Followers

Showing posts with label Rag pickers. Show all posts
Showing posts with label Rag pickers. Show all posts

Friday, October 5, 2012

टूटे तारे


कूड़े के ढेर के पास
दो नन्हे हाथ  
कचरे से कुछ बीनते हैं !
सहसा एक कर्कश
कड़क आवाज़
उन्हें कँपा देती है !
एक फौलादी हाथ
कस कर कान
उमेठ देता है और
वातावरण में एक
करुण क्रंदन तैर जाता है
मुझे लगता है जैसे
हवाएं फिर गुमसुम
हो गयी हैं ,
बुलबुल, कोयल, मोर, परिंदे
सब खामोश हो गये हैं ,
फूल उदास हैं ,
कलियाँ खिलने के नाम से
भयभीत हैं !
हर पत्ता अंकुरित होने से
    इनकार कर रहा है !   
तितलियाँ सहमी हुई हैं
और भँवरे
फूलों के पास आने से
परहेज़ कर रहे हैं !
लगता है जैसे  
आज क्षितिज पर
सूरज भी निस्तेज
हो गया है !
किसने फिजाओं में
इतनी बेचैनी भर दी है ?
किसने कायनात की
हर मासूम शै को
इस तरह बेरहमी से
रौंद दिया है ?
किसने इनकी
निश्च्छल आँखों से
उजाले छीन उन्हें
आँसुओं से भर दिया है ?
कोई तो इन्हें भी
प्यार से छूकर
एक बार फिर से
इन्हें खिला दे !
कोई तो इनके अधरों पर भी
खोई हुई मुस्कान लौटा दे !
कोई तो इन्हें भी
जीने का हक दिलवा दे !
ये भी वो टूटे तारे हैं
जो हर साध ,
हर कामना ,
हर ख्वाहिश को
पूरा करने की
क्षमता रखते हैं !
कोई तो इन्हें भी
खुद से मिलवा दे ,
कोई तो इन्हें भी
    जीना सिखला दे !   

साधना वैद