Followers

Tuesday, June 7, 2011

क्या कह डाला बाबाजी !


यह क्या कह डाला बाबाजी ,
'भ्रष्टाचारियों को हो आजीवन कारावास
या उन्हें चढ़ा दो फाँसी '!
आपने तो अपने भक्तों और
समर्थकों से खूब बजवा ली ताली ,
लेकिन यह भी तो सोचा होता
अगर सचमुच कहीं ऐसा हो गया तो
अपना इंडिया तो हो जायेगा इस
तथाकथित "क्रीम" से पूरी तरह खाली !
सत्ता में क्या वाकई ऐसे मंत्री भी होंगे
जिन्होंने इस बहती गंगा में
कभी भी ना धोये होंगे अपने हाथ ,
और शायद ही प्रशासन में कोई
ऐसा बचा होगा जिसने ना दिया होगा
कभी इन भ्रष्ट मंत्रियों का साथ !
पैसे और रसूख का फ़ायदा उठा
कॉरपोरेट वर्ल्ड के कई दिग्गज
भी तो स्विस बैंक्स के सामने
लाइन लगाये खड़े हैं ,
और कई छोटे बड़े नेता अभिनेता भी
उनका अनुसरण कर
साष्टांग दण्डवत की मुद्रा में
उसी राह में पड़े हैं !
अच्छा है बाबाजी
अगर सच में ऐसा हो गया तो
कुछ तो सारे के सारे ही सपरिवार
भाई बंधुओं और मित्रमंडली के साथ
जेल में पिकनिक मनायेंगे ,
और जो कुछ कम भाग्यशाली रह
फाँसी के फंदे पर चढ़ गये
वे नर्क की रसोई में
सारे नाते रिश्तेदारों के साथ बैठ कर
कोई नयी खिचड़ी पकायेंगे !
आखिर उन्होंने यहाँ भी तो यही
तय किया था कि जो भी बीन बटोर कर
हड़पेंगे मिल बाँट कर खायेंगे ,
अब नर्क के कारावास में
अपनी करतूतों की सज़ा भी वो
साथ-साथ ही पायेंगे !

साधना वैद

चित्र गूगल से साभार --

Saturday, June 4, 2011

कब होता है


मेरा सोचा तुम सुन लो कब होता है ,
मेरा चाहा तुम चुन लो कब होता है ,
हम दो अलग-अलग राहों पर चलते हैं ,
हमराही बन साथ चलें कब होता है !

सपने तो मेरी आँखों ने देखे हैं ,
हाथों में मेरी किस्मत के लेखे हैं ,
सपने सारे कब किसके सच होते हैं ,
किस्मत मेरी तुम लिख दो कब होता है !

कितनी साध फुँकी दिल में तुम क्या जानो ,
कितना दग्ध हुआ अंतर तुम क्या जानो ,
चिर तृष्णा से शुष्क चटकते अधरों पर ,
स्वाति बूँद बन तुम बरसो कब होता है !

निर्जल गागर सा रीता जीवन मेरा ,
भीषण ज्वाला से झुलसा उपवन मेरा ,
उर प्रदेश की तप्त तृषित इस धरिणी पर ,
उमड़-घुमड़ रह-रह बरसो कब होता है !

दूर क्षितिज तक सिर्फ अँधेरा छाया है ,
मन परअवसादों का गहरा साया है ,
मेरे जीवन के सूने नीलांगन में
इन्द्रधनुष बन कर दमको कब होता है !



साधना वैद

काजल की कोठरी

भ्रष्टाचार का क्षेत्र और विस्तार इतना व्यापक और संक्रामक है कि कोई आश्चर्य नहीं होगा यदि ऐसे तथ्य सामने आयें कि भारत की आबादी का एक बहुत बड़ा प्रतिशत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त है ! भारत के संविधान के अनुसार रिश्वत लेना और देना दोनों ही दंडनीय अपराध हैं ! इस तरह रिश्वत माँगने वाला भी अपराधी है और रिश्वत देने वाला भी अपराधी है ! कैसी अजीब सी बात है ना ! शिकार करने वाला भी अपराधी है और शिकार होने वाला भी ! जंगल में बाघ निरीह बकरी का शिकार करता है ! खूंखार बाघ तो अपराधी है ही निरीह बकरी भी अपराधी है !

आज यह सवाल जोर शोर के साथ उछाला जा रहा है कि भ्रष्टाचार उन्मूलन के आंदोलन में केवल उन्हीं लोगों को शिरकत करनी चाहिये जिनका दामन बिलकुल पाक साफ़ हो ! जिन्होंने ना कभी रिश्वत ली हो और ना ही कभी रिश्वत दी हो ! विश्व के सबसे भ्रष्ट देशों में शुमार इस देश में यह कल्पना की जा रही है कि यहाँ ऐसे लोग भी मिल जायेंगे जो इस काजल की कोठरी में दिन रात आते जाते तो रहते होंगे लेकिन उनके कपड़ों पर एक भी दाग नहीं लगा होगा ! इस क़ानून का औचित्य क्या है कोई मुझे समझायेगा ?

सैद्धांतिक रूप से यह सच है कि रिश्वत देने से रिश्वत माँगने वालों का हौसला बढ़ता है ! इसलिये रिश्वत माँगने वालों का डट कर विरोध करना चाहिये और रिश्वत के लिये एक भी पैसा नहीं देना चाहिये ! लेकिन जहाँ बिना पैसा लिये फ़ाइल एक मेज़ से दूसरी मेज़ तक नहीं सरकती वहाँ कोई कैसे इस चक्रव्यूह से बाहर निकले और कैसे अपनी रुकी हुई गाड़ी को आगे बढ़ाये ! चाहे किसी गरीब विधवा की पेंशन से सम्बंधित फ़ाइल हो या किसी गरीब के राशन कार्ड से सम्बंधित दस्तावेज़ हों बिना पैसा लिये बाबू कोई भी कार्यवाही करने के लिये तैयार नहीं होता ! अब ज़रा यह बताइये किसके पास इतना वक्त है और इतना दमखम है कि रोजमर्रा की जीवन की जद्दोज़हद एवं संघर्षों से जूझते हुए वह इस भ्रष्ट व्यवस्था से जूझने के लिये भी कमर कस कर तैयार रहे ! यह काम कोई साधू सन्यासी तो कर सकता है जो सांसारिक बंधनों से मुक्त है, उस पर घर परिवार का कोई बोझ नहीं है या जिसे रसोई में नून तेल लकड़ी जुटाने के लिये, बच्चों के स्कूल की फीस और किताबों की व्यवस्था करने के लिये, बूढ़े माता पिता की दवा दारू के लिये सूर्योदय से चंद्रोदय तक संघर्ष नहीं करना पड़ता ! लेकिन एक आम इंसान के पास ना तो इतना वक्त है बर्बाद करने के लिये ना ही इतनी ऊर्जा ! इसीलिये वह रिश्वत की रकम देकर और अपना काम निकलवा कर जल्दी से जल्दी बाबुओं की इस गिरफ्त से बाहर निकलना चाहता है ! ज़रा सोचिये इस दयनीय स्थिति में फँसा आम आदमी आपको अपराधी दिखाई देता है दया का पात्र दिखाई देता है ? ऐसे लोगों की पीड़ा के बारे में किसीने सोचा है जिन्हें अपनी मेहनत की कमाई का एक बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार के चलते व्यवस्था में बैठे इन भेड़ियों की भेंट चढ़ाना पड़ जाता है और इसके दंडस्वरूप उन्हें अपराधी की श्रेणी में भी डाल दिया जाता है !

भ्रष्ट तंत्र में फँसे ऐसे लोगों को अपनी आवाज़ उठाने का पूरा अधिकार होना चाहिये ! प्रभावशाली व्यक्तियों को अपने रौब दाब और समाज में ऊँची हैसियत के चलते शायद रिश्वत देने की ज़रूरत ना पड़ती हो ! उनके काम उनके नाम सुनते ही फ़ौरन से पेश्तर कर दिए जाते हैं ! उदाहरण के लिये ज़रा सोचिये कि कभी सोनिया गाँधी या शीला दीक्षित को अपना काम करवाने के लिये किसी ऑफिस में जाकर घंटों क्यू में खड़े रहना पड़ा होगा ? या अपनी एक फ़ाइल आगे बढ़वाने के लिये किसी गराब विधवा की तरह बाबू को मोटी रकम अदा करनी पड़ी होगी ? यह शायद उनके पूर्वजन्म के सत्कर्मों का ही फल होगा को वे इस जन्म में उच्च पदों पर आसीन हैं और समस्त राजसी ठाठ बाट भोग रही हैं ! लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि वे उस स्त्री से बेहतर और अधिक आदर्श कैसे हो गयीं जिसे अपनी पेंशन प्राप्त करने के लिये हफ़्तों दफ्तर के चक्कर काट कर बाबू के सामने गिड़गिड़ाना पड़ा होगा और पेंशन की झीनी सी रकम का एक बड़ा हिस्सा वह बाबू हड़प कर गया होगा ? आम इंसान क्या करे ? उसे तो जीवन में हर पल हर क्षण मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और अपने बाल बच्चों के मुख में दो निवाले डालने के लिये दिन रात मेहनत मशक्कत करनी पड़ती है ! यदि अपना समय बचाने के लिये ऐसा व्यक्ति अपनी गर्दन पर सवार किसी बाबू को रिश्वत के रूप में कुछ रुपये थमा देता है तो वह अपराधी कैसे हो गया ? यह तो वही कहावत हो गयी मारे और रोने ना दे ! फिर यह भी विचारणीय होना चाहिये कि रिश्वत लेने देने के पीछे उद्देश्य क्या है ! यदि अपना फँसा हुआ काम निकालने के लिये और समय, ऊर्जा तथा धन की बर्बादी को रोकने के लिये रिश्वत दी गयी है तो इसे अपराध मानना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है ! हाँ रिश्वत का लेन देन किसीका शोषण करने के लिये किया जा रहा हो या किसीके अधिकारों के हनन के लिये किया जा रहा हो तो यह निश्चित रूप से दंडनीय होना चाहिये !

इसके अतिरिक्त जो लोग पहले भ्रष्ट थे और अब उनका हृदय परिवर्तन हो गया है तो उनको भी सुधरने का पूरा मौक़ा दिया जाना चाहिये ! गाँधीजी ने भी कहा था कि हमें पाप से घृणा करनी चाहिये ना कि पापी से ! गौतम बुद्ध के उपदेशों को सुन कर अंगुलिमाल नामक डाकू का भी हृदय परिवर्तन हो गया था और वह हिंसा का रास्ता छोड़ गौतम बुद्ध की शरण में आ गया था ! इसी तरह यदि पूर्व में भ्रष्ट रह चुके किसी व्यक्ति को अपनी भूलों का ज्ञान हो रहा हो और वह आत्मपरिष्कार की राह पर चल कर प्रायश्चित करना चाहता हो तो हमें उसे एक अच्छा इंसान बनने में उसकी सहायता और सहयोग करना चाहिये !

इसलिए मेरे विचार से ऐसी सोच को कोई बल नहीं दिया जाना चाहिये कि आंदोलन में ऐसे लोगों को भाग लेने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिये जो स्वयं पूर्व में भ्रष्ट गतिविधियों में संलग्न पाये गये हैं ! जो स्वयं इस पीड़ा को भोग चुके हैं उन्हें तो इसका विरोध करने का अधिकार दोगुना हो जाता है क्योंकि इस तरह वे अपनी यातना का प्रतिकार भी कर सकेंगे !

साधना वैद

Monday, May 30, 2011

भ्रष्टाचार की गंगोत्री




अपने बचपन की याद है कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर जब देश भर में जश्न मनाया जाता था और आज़ाद भारत के प्रथम प्रधान मंत्री जवाहर लाल नेहरू तथा राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का भाषण रेडियो पर प्रसारित होता था या पिक्चर हॉल में न्यूज़ रील में दिखाया जाता था तो मन गर्व से भर उठता था ! हृदय में अगाध श्रृद्धा की तरंगें उठने लगती थीं और इस बात का अहसास मन को हमेशा चेताता रहता था कि कितनी मंहगी कीमत चुका कर यह आज़ादी हमें मिली है ! आज जिस आज़ाद हवा में हम साँस ले रहे हैं उसके लिये कितने वीरों ने अपनी जान की बाज़ी लगाई है और कितने उदारमना नेताओं और महापुरुषों ने अपने सभी सुखों को देश हित के लिये न्यौछावर कर वर्षों जेल की सलाखों के पीछे यातना भरे दिन बिताये हैं ! दिल में यह भावना रहती थी कि गाँधी, नेहरू, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, सुभाषचंद्र बोस, मदनमोहन मालवीय, वल्लभ भाई पटेल, वीर सावरकर, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, दादा भाई नोरोजी, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और अनेकों अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के प्रशस्त किये मार्ग पर अग्रसर होते हुए देश को विकास और सफलता के शिखर पर पहुँचाना है और सम्पूर्ण विश्व में इसके गौरव को स्थापित करना है !

लेकिन आज़ाद भारत की यह मनमोहक तस्वीर बहुत दिनों तक अपने आकर्षण को बनाये नहीं रख सकी ! अंदर ही अंदर भ्रष्टाचार की दीमक इसको चाट कर खोखला करने की तैयारी में जुट चुकी थी ! कहते हैं कि सत्ता यदि पूर्ण बहुमत के साथ मिले तो अधिकार के साथ भ्रष्टाचार को पनपने के लिये भी भरपूर खाद पानी मिल जाता है ! लोकतंत्र के लिये यह अच्छा शगुन नहीं है ! स्वतन्त्रता के बाद दिसंबर 1947 में महात्मा गाँधी ने भी यह भाँप लिया था कि राजनेता पैसा कमाने के लिये अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त हो रहे हैं ! उन्होंने आंध्र प्रदेश के अपने एक वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी मित्र श्री वैन्कटपैया के एक उल्लेखनीय पत्र के बाद, जिसमें उन्होंने गाँधीजी को लिखा था कि कॉंग्रेस पार्टी का नैतिक पतन हो रहा है ! उसके नेता अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पैसा कमाने में लगे हैं और लोगों में यह धारणा पनपने लगी है कि इससे तो ब्रिटिश रूल ही अच्छा था, गांधीजी ने यह सुझाव दिया था कि कॉंग्रेस पार्टी को भंग कर देना चाहिये पर उनकी यह बात मानी नहीं गयी ! भ्रष्टाचार की आमद की यह पहली दस्तक थी !

भारतीय राजनीति के हिमालय से भ्रष्टाचार की गंगोत्री का उदगम वी के कृष्णामेनन के जीप काण्ड से माना जा सकता है ( 1948 ) ! इसके बाद इस गंगोत्री का आकार कुछ बढ़ा और हरिदास मूंदडा काण्ड प्रकाश में आया जिसकी पोल श्री फिरोज गाँधी ने 1958 में संसद में खोली थी ! के. डी. मालवीय एवं सिराजुद्दीन का ऑइल स्कैम तथा धरम तेजा काण्ड भी नेहरू जी के कार्यकाल में ही हुए थे ! उन दिनों देश भावनात्मक रूप से इन नेताओं पर इतना निर्भर था कि ऐसी कोई भी बात आसानी से उसके विश्वास को डिगा नहीं सकती थी और आज की तरह उस समय मीडिया भी इतना सक्रिय नहीं था ! इसलिए इन घोटालों की चर्चा बहुत अधिक नहीं हुई और बातें वहीं दब गयीं !

समय के साथ भ्रष्टाचार की इस गंगोत्री में कई धाराएं और उपधाराएं मिलती चली गयीं और इसके रूप रंग आकार को और अधिक विस्तार और गहराई प्रदान करती गयीं ! 1971 के नागरवाला काण्ड और मारुती उद्योग की धाँधलियों को बांग्लादेश की विजय के सामने अनदेखा कर दिया गया ! 1981 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ए. आर. अंतुले के सीमेंट स्कैम जैसे अनेक घोटाले सामने आने लगे परन्तु 1987 में राजीव गाँधी के कार्यकाल में जब बोफोर्स तोप घोटाला प्रकाश में आया तो जनता का मोहभंग होना शुरू हुआ ! इसके बाद तो घोटालों का लंबा सिलसिला आरम्भ हो गया ! गंगोत्री अब पहाड़ों से उतर कर मैदानों में आ गयी थी और वृहद स्वरुप धारण कर चुकी थी ! यूरिया काण्ड (1990), हर्षद मेहता केतन पारेख काण्ड (1992), हवाला काण्ड (1993), सुखराम का टेलीकॉम घोटाला (1996), बिहार का चारा घोटाला (1996), जे. एम.एम. का रिश्वत काण्ड (1996) सबने राजनीति में भ्रष्टाचार की गहराई और विस्तार को इस तरह से उजागर किया कि आम जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस करने लगी ! तमाम बड़े बड़े नेताओं और उच्च पादासीन अधिकारियों के घरों से, यहाँ तक कि उनके बिस्तर के गद्दों तक से काला धन बरामद होने लगा ! जनता को समझ आने लगी कि उसका मेहनत से कमाया हुआ धन ये चंद भ्रष्ट और पतित नेता हड़प किये जा रहे हैं और जनता को नित नये करों के बोझ से लादते जा रहे हैं ! मंहगाई सुरसा की तरह बढ़ती ही जा रही है ! संसद तथा टीवी चैनलों के टॉक शोज़ में निरंतर चलने वाली अंतहीन, अर्थहीन, और निरुद्देश्य बहसें जनता को कोई दिलासा या दिशा नहीं दे रही हैं !

मीडिया फिर भी सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाता रहा है ! आरम्भ में नेताओं की ये खबरें प्राय: दबा दी जाती थीं ! अशिक्षा के कारण अखबारों की पहुँच बहुत कम लोगों तक सीमित थी लेकिन टी.वी. के आगमन तथा गाँव देहात तक फ़ैल जाने का एक फ़ायदा यह हुआ कि भष्टाचार की सारी खबरें घर घर पहुँचने लगीं ! नेताओं का कद घटने लगा ! उनके प्रति जनता के मन में मान सम्मान कम होने लगा और आक्रोश की आँच सुलगने लगी !

सत्ता में गहराई तक ऊँची पहुँच, धीमी न्याय प्रक्रिया और प्रशासन की मिलीभगत ने भ्रष्टाचार की जड़े और गहरी कीं और स्वार्थी नेताओं की ढिठाई और हौसले बुलंद होते चले गये ! अधिकार का दुरुपयोग कर कई नेताओं ने अनुचित तरीकों से अपने स्वार्थ साधने की कोशिश की और कतिपय बड़े लोगों को लाभ दिला कर अपना बैक बलैंस खूब मज़बूत किया ! प्रमोद महाजन का टेलीकॉम घोटाला (२००२) इसी श्रेणी में आता है ! भ्रष्टाचार की यह गंगोत्री अब आकार प्रकार में सागर का रूप ग्रहण करने लगी ! पहले किये जाने वाले कुछ लाखों करोड़ों के घोटाले अब हज़ारों करोड़ों तक के आँकड़े को छूने लगे ! (२००६) का अब्दुल करीम तेलगी का स्टैम्प घोटाला, (२००९) का मधु कोड़ा काण्ड, (२०१०) का ए. राजा का टू जी स्पेक्ट्रम काण्ड, (२०१०) का कलमाड़ी का राष्ट्र मण्डल खेल घोटाला, (२०१०) का ही सत्यम घोटाला अब महासागर का रूप ले चुके हैं !

दिमाग में सवाल उठता है क्या इस समस्या का कोई निदान है ? आशा करते हैं कि अन्ना हजारे और बाबा रामदेव जैसे जुझारू कर्मठ एवं देशभक्त व्यक्तियों का प्रयास अवश्य रंग लायेगा और आज़ादी के बाद से लगातार चलने वाला यह सिलसिला अब ज़रूर टूटेगा ! हम सभी भारतीय उनके साथ हैं और उनके इस अभियान को अशेष शुभकामनायें देते हैं !

साधना वैद

Friday, May 27, 2011

असमंजस

तुम तो मेरे नयनों के हर आँसू में समाये हो

जिन्हें मैं पलकों के कपाटों के पीछे

बड़े जतन से छिपा कर रखती हूँ

कि कहीं तुम उन आँसुओं की धार के साथ

बह कर बाहर ना चले जाओ !

तुम तो मेरे हृदय से निसृत

हर आह में बसते हो जिसे मैं

दांतों तले अपने अधरों को कस कर

दबा कर बाहर निकलने से रोक लेती हूँ

कि कहीं तुम भी उस आह के साथ

हवा में विलीन ना हो जाओ !

तुम तो अंगूठे से लिपटे आँचल की

हर सिलवट में छिपे हो

जिसे मैं कस कर मुठ्ठी में भींच लेती हूँ

कि कही तुम इस नेह्बंध से

मुक्त होकर अन्यत्र ना चले जाओ !

तुम तो मेरी डायरी में लिखी

नज़्म के हर लफ्ज़ में निहित हो

जिसे मैं बार-बार सिर्फ इसीलिये

पढ़ लेती हूँ कि जितनी बार भी

मैं उसे पढूँ

उतनी बार तुम्हें देख सकूँ !

तुम तो मेरे अंतस में

एक दिव्य उजास की तरह विस्तीर्ण हो

मेरे मन को आलोकित करते हो

और उस प्रकाश के दर्पण में ही

मैं अपने अस्तित्व को पहचान पाती हूँ !

लेकिन मैं जहाँ हूँ

वह जगह मुझे साफ़

दिखाई क्यों नहीं देती !

मुझे पहचान में क्यों नहीं आती !

एक गहन वेदना

एक घनीभूत पीड़ा

और एक अंतहीन असमंजस के

दोराहे पर मैं खुद को पाती हूँ

जहाँ से आगे बढ़ने के लिये हर राह

बंद नज़र आती है !

साधना वैद

Monday, May 23, 2011

इंतज़ार


वल्लाह नये दर्द रुलाने के वास्ते,
यादें पुरानी सिर्फ लुभाने के वास्ते.
कुछ तल्खियाँ भी बनके रहीं बोझ हमेशा,
कुछ बात के नश्तर हैं चुभाने के वास्ते.
रहमत से तेरी हम ही हैं महरूम, मगर क्यों ?
दर तो खुला था तेरा ज़माने के वास्ते.
ज़ख्मों की दिल में एक नुमाइश लगी रही,
ऐ मेरे ख़ुदा तुझको दिखाने के वास्ते.
सोचा था तुझ से अब न शिकायत करेंगे हम,
थपकी भी दी थी मन को सुलाने के वास्ते.
तेरा है इंतज़ार मुझे अब भी 'साधना'
हैं अश्क रवां तुझको बुलाने के वास्ते.


साधना वैद