Followers

Saturday, September 12, 2020

हिन्दी दिवस और हिन्दी

 



हिन्दी दिवस भी हमारे देश में साल में एक बार किसी त्यौहार की तरह ही मनाया जाने लगा है ठीक उसी तरह जैसे हम होली, दीवाली, ईद, क्रिसमस मनाते हैं ! यह ‘दिवस’ मनाने का चलन भी खूब निकला है ! बस साल के पूरे ३६५ दिनों में एक दिन, असली हों या नकली, हिन्दी के मान सम्मान की ढेर सारी बातें कर लो, अच्छे-अच्छे लेख, कवितायें, कहानियाँ लिख कर अपनी कर्तव्यपरायणता और दायित्व बोध का भरपूर प्रदर्शन कर लो और फिर बाकी ३६४ दिन निश्चिन्त होकर मुँह ढक कर गहरी नींद में सो जाओ अगले हिन्दी दिवस के आने तक ! 

जब तक हम अंग्रेज़ी भाषा की मानसिक दासता से खुद को मुक्त नहीं करेंगे और हिन्दी भाषा को पढ़ाई का माध्यम नहीं बनायेंगे हिन्दी इसी तरह अपने ही घर के बाहर सिसकती खड़ी दिखाई देगी ! स्कूलों में पढ़ाई का माध्यम हिन्दी भाषा को होना चाहिये और अंग्रेज़ी भाषा को सेकण्ड लेंग्वेज की तरह पढ़ाया जाना चाहिए न कि हिन्दी को ! बच्चे जिस भाषा में सारे विषय पढ़ते हैं उनकी पकड़ उस भाषा पर मज़बूत हो जाती है और वे सहजता से उस भाषा में अभिव्यक्ति कर पाते हैं ! 

इससे बड़ी विडम्बना और शर्म की बात और क्या होगी कि आजकल स्कूलों में बच्चों को हिन्दी में बात करने के लिए दण्डित किया जाता है ! यदि बच्चे स्कूल परिसर में अवकाश के समय में भी आपस में हिन्दी में बात करते हुए पाए जाते हैं तो टीचर्स उन्हें डाँटते हैं ! इस पर हम हिन्दी दिवस पर हिन्दी के उत्थान और सम्मान की बातें करते हैं और हिन्दी भाषा के भविष्य के प्रति अपनी चिंता व्यक्त करते हैं ! जिस भाषा में बात करने पर सज़ा मिले उस भाषा का सम्मान आज की युवा होती पीढ़ी कैसे करेगी और क्यों करेगी ? अपनी मातृ भाषा में बात करने पर किस देश में स्कूलों में बच्चों को दण्डित किया जाता है यह शोध का विषय हो सकता है ! क्या इस सन्दर्भ में हमारे शिक्षाविद् और स्कूलों के व्यवस्थापक किसी सकारात्मक नीति का निर्धारण करेंगे ? वैसे आज स्कूल से घर आने के बाद मेरी पोती ने बड़े खुश होकर मुझे बताया कि हिन्दी दिवस की वजह से आज स्कूल में हिन्दी में बात करने पर किसीको डाँट नहीं पड़ी ! क्या बात है ? साल में एक दिन तो बच्चों को अपनी मातृ भाषा में बात करने की आज़ादी मिली ! स्कूल प्रशासन को फूलों का गुलदस्ता पेश करना चाहिए !

अंग्रेज़ी भाषा से मेरा कोई विरोध नहीं है ! अपने ज्ञान में वृद्धि करने के लिए और विश्व की विभिन्न भाषाओं के साहित्य का अध्ययन करने के लिए जितनी भाषाओं को सीखा जाए उतनी कम हैं ! फिर केवल अंग्रेज़ी भाषा के लिए ही यह पक्षपात पूर्ण आग्रह क्यों ? जिस व्यक्ति में सीखने की इच्छा और ललक है वह कोई भी भाषा किसी भी अवस्था में सीख सकता है लेकिन इसके लिए अपनी राष्ट्र भाषा का तिरस्कार करना ज़रूरी तो नहीं ! आज का युग ग्लोबलाइजेशन का युग है इस बात से इनकार नहीं ! अध्ययन एवं कैरियर की माँग के अनुसार लोगों का विदेशों में आना जाना पहले से अधिक बढ़ गया है यह भी सच है लेकिन इसके लिए जब जैसी आवश्यक्ता हो उस देश की भाषा को सीखा जा सकता है ! दूसरे देश की भाषा का अल्प ज्ञान होगा तो कोई नहीं हँसेगा लेकिन अपनी ही भाषा की सम्यक् जानकारी न होने पर वे सब जगह उपहास के पात्र बनेंगे ! आजकल के बच्चे हिन्दी के वाक्य रोमन में लिखने में अधिक सहज अनुभव करते हैं क्योंकि उन्हें या तो हिन्दी के वर्णों को ठीक से बनाना नहीं आता या सोच कर बनाने में देर बहुत लगती है ! अंग्रेज़ी के लेटर्स वे जल्दी से बना लेते हैं ! हिन्दी केवल एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है जिसे पढ़ने में बच्चों को कोई रूचि नहीं होती ! इससे अधिक दयनीय दशा और क्या होगी हिन्दी की ! स्कूलों में बच्चों को यदि सारे विषय हिन्दी में पढ़ाए जाएँ और उनके प्रश्न उत्तर भी बच्चों से हिन्दी में ही लिखवाये जाएँ तो उन्हें हिन्दी सीखने में रूचि भी होगी और हिन्दी के प्रति उनकी सोच भी बदलेगी ! अपने समय में हमारी समवयस्क पीढ़ी ने हिन्दी माध्यम से ही शिक्षा ग्रहण की है और आज के अंग्रेज़ी माध्यम से पढ़े हुए शिक्षित वर्ग से हम स्वयं को किसी भी तरह कम नहीं आँकते ! 

हिन्दी के प्रति उपेक्षात्मक रवैये और अंग्रेज़ी भाषा के अधकचरे ज्ञान ने आज के औसत बच्चों को ऐसे दोराहे पर ला खड़ा किया है जहाँ से उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए कोई रास्ता दिखाई नहीं देता ! घरों में भी माता-पिता की मानसिकता बच्चों को येन केन प्रकारेण परीक्षा में उत्तीर्ण कराने भर की रह गयी है ! बच्चे क्या सीख रहे हैं किस भाषा का कितना और कैसा अध्ययन कर रहे हैं इस बारे में जानने का ना तो उनके पास समय है और ना ही वे इसे जानने में कोई रूचि रखते हैं ! यही कारण है कि आज हिन्दी सिर्फ बोलचाल की साधारण सी भाषा बन कर रह गयी है ! आज के बच्चों के हिन्दी लेखन में ना तो गुणवत्ता के दर्शन होते हैं ना ही साहित्यिकता के ! और सबसे अधिक दुःख की बात यह है कि जिस अंग्रेज़ी भाषा में तीन चार साल की उम्र से बच्चे पढ़ रहे हैं उसमें भी यदि चंद अपवादों को छोड़ दें तो आम साधारण बच्चे एक पैरेग्राफ भी शुद्ध रूप से नहीं लिख पाते ! 

क्या हमारे नीति नियंताओं ने कभी इस ओर ध्यान दिया है और क्या वे इस दिशा में कोई ठोस कदम उठा सकेंगे ?
                        
साधना वैद

Thursday, September 10, 2020

प्रश्न और रिश्ते

 



यह प्रश्नों का संसार भी 
कितना निराला है !
विश्व के हर कोने में
कोने में बसे हर घर में
घर में रहने वाले 
हर इंसान के मन में
उमड़ते घुमड़ते रहते हैं
ना जाने कितने प्रश्न,
बस प्रश्न ही प्रश्न !

अचरज होता है
ये छोटे-छोटे प्रश्न भी 
कितनी पाबंदी से
रिश्तों को परिभाषित कर जाते हैं
और मन के हर भाव को
कितनी दक्षता से बतला जाते हैं
कहीं रिश्तों को प्रगाढ़ बनाते हैं
तो कहीं पुर्जा-पुर्ज़ा बिखेर कर
उनकी बलि चढ़ा देते हैं !

प्रश्नों की भाषा
स्वरों के आरोह अवरोह
उछाले गए प्रश्नों की शैली और अंदाज़
वाणी की मृदुता या तीव्रता
रिश्तों के स्वास्थ्य को बनाने
या बिगाड़ने में बड़ी अहम्
भूमिका निभाते हैं !

किसने पूछा, किससे पूछा,
क्यों पूछा, कब पूछा,
किस तरह पूछा, क्या पूछा
सब कुछ बहुत मायने रखता है  
ज़रा सा भी प्रश्नों का मिजाज़ बदला
कि रिश्तों के समीकरण बदलने में
देर नहीं लगती !

छोटा सा प्रश्न कितने भावों को
सरलता से उछाल देता है
जिज्ञासा, कौतुहल, लगन, ललक,
प्यार, हितचिंता, अकुलाहट, घबराहट
चेतावनी, अनुशासन, सीख, फटकार,
व्यंग, विद्रूप, उपहास, कटाक्ष,  
चिढ़, खीझ, झुंझलाहट, आक्रोश,
संदेह, शक, शंका, अविश्वास,
धमकी, चुनौती, आघात, प्रत्याघात
सारे मनोभाव कितनी आसानी से
छोटे से प्रश्न में
समाहित हो जाते हैं और
इनसे नि:सृत होते अमृत या गरल
शहद या कड़वे आसव
कभी रिश्तों की नींव को
सींच जाते हैं तो कभी
जला जाते हैं,
कही रिश्तों के सुदृढ़ महल बना जाते हैं
तो कहीं मजबूत किले ढहा कर
खंडहर में तब्दील कर जाते हैं !

तो मान्यवर अगर जीवन में
रिश्तों की कोई अहमियत है तो
प्रश्नों के इस तिलिस्म को समझना
बहुत ज़रूरी है !


चित्र - गूगल से साभार 

साधना वैद  
 

Wednesday, September 9, 2020

मैं वही हूँ जो मैं हूँ


 



क्यों ढूँढते हो मुझमें
राधा सी परिपक्वता
सीता सा समर्पण
यशोधरा सा धैर्य
मीरा सी लगन
दुर्गा सा पराक्रम
शारदे सा ज्ञान
मर्दानी सी वीरता
टेरीसा सा बलिदान
मुझे वही रहने दो ना
जो मैं हूँ
क्यों उसे ढूँढते हो मुझमें
जो वहाँ है ही नहीं !
मुझमें मुझीको ढूँढो 
उपकार होगा तुम्हारा !
आशाओं अपेक्षाओं के
इस चक्रव्यूह में मैं
इस तरह से गुम हो गयी हूँ
कि बाहर निकलने का
कोई भी मार्ग मुझे
अब दिखाई नहीं देता !
आदर्शों की इस भूलभुलैया में
मैं खुद भी जन्म से अब तक
ढूँढती ही आ रही हूँ खुद को
लेकिन इतने किरदारों में
मैं कौन हूँ
मैं कहाँ हूँ
कोई तो मुझे बताये
मैं क्यों अपने दर्पण में
खुद को न देख कर
किसी और की परछाई देखूँ
क्यों खुद का तिरस्कार कर
किसी और का मुखौटा लगाए
आत्महीनता की आँच में
खुद को सेकूँ    
कोई तो मुझे समझाये !


साधना वैद   

   

Tuesday, September 8, 2020

खूँटा

 



तुमने ही तो कहा था 
कि मुझे खुद को तलाशना होगा 
अपने अन्दर छिपी तमाम अनछुई 
अनगढ़ संभावनाओं को सँवार कर 
स्वयं ही तराशना होगा 
अपना लक्ष्य निर्धारित करना होगा 
और अपनी मंजिल भी 
खुद ही तय करनी होगी 
मंजिल तक पहुँचने के लिए 
अपने मार्ग को भी मुझे स्वयं ही 
सुगम बनाना होगा 
राह के सारे कंकड़ पत्थर चुन कर 
मार्ग को अवरुद्ध करने वाले 
सारे कटीले झाड़ झंखाड़ों को साफ़ कर ! 
मैंने तुम्हारे हर वचन को 
पूरी निष्ठा के साथ शिरोधार्य किया ! 
हर आदेश निर्देश को पूरी ईमानदारी 
और समर्पण भाव से निभाया ! 
देखो ! मेरे पास आओ ! 
मैंने तलाश लिया है खुद को 
सँवार ली है अपने अन्दर छिपी प्रतिभा 
निर्धारित कर लिया है अपना लक्ष्य 
तय कर ली है अपनी मंजिल और 
रास्ता भी सुगम बना लिया है ! 
लेकिन सब उद्दयम व्यर्थ हुआ जाता है
एक कदम भी मैं इस सुन्दर, 
सजे संवरे प्रशस्त मार्ग पर 
बढ़ा नहीं पा रही हूँ !
वर्षों से इसी एक स्थान पर 
रहने के उपरान्त भी अभी तक 
यह नहीं खोज पाई कि 
जिन श्रंखलाओं ने इतनी लम्बी अवधि तक 
मुझे एक कैदी की तरह यहाँ 
निरुद्ध कर रखा है उसका खूँटा 
कहाँ गढ़ा हुआ है 
यहीं कहीं ज़मीन में 
या फिर मेरे मन में !


साधना वैद

Sunday, September 6, 2020

चंद शिकवे

A Sad And Pensive Woman Sitting By The Ocean Deep In Thought Stock Photo,  Picture And Royalty Free Image. Image 19588355.

कभी रूदादे ग़म सुनने को बुलाया होता,
कभी तो दर्द ए दिल फुर्सत से सुनाया होता !

उजाड़े आशियाने अनगिनत परिंदों के,
कभी एक पेड़ मोहोब्बत से लगाया होता !

चुभोये दर्द के नश्तर तुम्हारी नफरत ने,
कभी दिल प्यार की दौलत से सजाया होता !

खिलाए भोज बड़े मंदिरों के पण्डों को,
कभी भूखों को किसी रोज़ खिलाया होता !

जलाये सैकड़ों दीपक किया घर को रौशन,
दिया एक दीन की कुटिया में जलाया होता !

उठाये बोझ फिरा करते हो अपने दिल का,
कभी तो बोझ किसी सर का उठाया होता !

किये थे वादे जो तुमने महज़ शगल के लिये,
कोई वादा तो कभी मन से निभाया होता !

सुना है बाँटते फिरते हो मोहोब्बत अपनी,
किसी मजलूम को सीने से लगाया होता !


चित्र - गूगल से साभार 

साधना वैद


Thursday, September 3, 2020

ज़रा सुनिए

Reinsurance in India: all that glitters is not gold 


न न.. उधर मत जाइए

मेरे अंतरमहल के उस कोने में 

आप जैसे सम्मानित लोगों के लिए जाना

पूर्णत: निषिद्ध है !

दरअसल वहाँ आपके मनोरंजन के लिए

कोई साधन उपलब्ध नहीं है !

वहाँ तो बस एक गोदाम है

जिनमें कुछ जर्जर दस्तावेज़ रखे हुए हैं

जिनमें हिसाब किताब लिखा हुआ है

उन चोटों का, उन घावों का,

उन ज़ख्मों का, उन प्रहारों का

जो कभी परिवार ने, कभी समाज ने

तो कभी नियति ने मुझे पहुँचाए हैं

सिर्फ इसलिए कि मैं एक लड़की हूँ !

जब पैदा हुई तब दादी के उदगार थे

“कौन पाप किये थे री बहुरिया

जो इतनी भारी बोझ की गठरी

उठा लाई अस्पताल से ?

अब भुगतो जनम भर !”

“बेटी तुझे पढ़ाना तो चाहते हैं

लेकिन पैसे मेरे पास उतने ही हैं कि

एक ही बच्चे की फीस भर सकूँगा !

तुझे तो तेरा पति भी पढ़ा लेगा

अगर चाहेगा तो ,

लेकिन तेरे भाई को अगर मैं न पढ़ाऊँगा

तो कौन पढ़ायेगा !”

“हमारे घर में बहुएँ स्कूल कॉलेज नहीं जातीं

तुम घर से बाहर जाओगी तो

घर के बाकी लोगों की सुख सुविधा का

ख़याल कौन रखेगा, हमारी सेवा कौन करेगा,

घर के सारे काम कौन करेगा ?”

अरे छोड़िये ये ना सारे झमेले !  

आप इधर आइये ना !

यहाँ है आपके स्वागत का पूरा प्रबंध !

आइये विराजिये महानुभाव

आपकी अभ्यर्थना में बनी

इस सुन्दर अल्पना को निहारते हुए

प्रवेश करिए मेरे घर में !

बिजली की खूबसूरत झालरों से, 

आलीशान झाड़ फानूसों से

बड़े ही कलात्मक और सुरुचिपूर्ण तरीके से

सजाया गया है यह स्वागत कक्ष

आप जैसे अतिथियों के लिए !

मेरे जीवन की सारी सुन्दर तस्वीरें

इसमें दीवारों पर लगी हैं

जिनके बदरंग बदनुमाँ दाग़ धब्बों को

बड़े जतन से नये रंगों और कूँची से

सँवार दिया गया है !

गालों पर बहते आँसुओं को मिटा

सुर्ख रंग से सजा कर मुस्कराहट का

मुलम्मा चढ़ा दिया गया है !

मेरी कई सारी उपलब्धियाँ करीने से

मेंटल पीस पर सजी हैं जो

कौड़ियों के मोल कबाड़ी बाज़ार में

मिल जाया करती हैं !

आखिर स्वयं को आधुनिक और

प्रगतिशील दिखाने के लिये

इतनी कीमत तो चुकाई ही जा सकती है !

इतना भी न करेंगे तो

पत्रकारों के सवालों का जवाब क्या देंगे  

और चुनाव में इन्हें वोट कौन देगा ?

और चुनाव है तो अर्धांगिनी होने के नाते

हर जगह, हर मंच पर

हमारा साथ में घिसटना तो तय है ना !

कैसे जानेंगे ये कि हर वो चीज़ 

जो चमकती है सोना नहीं होती !

 

साधना वैद