Followers

Monday, October 7, 2019

ताशकंद यात्रा - २




दूसरा दिन – २५ अगस्त, २०१९

अनिर्वचनीय उल्लास, उत्साह और ऊर्जा लेकर २५ अगस्त का सूर्योदय ताशकंद में हो चुका था ! रात की रौनक और तिलस्म दिन के प्रकाश में छूमंतर हो चुका था और एक सजग, सतर्क, तरोताज़ा शहर अंगड़ाई लेकर उठ गया था ! सुबह नौ बजे से साहित्यिक सम्मलेन की गतिविधियाँ आरम्भ होने वाली थीं ! उससे पहले तैयार होना था नीचे डाइनिंग हॉल में नाश्ते के लिए जाना था और कार्यक्रम से सम्बंधित आवश्यक सामग्री को भी एक स्थान पर संजो कर रखना था ! उस दिन तो जल्दबाजी में चाय भी नहीं बनाई ! फ़िक्र थी कहीं देर ना हो जाए ! बस जल्दी से नहा धोकर नीचे पहुँच गए ! देखा हमारे सिवा वहाँ कोई नहीं था ! होटल से बाहर निकल कर आस पास का नज़ारा लिया ! प्रवेश द्वार के सामने ही बेहद खूबसूरत फव्वारे चल रहे थे जिनकी बूँदों की शीतल फुहार बड़ी सुहानी लग रही थी ! बाहर कुछ तस्वीरें खींचीं !  
होटल ग्रैंड प्लाज़ा जितना बाहर से शानदार है उतना ही खूबसूरत वह अन्दर से भी है ! उसकी साज सज्जा देखते ही बनती है ! हार्दिक प्रसन्नता हुई यह देख कर कि होटल ग्रैंड प्लाज़ा के दूसरे फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट का नाम हमारे देश के प्रसिद्ध अभिनेता राजकपूर के नाम पर रखा गया है और यहाँ का भारतीय भोजन अत्यंत स्वादिष्ट माना जाता है ! यह राजकपूर का पसंदीदा होटल था और वे जब भी ताशकंद जाते थे तो इसी होटल में रुकते थे ! वहाँ उनकी स्मृति में एक  पियानो भी रखा हुआ है जिसे बजाते हुए ग्रुप के लगभग हर सदस्य ने अपनी फोटो खिंचवाई ! उस प्यानो के ऊपर अनाड़ी वादकों को बरजते हुए बड़ा मजेदार सा एक पोस्टर भी रखा हुआ है ! छत से कीमती फानूस लटक रहे हैं और दीवारों पर बेहद सुंदर पेंटिंग्स लगी हुई हैं ! होटल के अन्दर का भाग पूरा पक्का बना हुआ है लेकिन डाइनिंग हॉल के पास के एरिया में ग्रेनाईट के चिकने फर्श पर इतनी हरियाली है कि लगता है किसी बहुत ही सुन्दर बगीचे में बैठे हुए हैं ! बड़े बड़े गमलों में तरह तरह के इनडोर प्लांट्स लगे हुए हैं जिनकी खूबसूरती देखते ही बनती है  ! कई प्लांट्स के तनों को बड़ी कारीगरी से गूँथ कर बहुत सुन्दर एवं कलात्मक आकार दिया गया है !
ग्रुप के सदस्यों का नीचे आना शुरू हो गया था ! हमने भी नाश्ते के लिए डाइनिंग हॉल में प्रवेश किया ! विविध तरह की भारतीय और कॉन्टिनेंटल डिशेज़ नाश्ते के लिये उपलब्ध थीं ! अनेक तरह की पेस्ट्रीज़, केक्स, कुकीज़, बेकरी आइटम्स, मिल्क सीरल्स, जूस, चाय, कॉफ़ी, फ्रूट्स, सलाद, भारतीय नाश्ते, डेज़र्ट्स, ड्राई फ्रूट्स सब करीने से सजे हुए थे ! जो चाहे आप खाइये और विदेशी धरती पर भारतीय स्वाद को सराहिये ! बस एक ही कमी थी कि वहाँ हिन्दुस्तानी पूरियाँ, पराँठे या पतली रोटियाँ नहीं होती थीं ! उसके स्थान पर वहाँ के लोकप्रिय मोटे मोटे रोट ही सर्व किये जाते थे जिन्हें नॉन कहते हैं ! भारत में प्रचलित नान से मिलता जुलता नाम ज़रूर है लेकिन साइज़, स्वाद और देखने में बिलकुल अलग ! उन पर बड़े खूबसूरत डिज़ाइंस बने हुए थे और वे बिलकुल सुर्ख सिके हुए थे ! खाने में ज़रूर कुछ दिक्कत सी लगी लेकिन देखने ये बहुत ही आकर्षक थे ! ताशकंद के फ्रूट्स का तो कोई जवाब ही नहीं ! तरबूज हमारे देश में भी बहुत स्वादिष्ट मिलता है और आगरा का तरबूज तो वैसे भी बहुत प्रसिद्ध है ! लेकिन इतना मीठा और इतना रसीला तरबूज मैंने इससे पहले कभी नहीं खाया ! सलाद इतना महीन कटा हुआ कि खाने से पहले तो नज़र भर उसे देखते रहने का मन होता था ! वहाँ एक विशिष्ट तरह का खीरा देखा ! अंगूठे की मोटाई का, गहरे हरे रंग का यह खीरा मुश्किल से तीन चार इंच लंबा था लेकिन स्वाद इतना लाजवाब कि क्या बताएँ ! इन्हें छीलने की भी ज़रुरत नहीं ! ऐसे ही खाए जाते हैं ! डेज़र्ट सभी कम चिकनाई के, कम मीठे, पूरी तरह से स्वास्थ्यवर्धक !
नाश्ते के तुरंत बाद नौ बजे से साहित्य सम्मलेन का शुभारम्भ होना था ! सेकंड फ्लोर पर विंटर गार्डन हॉल में पहुँचने का निर्देश मिला था ! हम अपने भारतीय चलन के हिसाब से नीचे की मंज़िल को ग्राउंड फ्लोर मान कर सेकण्ड फ्लोर अर्थात तीसरी मंज़िल पर पहुँच गए ! इसी फ्लोर पर हमारा रूम भी था ! लेकिन कहीं विंटर गार्डन हॉल दिखाई नहीं दिया ! फिर नीचे पहुँचे ! तब यह पता चला की यहाँ ग्राउंड फ्लोर को फर्स्ट फ्लोर कहा जाता है ! विंटर गार्डन हॉल में सम्मलेन की तैयारियाँ बड़े ज़ोर शोर से चल रही थीं ! हमारी टीम लीडर श्रीमती संतोष श्रीवास्तव जी की देख रेख में सारी व्यवस्थाएं शीघ्र ही चुस्त दुरुस्त हो गयीं ! विश्व मैत्री मंच के अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन का बड़ा सा बैनर मंच पर बैकग्राउंड में शोभित हो रहा था ! देश विदेश से आये ३२ मेहमान सभागार में अपना स्थान ग्रहण कर चुके थे ! नौंवे अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन का शुभारम्भ माँ शारदे के फोटो पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ ! तत्पश्चात सुश्री अनीता राज ने सरस्वती वन्दना पर अत्यंत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया ! इस खूबसूरत प्रस्तुति के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा ! इसके बाद पुस्तकों के लोकार्पण का कार्यक्रम संपन्न होना था ! मेरे नवीन कहानी संग्रह, ‘तीन अध्याय’ का विमोचन भी इस कार्यक्रम में होना था ! बहुत प्रसन्नता हो रही थी मुझे !
मुम्बई की लक्ष्मी यादव जी के कहानी संग्रह, ‘रिश्तों की जंजीर’, ज्योति गजभिये जी के कथा संग्रह, ‘बिना मुखौटे के दुनिया’, सविता चड्ढा जी के लेख संग्रह, ‘पाँव ज़मीन पर निगाह आसमान पर, मेरे कहानी संग्रह, ‘तीन अध्याय’, डॉ, यास्मीन मूमल के कविता संग्रह, ‘संवेदना के स्वर’ तथा सुश्री अनीता राज के यात्रा संस्मरण, ‘मेरी यात्रा वृत्तांत’ का लोकार्पण संस्था की अध्यक्ष श्रीमती संतोष श्रीवास्तव, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. विद्या सिंह, मुख्य अतिथि डॉ. स्वामी विजयानंद तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विजयकांत वर्मा एवं डॉ. सुभाष पाण्डेय जी के कर कमलों द्वारा हुआ ! मुम्बई की प्रभा शर्मा सागर जी ने , ‘पानी की कहानी पानी की जुबानी’ की एकल नृत्य नाटिका प्रस्तुत की ! मंच पर कार्यक्रम का संचालन मधु सक्सेना जी कर रही थीं ! जगदलपुर से आईं सुषमा झा जी ने सभी प्रतिभागियों का परिचय दिया और सभीको स्मृति चिन्ह भेंट किये गए !
बीच में चाय कॉफ़ी का ब्रेक भी था ! अल्पाहार के बाद प्रमुख विषय, ‘२१ वीं सदी के काव्य में स्त्री विमर्श’, पर बहुत ही सटीक व सार्थक चिंतन परक आलेख, कवितायें एवं भाषणों का सत्र चला ! सत्र का आरम्भ श्रीमती संतोष श्रीवास्तव के सारगर्भित भाषण से हुआ ! इस सत्र में डॉ. प्रमिला वर्मा, डॉ. विद्या सिंह, डॉ. स्वामी विजयानंद, फ्लोरिडा अमेरिका से आई हुई साहित्यकार आशा फिलिप, उज्बेकिस्तान के लेखक अबरार व थॉमस तथा डॉ. सविता चड्ढा के वक्तव्य एवं डॉ. क्षमा पांडे व डॉ. राकेश सक्सेना जी का काव्य पाठ उल्लेखनीय रहा !
कार्यक्रम विषय परक था तथा सबके वक्तव्य इतने सारगर्भित थे कि लग रहा था सुनते ही जाएँ ! लेकिन घड़ी की सूइयाँ किसीका इंतज़ार नहीं करतीं ! २ बजे तक लंच लेकर हमें ताशकंद के दर्शनीय स्थलों की सैर के लिए निकलना भी था ! समय के पाबन्द हमारे गाइड मोहोम्मद ज़ियाद अपनी बस लेकर आ चुके थे ! इसलिए ना चाहते हुए भी सम्मलेन के तीसरे सत्र को, जिसमें प्रतिभागियों को काव्यपाठ और लघुकथा का वाचन करना था, २८ तारीख तक के लिए स्थगित करना पड़ा ! दोनों सत्रों का संचालन मधु सक्सेना जी व आभा दवे ने किया ! श्रीमती संतोष श्रीवास्तव जी ने आभार प्रदर्शन कर उस दिन के कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की ! मैं भी आज का संस्मरण यहीं समाप्त करती हूँ ! अगली कड़ी में ले चलूँगी आपको ताशकंद के कुछ अत्यन्त खूबसूरत एवं महत्वपूर्ण स्थलों की सैर पर ! तब तक के लिये मुझे भी आज्ञा दें !

साधना वैद
  



Saturday, October 5, 2019

बेपर्दा लड़कियाँ



देखी हैं आज की लड़कियाँ
जिस्म की नुमाइश करतीं
छोटे छोटे तंग वस्त्रों में कसी
आज के ज़माने की
गुमराह लड़कियाँ !
चटर पटर बोलतीं
ज़ोर ज़ोर से कहकहे लगातीं
ये अति आधुनिक तथाकथित
पढ़ी लिखी लड़कियाँ !
जिन्होंने बोल्ड और आधुनिक होने की
शायद यही परिभाषा गढ़ ली है
अपने मन में !
कि सदाचार और शिष्टाचार से
कोसों दूर का नाता हो या ना हो 
फैशन और पाश्चात्य संस्कृति का
अनुकरण तो करना ही होगा
क्योंकि सफलता का तिलस्मी द्वार
यही उन्मुक्ताचार खोलेगा
उनके जीवन में ! 
जिनके लिये स्वच्छंद तरीके से
अपनी शर्तों पर जीना ही
प्रथम ध्येय रह गया हो जीवन में
उन्हें कुछ भी समझाना व्यर्थ है,  
घर वाले मान लें तो ठीक
वरना सही हो या गलत
अपनी राह खुद चुन कर
उसी पर चलने में उनके लिये
जीवन का सच्चा और सही अर्थ है !
दुनिया उल्टी राह पर चल पड़ी है  
आजकल मर्द हो गए हैं पर्दानशीन  
और औरत हो गयी है बेपर्दा,  
आधुनिकता के नाम पर
आज की नारी विचरण करती है
हाई प्रोफाइल पार्टीज़ में
लिए हुए हाथों में बीयर,
वाइन, ड्रग्स और ज़र्दा !
‘कुछ’ हो जाने पर
बड़ी बेरहमी से वो
मर्दों को कोसती है
और शिक्षिता और ज्ञानी
होने के नाम पर वो
गलत तरीकों, गलत नीतियों
और गलत परम्पराओं को
अपने दिल दिमाग में
बड़ी शिद्दत से पालती पोसती है !  
कोई बतायेगा किस पार्टी में,
किस समारोह में,
किस शादी विवाह में
किस उत्सव में आपने  
आधे अधूरे कपड़े पहने
मर्दों को देखा है ?
लेकिन हर ऐसी
भीड़ वाली जगहों पर
निन्यानवे प्रतिशत महिलाओं को
स्लीवलेस, लो नेक, बैकलेस
मिनी वस्त्रों में शायद
हम सभी ने देखा है !
रम्भा, उर्वशी, मेनका को मात देती
एक से बढ़ कर एक
भड़काऊ वेशभूषा में ये नारियाँ
मर्दों की भीड़ में 
विचरण करती 
दिखाई दे जाती हैं
उन्हें देख कर देवलोक की
अप्सरायें भी शायद
स्वर्ग में लजाती हैं !
सखियों रूढ़िवादिता के नाम पर
बिलकुल भी पर्दा ना करें,
थोडा सा भी घूँघट ना निकालें
लेकिन सभ्यता के लिये,
अपनी सुरक्षा के लिये,
अपनी मर्यादा की रक्षा के लिये
इतना पर्दा ज़रूर करें कि
अपने जिस्म की नुमाइश ना करें
स्वयं को उपभोग की वस्तु
बना कर प्रस्तुत ना करें  
स्वयं को आदरणीय बनायें
पूजनीय बनायें
आने वाली पीढ़ी के लिए
आदर्श बनायें  !




साधना वैद





Wednesday, October 2, 2019

ताशकंद यात्रा



पहला दिन – २४ अगस्त, २०१९
एक छोटी सी लेकिन बड़ी सुखद, ऊर्जावान, और ताज़गी भरी उज्बेकिस्तान की यात्रा से लौटी हूँ ! कितने अर्थों में यह यात्रा मुझे समृद्ध कर गयी एकदम से बता पाना मुश्किल है लेकिन इतना बता सकती हूँ कि इस यात्रा का हर पल हर लम्हा मैंने शिद्दत से जिया है, और हर पल नए अनुभव, नये एह्सास और नई दृष्टि से खुद को निखारा है ! हर दिन स्वयं को अपने ज्ञान और अनुभव के छोटे से दायरे से बाहर निकाल दुनिया के वृहद्, व्यापक, और विशाल स्वरुप को निहार उसे सराहने का सलीका सिखाया है और नए देश, नए स्थान, नयी संस्कृति, नए लोग, नयी भाषा, नए परिवेश में स्वयं को तदाकार कर उनके साथ हर पल को भरपूर जी लेने के आनंद को जीना सिखाया है !
अवसर था विश्व मैत्री मंच के अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सम्मलेन का और मेरा सौभाग्य था कि मुझे इस सम्मलेन में भाग लेने का मौक़ा मिला ! मेरे सद्य प्रकाशित कहानी संग्रह ‘तीन अध्याय’ का विमोचन भी इसी कार्यक्रम के तहत ताशकंद में होना निश्चित हुआ ! मेरे लिये उल्लसित होने का एक कारण यह भी था ! २९ साहित्यकारों का ग्रुप इस सम्मलेन में भाग लेने के लिये जा रहा था ! ताशकंद जाने की तारीख २४ अगस्त तय हुई और ग्रुप के सभी सम्मानित सदस्यों से मेरी पहली मुलाक़ात दिल्ली के इंदिरा गाँधी अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ही हुई ! उजबेक एयरलाइंस से हमारी फ्लाईट बुक थी ! २४ तारीख की शाम पाँच बज कर २० मिनिट पर हवाई जहाज ने ताशकंद के लिये उड़ान भरी ! यात्रा बहुत लंबी और थकान भरी नहीं थी ! मन में उत्साह भरा था और एक नया देश नया शहर देखने की उत्सुकता थी ! हमारी मंज़िल पास आती जा रही थी ! रोशनी में नहाये ताशकंद की बेमिसाल संरचना और खूबसूरती जहाज की खिड़की से ही मन को लुभा रही थी ! रात के ठीक आठ बजे हमारा जहाज ताशकंद एयरपोर्ट पर उतरा और ताशकंद की भूमि पर हमने अपना पहला कदम रखा ! कन्वेयर बेल्ट से अपना सामान एकत्रित करते और कस्टम्स इत्यादि की सारी औपचारिकताएं पूरी करते लगभग नौ बज चुके थे ! उसके बाद ही हम बाहर निकल सके !
एयरपोर्ट के बाहर एक बेहद खूबसूरत नौजवान हमारी ग्रुप लीडर, विश्व मैत्री मंच की अध्यक्षा, श्रीमती संतोष श्रीवास्तव जी के नाम का प्लेकार्ड लिये खड़ा हुआ था ! यह हमारा टूर गाइड था मोहोम्मद ज़ियाद ! हिन्दी बोलने में माहिर, बेहद विनम्र, बेहद खुश मिजाज़ और हँसमुख ! एक खूबसूरत बस में बैठ कर हम अपने होटल ग्रांड प्लाजा के लिये चल पड़े ! रात्रि भोजन का समय हो गया था तो यह सुनिश्चित किया गया कि भोजन करने के बाद ही होटल जायेंगे ताकि सब समय से विश्राम कर सकें और सुबह के सम्मलेन के लिये बिल्कुल तारो ताज़ा उठ सकें ! हवाई यात्रा आरामदेह थी और ताशकंद की रौनक मन को लुभा रही थी तो सभीने इस प्रस्ताव का स्वागत किया और रास्ते में होने वाली तरह तरह की गतिविधियों का आनंद उठाते हुए हम लोग होटल आगत की ओर पैदल बढ़ चले जहाँ हमारे रात्रि भोज की व्यवस्था थी !
ताशकंद के रंगारंग जीवन को देखने का पहला अवसर था ! सड़कें बड़ी ही खूबसूरती से सजी हुई थीं ! ऐसा लग रहा था जैसे कोई उत्सव मनाया जा रहा हो ! सड़कों पर कई जगह परफॉर्मिंग आर्टिस्ट्स अपना हुनर दिखाने में मशगूल थे ! कहीं कोई संगीतकार बड़ी तल्लीनता से कोई वाद्य बजा रहा था तो कहीं कोई चित्रकार फरमाइश पर लोगों के पोर्ट्रेट बना रहा था ! खूबसूरत रंग बिरंगे गुब्बारों की छटा बिखेरते गुब्बारे वाले बच्चों को लुभा रहे थे तो कहीं तरह तरह की राइड्स का मज़ा लेते हुए बच्चे अपने अपने वाहनों को सड़क पर सरपट दौड़ा रहे थे !
सबसे अधिक जिस बात ने प्रभावित किया वह था ताशकंद के लोगों का हमारे ग्रुप के लोगों के साथ दोस्ताना व्यवहार ! हम भारत से आये हैं इसका अनुमान उन्हें हम लोगों की वेशभूषा से लग चुका था ! सब देखते ही मुस्कुरा कर हमसे ‘नमस्ते’ बोल कर अभिवादन करते थे ! हम लोगों के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे और राज कपूर, शाहरुख खान, आमिर खान और अमिताभ बच्चन के नाम बोल कर हिंदुस्तानियों के प्रति अपने लगाव और आत्मीयता का प्रदर्शन कर रहे थे ! उनके इस व्यवहार से सच में मैं अभिभूत थी !
ताशकंद की रौनक का मज़ा लेते हुए हम आगत फैमिली रेस्टोरेंट पहुँच गए थे ! यहीं पर हम लोगों के लिये डिनर का प्रबंध था ! तरह तरह के स्वादिष्ट पेय और व्यंजन भोजन में शामिल थे ! उज्बेकिस्तान की खूबसूरत नर्तकियाँ अपनी परियों सी खूबसूरत पोशाकों में फ्लोर पर डांस कर रही थीं ! ग्रुप की कुछ नौजवान उत्साही सदस्याओं ने भी फ्लोर पर कुछ देर उनका साथ दिया ! भारतीय मेहमानों को देख कर हिन्दी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों पर उन नर्तकियों ने खूब जम कर नृत्य किया ! सबका खूब मनोरंजन हुआ !
भोजन के बाद हम लोग रात को लगभग ११ बजे अपने होटल ग्रांड प्लाजा पहुँचे ! सबको कमरे अलॉट होने में और अपने अपने मोबाइल को होटल के वाई फाई से कनेक्ट करने में कुछ समय लगा ! एक मज़ेदार बात जो वहाँ नोटिस की वह यह थी कि ग्राउण्ड फ्लोर को वहाँ फर्स्ट फ्लोर कहते हैं ! हमारे यहाँ पहली मंजिल को फर्स्ट फ्लोर कहते हैं लेकिन ताशकंद में उसे सेकण्ड फ्लोर कहा जाता है ! हमारा कमरा तीसरी मंज़िल पर था ! बहुत आरामदेह और खूबसूरत सज्जा थी कमरे की ! सारी सुविधाएँ थीं बस कमरे में सीलिंग फैन्स नहीं थे ! अगली सुबह की प्रतीक्षा में जल्दी ही हम नींद के आगोश में चले गए !
तो यह था पहले दिन का वृत्तांत ! आपको तो अभी ताशकंद के बहुत से दर्शनीय स्थल दिखाना बाकी हैं ! दूसरे दिन का वृत्तांत अगली किश्त में ! तब तक के लिये आज्ञा दें !
साधना वैद





Tuesday, October 1, 2019

अब तो मुझे सोने दो




दीवार पर टंगी

बापू की तस्वीर उदास है
स्वर रुंधे हैं, आँखें बे आस हैं
कल जन्मदिन जो आ रहा है
लोगों की बनावटी, झूठी, असहनीय,
खोखली बातों को सुनने का, झेलने का
झेल कर असहज होने का
वही मनहूस दिन कल
फिर से जो आ रहा है !
बापू के मन में
विचारों का तूफ़ान
तेज़ रफ़्तार से चलता रहा
लुटा दिया सर्वस्व जिन पर
ताउम्र उन्हीं की आँखों में
मैं किरकिरी की तरह
खटकता रहा !
सारे सुख, सारे वैभव त्याग
एक धोती में मैंने अपना
सारा जीवन काट दिया
लेकिन उनके ऐशो आराम में
कहीं मैं रुकावट न बन जाउँ
इस डर से मेरे साथियों ने मुझसे ही
अपना रास्ता काट लिया !
मेरी बातों से, मेरी नीतियों से
विदेशी हुक्मरानों की सोच बदली
देश की सूरते हाल बदली
और देश आज़ाद हुआ
लेकिन मेरी हर सोच, हर बात,
हर सलाह मेरे ही देशवासियों को
नागवार गुज़री और कुछ
असामाजिक तत्वों के बरगलाने से
देश साम्प्रदायिक ताकतों का
गुलाम हुआ !
मेरी सलाह, मेरे मशवरे,
मेरे भाषण, मेरे तस्किरे,
मेरे व्रत, मेरे उपवास
किसी काम न आये,
देश में दंगे हुए, फूट पड़ गयी
बँटवारा हो गया
जनता गाजर मूली की तरह
कटती रही उसे बचाने
ना तो रहीम आये और
ना ही राम आये !
सारी हिंसा का ठीकरा
मेरे सिर फोड़ दिया गया
और मेरी सारी सद्भावनाओं
सारी हित चिंताओं को
परे सरका मुझे गोलियों से
भून दिया गया !
मुझे यूँ नींद में सुलाने के बाद
अब किसलिए यह
ढोंग और दिखावा,
सहा नहीं जाता मुझसे
अपनों के ही हाथों मिला
यह विश्वासघात और छलावा !
बंद करो श्रद्धा और भक्ति का
यह झूठा अभिनय,
यह देशप्रेम और नैतिकता की बातें
जो हो रहा है वह होने दो,
मत डालो मेरी अंतरात्मा पर
राष्ट्रपिता होने के दायित्व का
और गुरुतर बोझ
मैं थक गया हूँ बहुत
अब तो मुझे चैन से सोने दो !

साधना वैद

Monday, September 30, 2019

पुष्पगुच्छ रजनीगन्धा का



हसरत ही रही
मैं पुष्पगुच्छ बन रजनीगन्धा का
तुम्हें भेंट किया जाता !
तुम अतुलनीय प्यार से
मुझे अपने हाथों में थाम
माथे से लगातीं
सराहना भरी दृष्टि से
निर्निमेष मुझे देर तक निहारतीं
फिर नयन मूँद
चाँदनी से शुभ्र श्वेत मेरे
कोमल पुष्पों को
अपने मृदुल स्पर्श से
हौले हौले सहलातीं !
धीमे से उन्हें ऊपर उठा
गहरी साँस ले उनकी सारी
भीनी भीनी सुगंध को
बड़ी तृप्ति के साथ
आत्मसात करतीं  !
अपने कोमल कपोलों से
उन्हें बड़े प्यार से छुलातीं
और अगाध प्यार से
अपने हृदय से लगा कर
कमरे की खुली खिड़की के पास
जाकर मेरी यादों में खो जातीं !
तुम्हारे नैनों की आर्द्रता
मेरे जीवन की सबसे
अनमोल धरोहर होती !
और उस नमी के सहारे ही
मैं खिला रहता
अनंत काल तक
तुम्हारे सुबहो शाम
तुम्हारे दिन रात
महकाने के लिये
तुम्हारे तृषित अधरों पर
एक मीठी सी मुस्कान
लाने के लिये !
जो होता मैं एक पुष्पगुच्छ
रजनीगन्धा का !

साधना वैद



Tuesday, September 24, 2019

अनसुने गीत



तुम सुनो ना सुनो
सुबह की प्रभाती
दिन का ऊर्जा गान
साँझ का सांध्य गीत
रात्रि की लोरी
हमें तो रोज़ ही गाना है
यह स्वर साधना हमारी
दिनचर्या का
अनिवार्य अंग है !
हम नित्य इन सुरों को
साधते हैं और तुम
नित्य अनसुना कर देते हो
या इन्हें सुन कर भी
इनका कोई असर नहीं लेते !
नित्य गीत गाना
हमारी आदत है और
नित्य इन्हें अनसुना कर देना
तुम्हारी फितरत है !
तुम्हीं कहो ग़लत कौन है
तुम या हम ?
कि हमारे इतने मीठे
इतने सुरीले
इतने मधुर गीत
यूँ ही अनसुने
हवाओं में बिखर कर
व्यर्थ हो जाते हैं और
कितने ही कातर प्राण
स्पंदित होने से
वंचित रह जाते हैं?


साधना वैद


Friday, September 20, 2019

जश्न


पलक के निमिष मात्र से
क्षितिज में उठने वाले
प्रलयंकारी तूफान को तो
शांत होना ही था ,
तुम्हें बीहड़ जंगल में
अपनी राह जो तलाशनी थी !
गर्जन तर्जन के साथ
होने वाली घनघोर वृष्टि को भी
तर्जनी के एक इशारे पर
थमना ही था ,
तुम्हें चलने के लिये पैरों के नीचे
सूखी ज़मीन की ज़रूरत जो थी !
सागर में उठने वाली सुनामी की
उत्ताल तरंगों को तो
अनुशासित होना ही था ,
तुम्हारी नौका को तट तक
जो पहुँचना था !
ऊँचे गगन में
अपने शीर्ष को गर्व से ताने
सितारों की हीरक माला
गले में डाले उस पर्वत शिखर को भी
सविनय अपना सिर झुकाना ही था
कीर्ति सुन्दरी को उसका यह हार
तुम्हारे गले में जो पहनाना था !
राह की बाधाओं को तो
हर हाल में मिटना ही था
तुम्हें मंजिल तक जो पहुँचना था !
सांध्य बाला को भी अपने वाद्य के
सारे तारों को झंकृत करना ही था ,
उसे तुम्हारे सजदे में
सबसे सुन्दर, सबसे मधुर,
सबसे सरस और सबसे अनूठे राग में
एक अनुपम गीत जो सुनाना है
तुम्हारी जीत के उपलक्ष्य में !
जीत का यह जश्न तुम्हें
मुबारक हो !


साधना वैद