Followers

Sunday, February 10, 2013

वसंतागमन











हर वसंत पर जब
नवयौवना धरा 
इठला कर
कोमल दूर्वादल से
अपने अंग-अंग में
पीली सरसों का उबटन लगा 
अपनी धानी चूनर को
हवा में लहराती है
किसी का भी मन
चंचल हो जाता है !
सुबह-सुबह ओस की
नन्हीं-नन्हीं बूंदों से
आच्छादित उसका
सद्यस्नात भीगा बदन
मन को सहसा 
आलोड़ित कर
झकझोर कर जगा देता है
और प्रार्थना के स्वर
स्वत: ही अधरों से
फूट पड़ते हैं !
प्रिय मिलन की आस में
उल्लसित हो 
अधीर धरा ने
नव कुसुमित बेला मोगरा
चम्पा चमेली की
वेणी से अपने केशों को 
सजा लिया है !  
माँग में हरसिंगार का टीका
गूँथ कर पहन लिया है !
अपने सुन्दर सुडौल तन पर
तरह-तरह के रंग बिरंगे
सुरभित सुमनों के
मनमोहक गहनों को  
बड़ी कलात्मकता से
सजा लिया है !
ठीक वैसे ही जैसे
दुष्यंत के आगमन की सूचना पा
शकुन्तला स्वयं को
सजा लिया करती थी !
हथेलियों में मेंहदी के
सुन्दर बूटे रचा लिये हैं
तो पैरों में भी  
चाँदनी के फूलों की पाजेब
छनछना रही है !  
सुर्ख गुड़हल के अर्क का
आलता पाँवों की शोभा को
द्विगुणित कर रहा है !
धरा वधू की यह साज सज्जा  
संध्या की बेला में आने वाले
अपने परदेसी प्रियतम के
स्वागत के लिये है !
सुदूर गगन में
सारे संसार की सैर कर
थके हारे भुवन भास्कर
जब अपनी प्रियतमा से मिलने
आकाश की ऊँचाइयों से
क्षितिज की सीमा रेखा पर
उतर कर नीचे आते हैं
उनकी अभ्यर्थना के लिये 
सारे पलाश और गुलमोहर
हज़ारों दीप प्रज्ज्वलित कर
आरती का थाल हाथों में लिये
मंथर गति से झूमने लगते हैं ! 
और प्रियतम के गले में
वरमाल डालने को उत्सुक
धरा वधू के
सलज्ज मुख को                        
एक सिंदूरी आभा
रक्ताभ कर जाती है ! 
दूर व्योम के पार अब
अनुरक्त दिवाकर अपनी
प्रियतमा को बाहुपाश में
बाँधने के लिये
धरा की सतह तक
उतर आये हैं !
मधुमास की इस ऋतु में
मदन के बाणों से घायल हो  
प्रकृति भी पूरी तरह से
वासंती रंग में
रंग गयी है और
उसका यह अभिसार
हज़ारों प्रणयी हृदयों के
तारों को छेड़ कर
तरंगित कर जाता है !  

साधना वैद

Friday, February 8, 2013

मेरा प्यार



सदियों से
अपने प्यार के
नन्हे से छौने को
विछोह के बिछौने पर
विरह की लय में स्वरबद्ध
वेदना भरी लोरियाँ गाकर
मैं आज तक
सुलाती आई हूँ !
कितना सयाना
हो गया है मेरा प्यार,
बिलकुल शांत, चुपचाप,
संयत हो
इसी तरह वह भी
सदियों से
विस्फारित नयनों से
टुकुर-टुकुर मेरा मुख
निहारता रहता है,
मेरे अवरुद्ध गले से निकली
लोरी की धुन पर
हुलस कर 
साथ कुछ गाने की 
कोशिश भी
करता है !
भावातिरेक में बह आये
मेरे आँसुओं को
अपनी नन्ही हथेली से
पोंछने का उपक्रम भी
करता है !
और फिर धीरे-धीरे
आश्वस्त हो
मेरे सीने से लिपट
गहरी मीठी नींद में
सो जाता है !
मुझे कितना अभिमान है
अपने इस प्यार पर !
मैंने देखा है
औरों के प्यार को
कितने जिद्दी और 
हठीले होते हैं !
हर वक्त कुछ न कुछ
माँगते ही रहते हैं !
ना मिले तो
उपद्रव मचा देते हैं,
लड़ते हैं ,
झगड़ते हैं ,
आक्रामक और हिंसक
भी हो जाते हैं !
और कभी-कभी तो
क्रुद्ध होकर
अपने वर्षों पुराने
प्यार से
नाता भी तोड़ लेते हैं !
लेकिन मेरा प्यार !
मेरा प्यार
कितना प्यारा
और भोला है,
कितना निश्छल
और निष्पाप है
कितना पावन
और अनुपम है !
अपने उर अंतर की
सारी संवेदनाओं को
समेट कर मैंने
उसका निर्माण किया है !
मेरा प्यार संसार में
सबसे अनोखा और
अप्रतिम है !
इसलिए भी
क्योंकि यह आदि काल से
एक दिव्य शिशु
के रूप में मुझे
उस परम पिता से
वरदान में मिला है
और अनादिकाल तक
यह इसी रूप में
मेरे ह्रदय पर
राज्य करेगा !
क्योंकि यह मेरा प्यार है !  


साधना वैद