Followers

Saturday, July 18, 2026

धूप

 




जलते रहे

ज़िंदगी की धूप में

पाँव के छालों की

परवाह किये बगैर

बिना रुके बिना थमे

दिन रात बस चलते रहे

चलते ही रहे ।

न मिला हमें ठौर कहीं

न ही कहीं मिली छाँह

और हम अभिशप्त से

समय की झंझा में 

डाल से टूटे पत्ते की तरह

बेबस और बेआस बस

उड़ते रहे

उड़ते ही रहे ।

हालात की दुश्वारियों ने

इस तरह कर दिया लाचार

कि हम आज गर्दिशों के

उफनते सैलाब में

तिनके की तरह

बहते रहे

बहते ही रहे

सुनाई किसीको भूले से

कभी जो दास्ताने गम

ऊब कर वो उठ गया

और हम कहते रहे

कहते रहे

कहते ही रहे ।

 


चित्र - गूगल से साभार 



साधना वैद


Thursday, July 9, 2026

असर - लघुकथा



टी वी पर समाचार चल रहे थे ! इन दिनों की सबसे प्रमुख खबर, केतन अग्रवाल मर्डर मिस्ट्री को बड़े विस्तार के साथ दिखाया जा रहा था ! शालिनी का मन घबराने लगा था ! उनके घर में भी जवान बेटी है सुनेत्रा ! बहुत सुन्दर, सुशिक्षित, आधुनिक ख्यालों वाली ! खूब प्रखर और मुखर भी ! एकदम निर्भीक और आत्मविश्वास से भरी हुई ! स्कूल कॉलेज में हर एक्टीविटी में सबसे आगे रहने वाली और घर परिवार में भी सबसे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली ! शालिनी माँ होकर भी हमेशा उसकी हर बात मानतीं और खुद से भी अधिक उसके फैसलों पर भरोसा करतीं ! 

खबरें देखते-देखते उनका मन विचलित हो रहा था ! जाने कैसा डर उनके मन में घनीभूत होता जा रहा था ! उसी समय बड़े करीने से सजी धजी सुनेत्रा अपने हाथ में घड़ी बाँधती हुई घर कमरे में आई ! 

“मम्मी, मैं जा रही हूँ शाम को आने में देर हो जाए तो फ़िक्र मत करना ! हम लोग मूवी देखने जा रहे हैं ! आज रोहित का जन्मदिन है ! उसके बाद वह हमें डिनर के लिए ले जाएगा ! प्रज्ञा और विनोद भी जा रहे हैं साथ में ! दस बजे तक आ जाएंगे ! देर होगी तो फोन कर दूँगी आपको !” सुनेत्रा अपना सामान इधर उधर से समेटती हुई पर्स में रखती जा रही थी और शालिनी को अपने शाम के प्रोग्राम के बारे में बता भी रही थी ! 

“तुम कहीं नहीं जा रही हो !” शालिनी की कठोर आवाज़ सुन कर सुनेत्रा दंग थी ! आज तक मम्मी ने उसके साथ इस टोन में बात नहीं की थी ! 

“क्या हुआ मम्मी ? आपकी तबीयत तो ठीक है ? आज के प्रोग्राम के बारे में मैंने आपको तीन चार दिन पहले ही बता दिया था ! उसके बाद ही सबसे हाँ कहा था ! अब क्या हो गया ? जल्दी आने की कोशिश करूँगी ! एन वक्त पर नहीं जाउँगी तो सबका मूड खराब होगा ! कुछ हुआ है क्या ?“ 

सुनेत्रा की नज़रें मम्मी की नज़रों का अनुसरण करते हुए टी वी समाचारों पर टिक गईं ! सिया केतन की कहानी को विस्तार के साथ वहाँ दिखाया जा रहा था ! शालिनी ने काँपते हाथों से सुनेत्रा के हाथों को थाम लिया ! सुनेत्रा ने आगे बढ़ कर टी वी बंद कर दिया ! 

“क्या मम्मी ! आप भी बस जाने क्या-क्या सोचती रहती हो ! अच्छा यह बताओ आपको मेरे चरित्र और संस्कारों पर संदेह है या अपनी परवरिश और सीख पर ? क्या सच में आपको इतना डरने की ज़रुरत है ?” सुनेत्रा मम्मी की पीठ को हौले-हौले सहला रही थी और शालिनी का उद्विग्न मन धीरे-धीरे शांत होता जा रहा था ! उसने प्यार से सुनेत्रा के माथे को चूम लिया, “अब जा जल्दी से नहीं तो फिल्म छूट जाएगी !” और सुनेत्रा लम्बे-लम्बे डग भरते हुए कमरे से बाहर निकल गई ! 


साधना वैद  

चित्र - गूगल से साभार 


Wednesday, July 8, 2026

बंद हैं दरवाज़े

 




चित्र - गूगल से साभार 


साधना वैद        

Thursday, July 2, 2026

फ़िल्में और हमारा बचपन

 





हम लोग जब छोटे थे तो मनोरंजन के बहुत ही सीमित साधन हुआ करते थे ! या तो घर में लूडो, साँप सीढ़ी, गुट्टे, अष्टा चंगा खेल लो या शाम के समय बाहर सखियों सहेलियों के साथ घोड़ा है जमालशाही, खो खो, बोल मेरी मछली कितना पानी और छुपम  छुपाई खेल लो ! सिनेमा जाने का कार्यक्रम तभी बन पाता था जब घर के बड़ों को भी जाने का अवकाश मिले या उनके मतानुसार देखने लायक फिल्म हो ! बच्चों के अकेले जाने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता था ! उस ज़माने में ब्लैक एंड व्हाईट फ़िल्में बना करती थीं और उनके कथानक भी बहुत ही सुन्दर और उद्देश्यपूर्ण होते थे ! उस ज़माने की फ़िल्में पारिवारिक,  ऐतिहासिक, सामाजिक, या बालोपयोगी हुआ करती थीं ! उस वक्त के प्रसिद्ध साहित्यिक  उपन्यासों पर भी बहुत ही शानदार फ़िल्में बनीं ! 

देवदास, आनंद मठ, परिणीता, दो बीघा ज़मीन, मंझली दीदी, छोटी बहू, गबन, गोदान आदि अनेकों कालजयी फ़िल्में हैं जो प्रेमचंद, रवीन्द्रनाथ ठाकुर, शरदचंद्र आदि उपन्यासकारों के उपन्यासों पर बनीं और जिन्होंने न केवल हमारी उत्कृष्ट साहित्य के प्रति रूचि को जगाया वरन हमारी सोच, हमारी भावनाओं और हमारे परिवार के प्रति दायित्व बोध को भी परिमार्जित किया ! 

भाभी, लाजवंती, तूफ़ान और दिया, हीरा मोती, मदर इंडिया, कठपुतली, घर घर की कहानी ऐसी अनेकों पारिवारिक फ़िल्में थीं जिन्होंने नारी उत्पीडन के उन्मूलन में यथेष्ट योगदान दिया और नारी सशक्तिकरण की मशाल को जला कर नारी को  अपने अधिकारों और अस्मिता की रक्षा के लिए जागरूक किया ! 

हम पंछी एक डाल के, जागृति, मासूम, आगरा रोड, प्यार की प्यास, ज़मीन के तारे, भाई बहन जैसी बच्चों की फ़िल्में अलग से बना करती थीं जिनमें बच्चों के लिए सुन्दर सन्देश होते थे ! फ़िल्में न केवल मनोरंजन करती थीं वरन हमारे चरित्र निर्माण में भी प्रमुख भूमिका निभाती थीं और हमें एक स्वस्थ समाजोपयोगी व्यक्ति के रूप में विकसित होने में हमारी सहायता करती थीं ! अगर कोई देश प्रेम की थीम वाली या बच्चों के लिए स्वस्थ मनोरंजन देने वाली फ़िल्में आती थीं तो अक्सर हमें स्कूल से हमारी टीचर्स वे फ़िल्में दिखाने के लिए ले जाती थीं ! हमने के फ़िल्में स्कूल के  सहपाठियों के साथ देखी हैं ! जागृति, भाई बहन, पुरानी वाली मासूम, जमीन के तारे आदि ! आज भी बचपन में देखी हुई अनेकों फ़िल्में ज्यों की त्यों स्मृति में सुरक्षित हैं ! आजकल के तो टी वी धारावाहिक ही कभी कभी इतने घटिया हो जाते हैं कि परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठे हों तो बड़ी ऑकवर्ड सिचुएशन हो जाती है ! लेकिन पहले की फिल्मों में न संवाद घटिया होते थे, न पोशाकें घटिया होती थीं न ही दृश्यांकन घटिया होता था ! पूरा परिवार साथ में फिल्म का आनंद लेता था ! अब न तो इतनी अच्छी फ़िल्में बनती हैं न बच्चों में वैसी मासूमियत रह गयी है ! आजकल की फिल्मों में इतनी हिंसा दिखाई जाती है कि वह बच्चों के कोमल मन पर बहुत अधिक दुष्प्रभाव डालती है ! अवास्तविक दृश्यांकन होते हैं ऐसे दृश्यों के और बच्चे इनकी नक़ल करते हुए कई बार अपनी जान खतरे में डाल देते हैं ! हम लोगों ने अपना बचपन  जितना सुरक्षित और खूबसूरत बिताया है आजकल के बच्चे उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते ! वे अति काल्पनिक वीडियो गेम्स में व्यस्त रहते हैं और एकान्तप्रिय होते जा रहे हैं !  


चित्र - गूगल से साभार 

साधना वैद