाँ
गीली सी यादें
जब आती हैं याद
जगातींं रातें
भीगी सड़क
रिमझिम फुहार
हाथों में हाथ
जहाँ हों पास
ज़मीन आसमान
जाना था साथ
तोड़ा गुलाब
अलकों में सजाया
मन हर्षाया
सारे जग का
प्यार जैसे आँखों में
उतर आया
कितनी बातें
रूमानी कहानी में
कितने किस्से
प्रेम रंग में
तर ब तर हुए
सारे ही हिस्से
उठाई गयीं
ढेर सारी कसमें
ढेर से वादे
मन से सच्चे
समर्पित थे दोनों
वो सीधे सादे
बातों बातों में
जाने कब आ गयी
विदा की बेला
बिछड़ा साथी
नैनों से बह चला
आँसू का रेला
डूबा संसार
हुआ मन अकेला
छूटा जो हाथ
जी भर आया
धीमे से सहलाया
लाल गुलाब
प्यारा तोहफा
किताब में दबाया
पन्नों के बीच
स्वप्न सरि में
विचरने लगी वो
नैनों को मींच
हुआ विछोह
अलग हुई राहें
फिर ना मिले
प्रेम के फूल
सूखी उस डाली पे
फिर ना खिले
व्यस्त हो गये
अपने संसार में
सदियाँ बीतीं
जीवन रीता
रीते सुबहो शाम
रातें थीं रीती
मिली जो अचानक
वही किताब
भीगी पलकें
छुल गया हाथ से
सूखा गुलाब
कितना कुछ
जो बीता मन पर
ध्यान आ गया
विरहाग्नि में
पल-पल जलना
याद आ गया
याद आ गया
प्रेम का उपहार
लाल गुलाब
छाई बदली
उमड़ा नयनों से
छिपा सैलाब
साधना वैद




