Followers

Sunday, April 16, 2017

द्रौपदी का दर्द


कब तक तुम उसे 
इसी तरह छलते रहोगे !
कभी प्यार जता के, 
कभी अधिकार जता के,
कभी कातर होकर याचना करके,
तो कभी बाहुबल से 
अपना शौर्य और पराक्रम दिखा के,
कभी छल बल कौशल से 
उसके भोलेपन का फ़ायदा उठाके,
तो कभी सामाजिक मर्यादाओं की 
दुहाई देकर उसकी कोमलतम 
भावनाओं का सौदा करके ?
हे धर्मराज युधिष्ठिर
भरी सभा में धन संपत्ति की तरह 
अपनी पत्नी द्रौपदी को 
चौसर की बाजी में हार कर 
और दुशासन के हाथों
उसके चीरहरण का लज्जाजनक दृश्य देख
तुम्हें अपने पौरुष पर 
बड़ा अभिमान हुआ होगा ना ?
छि:, लानत है तुम पर
पाँच-पाँच पति मिल कर भी
एक पत्नी के सतीत्व की 
रक्षा न कर सके !
क्यों युधिष्ठिर
शर्म तो नहीं आई थी न तुम्हें ?
पत्नी की लाज हरी गयी तो क्या हुआ
तुम तो आज भी 
‘धर्मराज’ ही कहलाते हो
क्या यही था तुम्हारा ‘धर्म’ ? 
भरी सभा में अपमानित होती 
द्रौपदी के नेत्रों से बरसती अश्रुधार 
और तानों, उलाहनों उपालम्भों के 
अग्नेयास्त्र भी क्यों तुम्हारे 
मृतप्राय आत्माभिमान को 
जगा नहीं सके ? 
बोलो युधिष्ठिर 
है कोई उत्तर तुम्हारे पास ?
आखिर कब तक तुम नारी के कंधे पर
बन्दूक रख कर अपने निशाने लगाते रहोगे ?
अब तो बस करो !
कब तलक ‘देवी’ बनाओगे उसे
'मानवी' भी ना समझ पाये जिसे !

साधना वैद
 

Tuesday, April 11, 2017

तू और तेरा ख़याल




सुनाये सिर्फ मोहब्बत के गीत दुनिया को
हम अपने सीने में ऐसा सितार रखते हैं !

तुम्हारा प्यार न ले जाए कहीं जान मेरी
तुम्हीं से मिलने का बस इंतज़ार रखते हैं !

गए परदेस तो फिर लौट कर भी आओगे  
तुम्हारे वादे पे हम एतबार रखते हैं !

बचा सकेंगे तुझे ज़ुल्मते ज़माने से
वफ़ा में अपनी हम इतना मयार रखते हैं ! 

जो ख़त लिखे थे कभी तूने नागवारी में

उनके अल्फ़ाज़ हमें बेक़रार रखते हैं !


भले ही फूल खिले हों तमाम गुलशन में
हम अपने हिस्से में तो सिर्फ खार रखते हैं !

न छू सकेंगी तुझे तोहमतें जहां भर की
तेरे रसूख से इतना तो प्यार रखते हैं !

न तुम बुलाओगे न खुद ही चल के आओगे
खयालो ख़्वाब का हम इंतज़ार रखते हैं !

न कर सकेगा ज़माना कभी हमें रुसवा
जुबां में अपनी हम इतनी तो धार रखते हैं !

जहान भर की नेमतें नसीब हों तुझको
दुआ मनाने का तो अख्तियार रखते हैं !

हमें यकीन है मैयत में आ ही जाओगे
तुम्हारे कौल का हम एतबार करते हैं !

जनाज़ा उठने से पहले चले ही आओगे
तेरे कदमों पे जाँ अपनी निसार करते हैं !

साधना वैद




Thursday, April 6, 2017

बोझ





“ देख कितने अच्छे लग रहे हैं दोनों ! स्कूल जा रहे हैं पढ़ने को !”
कूड़े में से बेचने लायक काम का सामान बीन कर इकट्ठा करना निमली और उसके छोटे भाई सुजान का रोज़ का काम है ! इसे बेच कर जो थोड़े बहुत पैसे घर में आ जाते हैं उनसे माँ कभी-कभी उन्हें मीठी गोली भी दिला देती है ! गोली के लालच में इस वक्त वही बटोरने के लिए बड़े-बड़े बोरे कंधे पर लटकाए दोनों डम्पिंग ग्राउंड की ओर जा रहे थे ! हठात् सामने से आते स्कूल जाने वाले सौरभ और कनिका पर नज़र पड़ी तो निमली के मन के उद्गार फूट पड़े !
उनकी चमचमाती ड्रेस और जूते देख सुजान की आँखों में भी हसरत भरी प्रशंसा के भाव थे ! फिर भी वह बोला -
“हाँ री निमली, देख ना उनकी पीठ पर भी बोझा है ! कैसे हैरान परेशान से दिखते हैं दोनों !”
“चल पागल, उनकी पीठ पर जो बोझा है वह है किताबों का और हमारी पीठ पर जो बोझा है वो है कूड़ कबाड़ का !”
दोनों की आँखों में पल भर को उदासी तैर गयी !
अचानक सुजान के मन में बिजली सी कौंध गयी ! वह चहक कर बोला,
“निमली, कितना अच्छा हो जो हम लोग अपना बोझा इनसे बदल लें ! मैं तो खुशी-खुशी उनका बस्ता उठा लूँगा ! और तू ?”
“चल पूछ कर देखें ! मेरे पास कल वाली गोलियां भी हैं ! वो भी दे देंगे !” सुजान का उत्साह देखते बनता था ! उसकी आँखों में सुन्दर तस्वीरों वाली चिकनी किताबें घूम रही थीं जो एक बार उसे रद्दी के ढेर में मिली थीं और जिन्हें उसने अभी तक अपने पास सम्हाल कर रख लिया है !
निमली उसे रोक पाती उससे पहले ही वह दौड़ कर सौरभ के पास चला गया ! निकर की जेब से मीठी गोलियाँ निकाल उसने सौरभ के आगे अपनी हथेली फैला दी !
“ खाओगे ?”
अपने सामने मैले कुचैले कपड़ों में खड़े सुजान को देख सौरभ चौंक गया !
“नहीं ! हटो सामने से हमें देर हो रही है !” वह झल्ला कर बोला !
“ले लो ना ! हम तुम्हारा भारी बोझा भी अपने हलके बोझे से बदल लेंगे !”
सुजान ने चतुराई से बात आगे बढ़ाई !
“क्या कहा तुमने ? हमारे बोझे से तुम अपना बोझा बदलना चाहते हो ?”
सौरभ के चहरे पर हैरानी झलक रही थी !
“पागल तो नहीं हो तुम ? यह बोझा नहीं है जो हमारी पीठ पर है ! इन किताबों में दुनिया भर की ज्ञान की बातें हैं जिन्हें पढ़ कर इंसान बड़ा आदमी बनता है ! अच्छे अच्छे काम करता है ! डॉक्टर इंजीनियर, वैज्ञानिक, अध्यापक, कलाकार बनता है ! तुमको भी पढ़ना चाहिए ! तुम्हारे पास बोरे में सिर्फ कूड़ा और गन्दगी है ! इसे फेंक दो ! अगर तुम पढ़ना चाहते हो हमारे साथ चलो ! हम अपने टीचर से तुम्हें मिलवा देंगे ! वो ज़रूर तुम्हारा एडमीशन किसी स्कूल में करवा देंगे !”  सौरभ ने उसे समझाने की कोशिश की !
निमली सुजान का हाथ पकड़ उसे दूर खींच ले गयी, “जल्दी चल ! देर हो जायेगी तो माँ मारेगी ! उसे चौका बासन करने जाना है !”
सौरभ की बातें सुजान के मन में हलचल मचा रही थीं ! उसे भी स्कूल जाना है, किताबें पढ़ कर बड़ा आदमी बनना है ! मगर कैसे ? कंधे के बोझ से कहीं अधिक भारी बोझ इस समय उसके मन पर सवार था !

साधना वैद