नयनों ने बह-बह कर कितनी सींची धरती ,
आहों ने ऊपर उठ कितना जल बरसाया ,
भावों ने मथ अंतर कितने खोदे कूँए ,
क्योंकर इसका लेखा जोखा तुमको दूँ मैं ।
यह दौलत तो मेरी, बस केवल मेरी है
मुझे तुम्हारी साझेदारी नहीं चाहिये ।
मैंने टूटे इंद्रधनुष गिरते देखे हैं ,
सपनों की गलियों में दुख पलते देखे हैं ,
तारों के संग उड़ते अगणित पंछी के दल
पंखहीन नभ से भू पर गिरते देखे हैं ।
मैंने अपना लक्ष्य और पथ ढूँढ लिया है
मुझे तुम्हारी दूरदर्शिता नहीं चाहिये ।
तुमने कब मेरे सच का विश्वास किया है,
मेरे हर संवेदन का परिहास किया है ,
मेरी आँखों ने जो देखा जाना परखा
तुमने तो केवल उसका उपहास किया है ।
अपने सच की उँगली थाम मुझे जीने दो
मुझे तुम्हारी सत्यधर्मिता नहीं चाहिये ।
मेरा सच वो सच है जिसको जग जीता है ,
सत्य तुम्हारा वैभव के पीछे चलता है ,
मेरा सपना है सबकी आँखों का सपना ,
स्वप्न तुम्हारा धन दौलत तुमको फलता है ।
देखूँ निज प्रतिबिम्ब स्वेद के दर्पण में मैं
मुझे तुम्हारी दुनियादारी नहीं चाहिये ।
साधना वैद
Followers
Thursday, December 3, 2009
Monday, November 30, 2009
विरासत
आज मैं पूर्णत: जागृत और सचेत हूँ !
घर आँगन में उगे अनजाने, अनचीन्हे, अदृश्य
कैक्टसों के असंख्यों विषदंशों ने
मुझे हर क्षण, हर पल
एक तीव्र पीड़ा के साथ झकझोर कर जगाया है
और हर चुभन के साथ मेरी मोहनिंद्रा भंग हुई है ।
उस अभिशप्त आँगन में
मेरा पर्यंक आज भी रिक्त पड़ा हुआ है ।
तुम चाहो तो उस पर सो लेना ।
आज मैं सर्वथा प्रबुद्ध और शिक्षित हूँ !
बाल्यकाल से ही जिन संस्कारों, आदर्शों और मूल्यों को
अनमोल थाती मान सगर्व, सोल्लास
अपने आँचल में फूलों की तरह समेट
मैं अब तक सहेजती, सम्हालती, सँवारती रही
वर्तमान संदर्भों में वे
निरे पत्थर के टुकड़े ही तो सिद्ध हुए हैं
जिनके बोझ ने मेरे आँचल को
तार-तार कर छिन्न-विच्छिन्न कर दिया है !
आज भी घर के किसी कोने में
मेरी साड़ी का वह फटा आँचल कहीं पड़ा होगा
तुम चाहो तो उसे सी लेना ।
आज मुझे सही दिशा का बोध हो गया है !
भावनाओं की पट्टी आँखों पर बाँध
टूटे काँच की किरचों पर नंगे पैर अथक, निरंतर, मीलों
जिस डगर पर मैं चलती रही
उस पथ पर तो मेरी मंज़िल कहीं थी ही नहीं !
लेकिन आज भी उस राह पर
रक्तरंजित, लहूलुहान मेरे पैरों के सुर्ख निशान
अब भी पड़े हुए हैं
तुम चाहो तो उन पर चल लेना ।
आज मेरी आँखों के वे दु:स्वप्न साकार हुए हैं
जिन्हें मैंने कभी देखना चाहा ही नहीं !
कहाँ वे पल-पल लुभावने मनोरम सपनों में डूबी
मेरी निश्छल, निष्पाप, निष्कलुष आँखें !
कहाँ वो बालू को मुट्ठी में बाँध
एक अनमोल निधि पा लेने के बाल सुलभ हर्ष से
कँपकँपाते मेरे अबोध हाथ !
कहाँ वो दिग्भ्रमित, दिशाहीन
हर पल मरीचिकाओं के पीछे
मीलों दौड़ते थके हारे मेरे पागल पाँव !
और कहाँ इन सारी सुकुमार कल्पनाओं में
झूठ के रंग भरते
पल-पल बहलाते, भरमाते, भावनाओं से खिलवाड़ करते
आडम्बरपूर्ण वक्तव्यों के वो मिथ्या शब्द जाल !
इन सारी छलनाओं के अमिट लेख
अग्निशलाकाओं से आज भी
मेरे हृदय पटल पर खुदे हुए हैं
तुम चाहो तो उन्हें पढ़ लेना ।
साधना वैद
घर आँगन में उगे अनजाने, अनचीन्हे, अदृश्य
कैक्टसों के असंख्यों विषदंशों ने
मुझे हर क्षण, हर पल
एक तीव्र पीड़ा के साथ झकझोर कर जगाया है
और हर चुभन के साथ मेरी मोहनिंद्रा भंग हुई है ।
उस अभिशप्त आँगन में
मेरा पर्यंक आज भी रिक्त पड़ा हुआ है ।
तुम चाहो तो उस पर सो लेना ।
आज मैं सर्वथा प्रबुद्ध और शिक्षित हूँ !
बाल्यकाल से ही जिन संस्कारों, आदर्शों और मूल्यों को
अनमोल थाती मान सगर्व, सोल्लास
अपने आँचल में फूलों की तरह समेट
मैं अब तक सहेजती, सम्हालती, सँवारती रही
वर्तमान संदर्भों में वे
निरे पत्थर के टुकड़े ही तो सिद्ध हुए हैं
जिनके बोझ ने मेरे आँचल को
तार-तार कर छिन्न-विच्छिन्न कर दिया है !
आज भी घर के किसी कोने में
मेरी साड़ी का वह फटा आँचल कहीं पड़ा होगा
तुम चाहो तो उसे सी लेना ।
आज मुझे सही दिशा का बोध हो गया है !
भावनाओं की पट्टी आँखों पर बाँध
टूटे काँच की किरचों पर नंगे पैर अथक, निरंतर, मीलों
जिस डगर पर मैं चलती रही
उस पथ पर तो मेरी मंज़िल कहीं थी ही नहीं !
लेकिन आज भी उस राह पर
रक्तरंजित, लहूलुहान मेरे पैरों के सुर्ख निशान
अब भी पड़े हुए हैं
तुम चाहो तो उन पर चल लेना ।
आज मेरी आँखों के वे दु:स्वप्न साकार हुए हैं
जिन्हें मैंने कभी देखना चाहा ही नहीं !
कहाँ वे पल-पल लुभावने मनोरम सपनों में डूबी
मेरी निश्छल, निष्पाप, निष्कलुष आँखें !
कहाँ वो बालू को मुट्ठी में बाँध
एक अनमोल निधि पा लेने के बाल सुलभ हर्ष से
कँपकँपाते मेरे अबोध हाथ !
कहाँ वो दिग्भ्रमित, दिशाहीन
हर पल मरीचिकाओं के पीछे
मीलों दौड़ते थके हारे मेरे पागल पाँव !
और कहाँ इन सारी सुकुमार कल्पनाओं में
झूठ के रंग भरते
पल-पल बहलाते, भरमाते, भावनाओं से खिलवाड़ करते
आडम्बरपूर्ण वक्तव्यों के वो मिथ्या शब्द जाल !
इन सारी छलनाओं के अमिट लेख
अग्निशलाकाओं से आज भी
मेरे हृदय पटल पर खुदे हुए हैं
तुम चाहो तो उन्हें पढ़ लेना ।
साधना वैद
Saturday, November 28, 2009
किताब और किनारे
वह एक किताब थी ,
किताब में एक पन्ना था ,
पन्ने में हृदय को छू लेने वाले
भीगे भीगे से, बहुत कोमल,
बहुत अंतरंग, बहुत खूबसूरत से अहसास थे ।
आँखे बंद कर उन अहसासों को
जीने की चेष्टा कर ही रही थी कि
किसीने हाथ से किताब छीन कर
मेज़ पर पटक दी ।
मन आहत हुआ ।
चोट लगी कि
किताबों पर तो औरों का हक़ भी हो सकता हैं !
उनमें संकलित भावनायें अपनी कहाँ हो सकती हैं !
कहाँ जाऊँ कि मन के उद्वेग को शांति मिले !
इसी निराशा में घिरी मैं जा पहुँची नदी के किनारे ।
सोचा प्रकृति तो स्वच्छंद है !
उस पर कहाँ किसी का अंकुश होता है !
शायद यहाँ नदी के निर्मल जल में
मुझे मेरे मनोभावों का प्रतिबिम्ब दिखाई दे जाये !
पर यह क्या ?
किनारों से बलपूर्वक स्वयम को मुक्त करता हुआ
नदी का प्रगल्भ, उद्दाम, प्रगाढ़ प्रवाह्
बहता जा रहा था पता नहीं
किस अनाम, अनजान, अनिर्दिष्ट मंज़िल की ओर
और किनारे असहाय, निरुपाय, ठगे से
अपनी जड़ों की जंजीरों से बँधे
अभागे क़ैदियों की तरह्
देख रहे थे अपने प्यार का इस तरह
हाथों से छूट कर दूर होते जाना ।
और विलाप कर रहे थे सिर पटक कर
लेकिन रोक नहीं पा रहे थे नदी के बहाव को ।
मन विचलित हुआ ।
मैंने सोचा इससे तो बंद किताब ही अच्छी है
उसने कितनी घनिष्टता के साथ
अपने प्यार को, अपनी भावनाओं को,
अपने सबसे नर्म नाज़ुक अहसासों को
सदियों के लिये
अपने आलिंगन में बाँध कर रखा है !
ताकि कोई भी उसमें अपने मनोभावों का
पतिबिम्ब किसी भी युग में ढूँढ सके ।
साधना वैद
किताब में एक पन्ना था ,
पन्ने में हृदय को छू लेने वाले
भीगे भीगे से, बहुत कोमल,
बहुत अंतरंग, बहुत खूबसूरत से अहसास थे ।
आँखे बंद कर उन अहसासों को
जीने की चेष्टा कर ही रही थी कि
किसीने हाथ से किताब छीन कर
मेज़ पर पटक दी ।
मन आहत हुआ ।
चोट लगी कि
किताबों पर तो औरों का हक़ भी हो सकता हैं !
उनमें संकलित भावनायें अपनी कहाँ हो सकती हैं !
कहाँ जाऊँ कि मन के उद्वेग को शांति मिले !
इसी निराशा में घिरी मैं जा पहुँची नदी के किनारे ।
सोचा प्रकृति तो स्वच्छंद है !
उस पर कहाँ किसी का अंकुश होता है !
शायद यहाँ नदी के निर्मल जल में
मुझे मेरे मनोभावों का प्रतिबिम्ब दिखाई दे जाये !
पर यह क्या ?
किनारों से बलपूर्वक स्वयम को मुक्त करता हुआ
नदी का प्रगल्भ, उद्दाम, प्रगाढ़ प्रवाह्
बहता जा रहा था पता नहीं
किस अनाम, अनजान, अनिर्दिष्ट मंज़िल की ओर
और किनारे असहाय, निरुपाय, ठगे से
अपनी जड़ों की जंजीरों से बँधे
अभागे क़ैदियों की तरह्
देख रहे थे अपने प्यार का इस तरह
हाथों से छूट कर दूर होते जाना ।
और विलाप कर रहे थे सिर पटक कर
लेकिन रोक नहीं पा रहे थे नदी के बहाव को ।
मन विचलित हुआ ।
मैंने सोचा इससे तो बंद किताब ही अच्छी है
उसने कितनी घनिष्टता के साथ
अपने प्यार को, अपनी भावनाओं को,
अपने सबसे नर्म नाज़ुक अहसासों को
सदियों के लिये
अपने आलिंगन में बाँध कर रखा है !
ताकि कोई भी उसमें अपने मनोभावों का
पतिबिम्ब किसी भी युग में ढूँढ सके ।
साधना वैद
Thursday, November 26, 2009
यह साल भी आखिर बीत गया
26/11//08 को मुम्बई में हुए आतंकी हमले की बरसी के अवसर पर उन शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए यह कविता प्रस्तुत कर रही हूँ जिन्होंने देश के लिये प्राण न्यौछावर करने में एक पल भी नहीं गंवाया और मातृभूमि के प्रति अपना ऋण चुका कर अपने जीवन को सफल कर लिया |
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ खून बहा, कुछ घर उजड़े,
कुछ कटरे जल कर राख हुए,
कुछ झीलों का पानी सूखा,
कुछ सुर बेसुर बर्बाद हुए ।
कुछ माचिस से कुछ गोली से
जल जीवन का संगीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ आँचल फट कर तार हुए,
कुछ दिल ग़म से बेज़ार हुए,
कुछ बहनों की उजड़ी माँगें,
कुछ बचपन से लाचार हुए ।
मौसम तो आये गये बहुत
दहशत का मौसम जीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ लोगों ने जीना चाहा
कुछ जानों का सौदा करके,
कुछ लोगों ने मरना चाहा
कुछ सिक्कों का सौदा करके ।
कुछ वहशत से कुछ नफरत से
खुशियों का हर पल रीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
सभी शहीदों को मेरा भावभीना नमन !
साधना वैद
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ खून बहा, कुछ घर उजड़े,
कुछ कटरे जल कर राख हुए,
कुछ झीलों का पानी सूखा,
कुछ सुर बेसुर बर्बाद हुए ।
कुछ माचिस से कुछ गोली से
जल जीवन का संगीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ आँचल फट कर तार हुए,
कुछ दिल ग़म से बेज़ार हुए,
कुछ बहनों की उजड़ी माँगें,
कुछ बचपन से लाचार हुए ।
मौसम तो आये गये बहुत
दहशत का मौसम जीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
कुछ लोगों ने जीना चाहा
कुछ जानों का सौदा करके,
कुछ लोगों ने मरना चाहा
कुछ सिक्कों का सौदा करके ।
कुछ वहशत से कुछ नफरत से
खुशियों का हर पल रीत गया ।
यह साल भी आखिर बीत गया ।
सभी शहीदों को मेरा भावभीना नमन !
साधना वैद
Sunday, November 22, 2009
गवाही
आज मैंने जागी आँखों
एक भयावह दु:स्वप्न देखा है !
बोलो क्या तुम मेरे उस कटु अनुभव को बाँट सकोगे ?
पिघलते सीसे सी उस व्यथा कथा की
तेज़ धार को काट सकोगे ?
मैने यथार्थ के निर्मम बीहड़ में
नंगे पैरों दौड़ते लहुलुहान
उसके दुधमुँहे सुकुमार सपनों को देखा है ।
मैंने निराशा के अंधड़ में यहाँ वहाँ उड़ते
उसकी योजनाओं के डाल से टूटे हुए
सूखे पत्तों को देखा है ।
मैंने दर्द के दलदल में आकण्ठ डूबी
उसकी महत्वाकांक्षाओं की
घायल नियति को देखा है ।
मैंने कड़वाहट के तपते मरुथल में
जिजीविषा की मरीचिका के पीछे भटकते
उसकी अभिलाषाओं के जीवित शव को देखा है ।
मैने नफरत के सैलाब में
अपने मूल्यों की गहरी जड़ों से विच्छिन्न हो
उसे क्षुद्र तिनके की तरह बहते देखा है ।
मैंने उसे संशय और असमंजस के
दोराहे पर खड़े हो अपनी अंतरात्मा के
विक्रय पत्र पर हस्ताक्षर करते देखा है ।
मैंने कुण्ठाओं के अवगुण्ठन में लिपटी
सहमती झिझकती सिसकती
उसकी मूर्छित चेतना को देखा है ।
मैंने ज़रूरतों के लौहद्वार पर दस्तक देती
उसकी बिकी हुई अंतरात्मा का उसीके हाथों
पल-पल तिल-तिल मारा जाना देखा है ।
मैंने आदर्शों के चटके दर्पण में
उसके टूटे हुए व्यक्तित्व का
दरका हुआ प्रतिबिम्ब देखा है ।
मैने आज एक मसीहा को
मूल्यों से निर्धन इस समाज की बलिवेदी पर
अपनी मर्यादा की बलि देते देखा है ।
अपनी आत्मा का खून करते देखा है ।
क्या मेरी यह चश्मदीद गवाही
समाज की अन्धी न्यायव्यवस्था के
बहरे नियंताओं के कानों में जा सकेगी ?
क्या मेरी यह गवाही
उस बेबस लाचार मजबूर इंसान की झोली में
इंसाफ के चन्द टुकड़े डलवा सकेगी ?
साधना वैद
एक भयावह दु:स्वप्न देखा है !
बोलो क्या तुम मेरे उस कटु अनुभव को बाँट सकोगे ?
पिघलते सीसे सी उस व्यथा कथा की
तेज़ धार को काट सकोगे ?
मैने यथार्थ के निर्मम बीहड़ में
नंगे पैरों दौड़ते लहुलुहान
उसके दुधमुँहे सुकुमार सपनों को देखा है ।
मैंने निराशा के अंधड़ में यहाँ वहाँ उड़ते
उसकी योजनाओं के डाल से टूटे हुए
सूखे पत्तों को देखा है ।
मैंने दर्द के दलदल में आकण्ठ डूबी
उसकी महत्वाकांक्षाओं की
घायल नियति को देखा है ।
मैंने कड़वाहट के तपते मरुथल में
जिजीविषा की मरीचिका के पीछे भटकते
उसकी अभिलाषाओं के जीवित शव को देखा है ।
मैने नफरत के सैलाब में
अपने मूल्यों की गहरी जड़ों से विच्छिन्न हो
उसे क्षुद्र तिनके की तरह बहते देखा है ।
मैंने उसे संशय और असमंजस के
दोराहे पर खड़े हो अपनी अंतरात्मा के
विक्रय पत्र पर हस्ताक्षर करते देखा है ।
मैंने कुण्ठाओं के अवगुण्ठन में लिपटी
सहमती झिझकती सिसकती
उसकी मूर्छित चेतना को देखा है ।
मैंने ज़रूरतों के लौहद्वार पर दस्तक देती
उसकी बिकी हुई अंतरात्मा का उसीके हाथों
पल-पल तिल-तिल मारा जाना देखा है ।
मैंने आदर्शों के चटके दर्पण में
उसके टूटे हुए व्यक्तित्व का
दरका हुआ प्रतिबिम्ब देखा है ।
मैने आज एक मसीहा को
मूल्यों से निर्धन इस समाज की बलिवेदी पर
अपनी मर्यादा की बलि देते देखा है ।
अपनी आत्मा का खून करते देखा है ।
क्या मेरी यह चश्मदीद गवाही
समाज की अन्धी न्यायव्यवस्था के
बहरे नियंताओं के कानों में जा सकेगी ?
क्या मेरी यह गवाही
उस बेबस लाचार मजबूर इंसान की झोली में
इंसाफ के चन्द टुकड़े डलवा सकेगी ?
साधना वैद
Saturday, November 21, 2009
उदास शाम
सागर का तट मैं एकाकी और उदासी शाम
ढलता सूरज देख रही हूँ अपलक और अविराम ।
जितना गहरा सागर उतनी भावों की गहराई
कितना आकुल अंतर कितनी स्मृतियाँ उद्दाम ।
पंछी दल लौटे नीड़ों को मेरा नीड़ कहाँ है
नहीं कोई आतुर चलने को मेरी उंगली थाम ।
सूरज डूबा और आखिरी दृश्य घुला पानी में
दूर क्षितिज तक जल और नभ अब पसरे हैं गुमनाम ।
बाहर भी तम भीतर भी तम लुप्त हुई सब माया
सुनती हूँ दोनों का गर्जन निश्चल और निष्काम ।
कोई होता जो मेरे इस मूक रुदन को सुनता
कोई आकर मुझे जगाता बन कर मेरा राम।
साधना वैद
ढलता सूरज देख रही हूँ अपलक और अविराम ।
जितना गहरा सागर उतनी भावों की गहराई
कितना आकुल अंतर कितनी स्मृतियाँ उद्दाम ।
पंछी दल लौटे नीड़ों को मेरा नीड़ कहाँ है
नहीं कोई आतुर चलने को मेरी उंगली थाम ।
सूरज डूबा और आखिरी दृश्य घुला पानी में
दूर क्षितिज तक जल और नभ अब पसरे हैं गुमनाम ।
बाहर भी तम भीतर भी तम लुप्त हुई सब माया
सुनती हूँ दोनों का गर्जन निश्चल और निष्काम ।
कोई होता जो मेरे इस मूक रुदन को सुनता
कोई आकर मुझे जगाता बन कर मेरा राम।
साधना वैद
Wednesday, November 18, 2009
वर्षा
चंचल चुलबुली हवा ने
जाने बादल से क्या कहा
रुष्ट बादल ज़ोर से गरजा
उसकी आँखों में क्रोध की
ज्वाला रह रह कर कौंधने लगी ।
डरी सहमी वर्षा सिहर कर
काँपने लगी और अनचाहे ही
उसके नेत्रों से गंगा जमुना की
अविरल धारा बह चली ।
नीचे धरती माँ से
उसका दुख देखा न गया ,
पिता गिरिराज हिमालय भी
उसकी पीड़ा से अछूते ना रह सके ।
धरती माँ ने बेटी वर्षा के सारे आँसुओं को
अपने आँचल में समेट लिया
और उन आँसुओं से सिंचित होकर
हरी भरी दानेदार फसल लहलहा उठी ।
पिता हिमालय के शीतल स्पर्श ने
वर्षा के दुखों का दमन कर दिया
और उसके आँसू गिरिराज के वक्ष पर
हिमशिला की भाँति जम गये
और कालांतर में गंगा के प्रवाह में मिल
जन मानस के पापों को धोकर
उन्हें पवित्र करते रहे।
साधना वैद
जाने बादल से क्या कहा
रुष्ट बादल ज़ोर से गरजा
उसकी आँखों में क्रोध की
ज्वाला रह रह कर कौंधने लगी ।
डरी सहमी वर्षा सिहर कर
काँपने लगी और अनचाहे ही
उसके नेत्रों से गंगा जमुना की
अविरल धारा बह चली ।
नीचे धरती माँ से
उसका दुख देखा न गया ,
पिता गिरिराज हिमालय भी
उसकी पीड़ा से अछूते ना रह सके ।
धरती माँ ने बेटी वर्षा के सारे आँसुओं को
अपने आँचल में समेट लिया
और उन आँसुओं से सिंचित होकर
हरी भरी दानेदार फसल लहलहा उठी ।
पिता हिमालय के शीतल स्पर्श ने
वर्षा के दुखों का दमन कर दिया
और उसके आँसू गिरिराज के वक्ष पर
हिमशिला की भाँति जम गये
और कालांतर में गंगा के प्रवाह में मिल
जन मानस के पापों को धोकर
उन्हें पवित्र करते रहे।
साधना वैद
Subscribe to:
Posts
(
Atom
)