Followers

Showing posts with label भारत माता. Show all posts
Showing posts with label भारत माता. Show all posts

Friday, March 18, 2016

हाँ ! वो सच्चे वीर थे




हाँ ! वो सच्चे वीर थे
भारत की पावन माटी के
वो रक्षक रणवीर थे !
सबल सशक्त शत्रु के आगे 
झुके नहीं नत मस्तक हो !
कमर तोड़ने को शत्रु की
लड़ते रहे समर्पित हो !
हँसते-हँसते झूल गये वो
फाँसी के फंदे को चूम !
थी उनमें कुछ बात अनोखी  
रहते थे मस्ती में झूम !
सीमित साधन और निर्धनता
कभी न आड़े आ पाई !
बड़े–बड़े उनके करतब से
दुश्मन पर भी बन आई !
जाने कितने फौत हो गये
जालियाँवाला बाग में
जाने कितने लटकाए पेड़ों पर
वन और बाग में !
भगत सिंह, सुख देव, राजगुरु
अशफाकुल्ला और आज़ाद
जान लुटा दी सबने अपनी
करने को भारत आज़ाद !
और न जाने कितने ही
दीवानों का लिखा है नाम
भारत माता की रक्षा में
हँस कर दे दी अपनी जान !
काश आज के भारत वासी
याद रखें उनका बलिदान
जात पात और ऊँच नीच को
भूल करें उनका सम्मान !
चलें दिखाए उनके पथ पर
करें देश पर वो अभिमान
अपने सत्कर्मों से रौशन
करें विश्व में अपना नाम !

साधना वैद  

Friday, August 14, 2015

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा


स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में विशिष्ट प्रस्तुति

मस्ती में झूमे
सातों गगन चूमे
 तिरंगा प्यारा !

मिली आज़ादी
विहँसी माँ भारती
 प्रफुल्ल देश !

झूमे मगन
लहराए तिरंगा
 हर्षित धरा !

जिये आन से
सीमा की सुरक्षा में
मरे शान से !

देश महान
तुझ पर कुर्बान
 है मेरी जान !

बुलंद नारे
गर्वित लाल किला
 जोश में प्रजा !

देश की शान
भारत के गौरव
 वीर जवान !

संकल्प लेंगे
अपने भारत का
 मान रखेंगे !

वीर सैनिक
सीमा के रखवाले
 माँ के दुलारे !

ऋणी रहेगा
तुम्हारी कुर्बानी का
 भारत सारा !

जोड़ा है रिश्ता
तोप बन्दूक संग
किया विवाह
देश की सुरक्षा से
 सीमाएं ससुराल !

निज रक्त से
करते अभिषेक
सजाते भाल
ऐसे वीर सपूत
 डरे जिनसे काल !

कहो शान से
शायर ने भी कहा
दिलो जान से
सारे जहाँ से अच्छा
 हिन्दोस्तान हमारा !

आन रखेंगे
अपने भारत का
मान रखेंगे
सूर्य से भी ऊपर
 तेरा नाम रखेंगे !

सुनो न देव
बार-बार जनमूँ
इसी देश में
और फिर मिलूँ भी
 वतन की माटी में !


साधना वैद

सभी  पाठकों को स्वतन्त्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनायें !