Followers

Tuesday, December 11, 2018

शुभाशंसा – श्रीमती आशा लता सक्सेना



मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है कि मेरी छोटी बहन साधना वैद की एक और पुस्तक, ‘एक फुट के मजनू मियाँ’, प्रकाशित होने जा रही है जिसमें उनकी लिखी बीस अनमोल बाल कहानियों का संकलन है ! साधना बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी हैं ! वे लेखन की विविध विधाओं में पारंगत हैं एवं भाषा पर उनका बहुत अच्छा अधिकार है ! बचपन से ही साहित्य में रूचि रही है ! स्कूल कॉलेज की पत्रिकाओं में लेखन से आरम्भ हुआ यह सफ़र अबाध गति से निरंतर चलता ही रहा है !

इस पुस्तक में बहुत ही रोचक, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक बीस कहानियाँ संगृहीत हैं ! आजकल जिस प्रकार की जीवन शैली बन गयी है उसने बच्चों को किताबों की दुनिया से बहुत दूर कर दिया है ! बच्चों में पठन पाठन की रूचि बिलकुल समाप्त प्राय हो गयी है ! वे केवल इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों से खेलना पसंद करने लगे हैं जो मोबाइल या टी वी पर चलते हैं ! साधना की इस पुस्तक में इतनी मनोरंजक एवं मजेदार कहानियाँ हैं जो ऐसे बच्चों में पढ़ने के प्रति रूचि जागृत करने की अद्भुत क्षमता रखती हैं ! बच्चों के व्यक्तित्व को सँवारने और निखारने में जो भूमिका शिक्षाप्रद कहानियाँ निभा सकती हैं वह मोबाइल या टी वी पर खेले जाने वाले खेल तो कदापि नहीं कर सकते ! इस दृष्टिकोण से भी इस पुस्तक का महत्व और बढ़ जाता है !

साधना का रचना धर्म इसी तरह अनवरत रूप से चलता रहे और उनकी लेखनी बच्चों का उचित मार्गदर्शन कर उन्हें सही दिशा दिखाती रहे यही मंगलकामना है ! इस पुस्तक की सफलता के लिए अनंत अशेष शुभकामनाएं !


श्रीमती आशा सक्सेना
सेवानिवृत व्याख्याता उज्जैन,
मध्य प्रदेश


साधना वैद 

Friday, December 7, 2018

शहनाई का दर्द




कैसे हो कलाकार ?
सुना था कलाकार तो बहुत ही 
संवेदनशील होते हैं
उनके हृदय में अपार करुणा होती है  
लेकिन तुम तो ......
तुम भी औरों जैसे ही निकले
स्वार्थी, हृदयहीन और निर्मम !
तुम्हें तो बस औरों की
वाहवाही लूटने से मतलब है
महसूस किया है कभी 
मुझ जैसी शहनाई का दर्द 
कभी सोचा है मुझ पर क्या गुज़रती है
जब मेरे तन के हर छेद पर
तुम्हारी ये उँगलियाँ नाचती हैं !
ये मुझे कितना आहत कर जाती हैं
कभी जानने की कोशिश की है तुमने ?
जीवन पर्यंत बजती रही हूँ मैं
हर विवाह, हर उत्सव, हर समारोह में
मेरे मन में कितनी पीड़ा है
कितना दर्द है किसने जाना है !
मेरी आत्मा की चीत्कार
लुभाती है श्रोताओं को !
शहनाई की हर बंदिश पर
वे विभोर हो झूम उठते हैं
बारम्बार सुनने का आग्रह करते हैं
और अपनी इस कला के प्रदर्शन पर
कितना सम्मान, कितने पुरस्कार,
कितने पारितोषिक
मिलते हैं तुम्हें कलाकार !
लेकिन कौन जानता है
मेरे दिल का हाल !
मन्द्र हो, मध्य हो या तार
हर सप्तक के सुर मेरे मन की
व्यथा कथा ही सुनाते हैं
सुन कर समझने वाला चाहिए !   
मेरे हृदय के छेदों पर
ऊँगलियाँ रख स्वर निकालने में
बहुत आनंद आता है ना तुम्हें !
आये भी क्यों ना ?
दर्द में भी तो बहुत मिठास होती है,  
एक आकर्षण होता है और होती है
सम्मोहित कर लेने की
एक अद्भुत क्षमता !
तभी तो कहते हैं सब
हैं सबसे मधुर वो गीत
जिन्हें हम दर्द के सुर में गाते हैं
धन्य हो तुम कलाकार
जो मेरे अंतर के हर क्रंदन को
इतनी दक्षता से ऐसे मधुर संगीत में
परिवर्तित कर देते हो कि श्रोता
मंत्रमुग्ध हो स्वरों के इस
अलौकिक संसार में खो से जाते हैं
और मैं धन्य हो जाती हूँ
कि दर्द सह कर भी मैं जगत को
कुछ तो सुखी कर पाई !



साधना वैद  







Friday, November 30, 2018

आवाज़ें



एक वक्त था जब
ज़रा सा शोर, ज़रा सी हलचल
या ज़रा सी भी आवाज़
नागवार गुज़रती थी
लिखना पढ़ना हो, 
चिंतन मनन करना हो
या फिर विश्राम ही क्यों न करना हो
बिलकुल पिन ड्राप साइलेंस ही
अच्छी लगती थी !
परम शान्ति में दत्तचित्त हो
पूरी एकाग्रता से काम करना
अच्छा लगता था
कोलाहल या हल्ले गुल्ले का संसार
बड़ा बेगाना लगता था !
लेकिन अब इन आवाज़ों की   
ऐसी आदत पड़ चुकी है कि
अब सन्नाटे डराने लगे हैं
और हर तरह के शोर,
हर किस्म के कोलाहल
मन को सहलाने लगे हैं !
भोर की बेला में पंछियों के
मधुर कलरव और
मंदिर की घंटियों की जगह
अब स्कूल जाने से पहले
माँ और बच्चों की चख चख,
कारों स्कूटरों के बेसुरे हॉर्न
प्रभाती से लगने लगे हैं 
घड़ियों में अलार्म लगाने की 
ज़रुरत ही कहाँ रही 
हम तो हर रोज़ अब 
इन्हीं आवाजों से जगने लगे हैं ! 
रसोई से अगर मिक्सी का शोर
और प्रेशर कुकर की सीटी ना सुनाई दे
तो घर में मनहूसियत सी पसर जाती है !
और वाशिंग मशीन के हूटर की आवाज़
संजीवनी का सा काम कर जाती है !
सारे उपकरण जब पूरी ताकत से
बज रहे होते हैं तो घर में 
‘परम शान्ति’ का अहसास होता है !
सबके मूड अच्छे रहते हैं  
और उत्सव का सा माहौल बना रहता है !  
टी वी पर बजते तेज़ संगीत
और चौबीसों घंटे चलने वाले
पारिवारिक धारावाहिकों के
अति नाटकीय बेहूदे संवाद
सुनाई ना दें तो मन
अनमना सा हो जाता है
न्यूज़ चैनल पर चलने वाली
अनंत बहसों का शोर
सारे वजूद को अवसन्न कर जाता है !  
रात को सोते समय भी
पंखे की आवाज़, टी वी का शोर
गली के कुत्तों का गुर्राना
अब लोरी सा लगता है  
हमें तो नींद ही तब आती है 
जब सारा संसार जागा सा लगता है !  
अब तो ये सारी आवाज़ेंं दिनचर्या में 
इस तरह शुमार हो चुकी हैंं कि
किसी दिन अगर लाईट चली जाए
और हर उपकरण शांत हो जाए तो  
तो घर में शोक का सा आलम  
व्याप्त हो जाता है और
बिजली के आते ही 
इनसे निकलने वाला शोर 
सबके अधरों पर बड़ी मीठी सी 
मुस्कान ले आता है ! 



साधना वैद



Tuesday, November 27, 2018

"एक फुट के मजनूमियाँ" आदरणीया रश्मि प्रभा जी की नज़र से

 

# "एक फुट के मजनूमियाँ"
Sadhana Vaid
साधना वैद जी
============== ने दो किताबें भेजीं, एक मेरे लिए, एक कुनू ,अमु के लिए । कुनू ,अमु का नाम पढ़ते ही आप समझ गए होंगे कि किताब छोटे बच्चों के लिए होगी, जी हाँ, "एक फुट के मजनूमियाँ"।
आज मैंने कुनू ,अमु की किताब उठाई, भूमिका वगैरह के बाद पहली कहानी पढ़ी, "आलसी लालची मकड़ी " फिर कुनू को सुनाया, अमु अभी पास में नहीं, हो सकता है मैं रिकॉर्ड करके भेजूँ, लेकिन मुझे देखते हुए मुझसे सुनने में और बिना मुझे देखे सुनने में फर्क होगा, ... ख़ैर, तो पहली कहानी पढ़कर बड़ा मजा आया, सीख भी अच्छी मिली बच्चों को और काम से भागनेवाले बड़ों को ।
बच्चों के लिए लिखी गई कहानी किसी जादू से कम नहीं होती । शेर,चीते,भालू,खरगोश,गिलहरी,मकड़ी ... सब बोलने लगते हैं, कोई चालाकी दिखाता है, कोई समझदारी ।
पंचतंत्र की कहानियाँ, गुलज़ार की बच्चों के लिए लिखी गई कहानियों,कविताओं से, किसी रशियन किताब से कम दिलचस्प यह किताब नहीं । सबके घर में यह किताब होनी चाहिए, क्योंकि कई बातें हम बच्चों को ऐसे नहीं समझा पाते,पर काल्पनिक कहानियों के माध्यम से उनके नन्हें से दिल को बहुत कुछ बता सकते हैं, और ये कहानियाँ मस्तिष्क के किसी कोने में जगह बना लेती हैं, तभी तो फिर नानी/दादी की पिटारियों में ढेर सारी कहानियाँ मिलती हैं ।
अभी तो शुरू हुई है कहानी, और पहली कहानी के बाद कह रही हूँ, अपने बच्चों के लिए,अपने लिए आज ही इसे मंगवाएं । शरमाना क्यों, दिल तो सबका बच्चा है जी और सबको भविष्य में नानी/दादी, दादा/नाना/मामा/मौसी बनना ही है, तो बस मंगा लीजिए । फिर न कहिएगा, हमने बताया नहीं |
-----------------------------------------------------------------------------
बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार आपका रश्मि प्रभा जी इतनी सुन्दर प्रतिक्रिया के लिए ! कहानी में कुनू को मज़ा आया मैं इम्तहान में पास हुई ! आपका दिल से शुक्रिया ! 
आप सभी की सुविधा के लिए अमेज़न का लिंक दे रही हूँ जिस पर यह किताब 'एक फुट के मजनूमियाँ' उपलब्ध है ! 


Saturday, November 24, 2018

पन्नों में दबी एक रूमानी कहानी




पन्नों के बीच
सूखी सी पाँखुरियाँ
गीली सी यादें

 तुम्हारी बातें
जब आती हैं याद
जगातींं रातें 

भीगी सड़क
रिमझिम फुहार
हाथों में हाथ

जहाँ हों पास 
ज़मीन आसमान
जाना था साथ


तोड़ा गुलाब
अलकों में सजाया
मन हर्षाया 

सारे जग का
प्यार जैसे आँखों में
उतर आया

कितनी बातें
रूमानी कहानी में
कितने किस्से

प्रेम रंग में
तर ब तर हुए
सारे ही हिस्से

  उठाई गयीं   
ढेर सारी कसमें
ढेर से वादे

मन से सच्चे
समर्पित थे दोनों
वो सीधे सादे

बातों बातों में
जाने कब आ गयी
विदा की बेला

बिछड़ा साथी
नैनों से बह चला
आँसू का रेला

डूबा संसार
हुआ मन अकेला
छूटा जो हाथ

जी भर आया
धीमे से सहलाया
लाल गुलाब

 प्यारा तोहफा  
किताब में दबाया
पन्नों के बीच 

स्वप्न सरि में
विचरने लगी वो
नैनों को मींच

हुआ विछोह
अलग हुई राहें
फिर ना मिले

प्रेम के फूल
सूखी उस डाली पे
फिर ना खिले

व्यस्त हो गये
अपने संसार में
सदियाँ बीतीं

जीवन रीता
रीते सुबहो शाम
रातें थीं रीती

 बरसों बाद
मिली जो अचानक
वही किताब

भीगी पलकें
छुल गया हाथ से
सूखा गुलाब

कितना कुछ 
जो बीता मन पर
ध्यान आ गया 

विरहाग्नि में
पल-पल जलना
याद आ गया

याद आ गया 
प्रेम का उपहार 
लाल गुलाब 


छाई बदली
उमड़ा नयनों से
छिपा सैलाब



साधना वैद





Wednesday, November 21, 2018

मैं खड़ी हूँ आज भी उस मोड़ पर





जिस्म ने तय कर लिये कई फासले ,
उम्र भी है चढ़ चुकी सीढ़ी सभी ,
रूह उस लम्हे में लेकिन क़ैद है ,
जो न बीता था, न बीता है कभी !

जब हवाएं ठिठकती थीं द्वार पर ,
जब फुहारें भिगोती थीं आत्मा ,
जब सितारे चमकते थे नैन में ,
चाँद सूरज हाथ में थे जब सभी !

एक सूखा पात अटका है वहाँ ,
गुलमोहर के पेड़ की उस शाख पर ,
जो धधकता था सिंदूरी रंग में ,
अस्त होती सूर्य किरणों से कभी !

गीत अब भी गूँजता है अनसुना ,
भावना के पुष्प बिखरे हैं वहाँ ,
नेह की लौ जल रही है आज भी ,
जो बुझी थी, ना बुझेगी अब कभी !

थीं कभी तुमसे मिलीं सौगात में ,
मोह की उन श्रंखलाओं से बँधी ,
मैं खड़ी हूँ आज भी उस मोड़ पर ,
पलट कर तो देखते तुम भी कभी !

ज़िंदगी के तिक्त सागर में समा ,
प्रेम की सरिता भी खारी हो गयी ,
खो गयी रूमानियत जाने कहाँ ,
कह सके ना चाह कर तुमसे कभी ! 

अब कभी फिर लौट कर आ जाओ तो 
जी उठेंगे पल वो रूमानी सभी 
सो गये थे राह तक थक हार के 
विवश होकर गहन निन्द्रा में कभी !

साधना वैद