Followers

Friday, October 9, 2020

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !



नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

स्वर्ण किरण के तारों से नित बुनी सुनहरी धूप की चादर

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 

शेष हुआ साम्राज्य तिमिर का संसृति में छाया उजियारा

भोर हुई चहके पंछी गण मुखरित हुआ तपोवन सारा

लुप्त हुए चन्दा तारे सब सुन तेरे अश्वों की आहट

जाल समेट रुपहला अपना लौट चला नि:शब्द सुधाकर ! 

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 

स्वर्णरेख चमकी प्राची में दूर क्षितिज छाई अरुणाई

वन उपवन में फूल-फूल पर मुग्ध मगन आई तरुणाई

पिघल-पिघल पर्वत शिखरों से बहने लगी सुनहली धारा

हो कृतज्ञ करबद्ध प्रकृति भी करती है सत्कार दिवाकर !

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 

जगती के कोने-कोने में भर देते आलोक सुनहरा

पुलक उठी वसुधा पाते ही परस तुम्हारा प्रीति से भरा

झूम उठीं कंचन सी फसलें खेतों में छाई हरियाली

आलिंगन कर कनक किरण का करता अभिवादन रत्नाकर !

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 

चित्रकार न कोई तुमसा इस धरिणी पर उदित हुआ है 

निश्चल निष्प्राणों को गति दी निज किरणों से जिसे छुआ है  

अंग-अंग सँवरा वसुधा का सुरभित सुमनों की शोभा से

इन्द्रधनुष की न्यारी सुषमा से पुलकित हर प्राण प्रभाकर !  

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 

स्वर्ण किरण के तारों से नित बुनी सुनहरी धूप की चादर !

नमन तुम्हें हे भुवन भास्कर !

 


चित्र - गूगल से साभार 

साधना वैद

 


Sunday, October 4, 2020

सौ टके की बात - लघुकथा

 


दिन भर जंगल में घूम घूम कर और बाँख से झाड़ियों को काट कर गाँव की औरतों ने तमाम सारी सूखी लकड़ी जमा कर ली थी ! अब सब जल्दी जल्दी इनके बड़े बड़े गट्ठे बाँध कर घर जाने की हडबडी में थीं ! सब एक दूसरे की सहायता भी कर रही थीं और उनके सर पर गट्ठर लदवा भी रही थीं ! सुमरिया इन सबमें सबसे बड़ी बूढ़ी और सयानी थी ! गाँव की औरतें सब सलाह मशवरे के लिए उसीका मुख देखतीं !

“काहे अम्माँ का फ़ायदो भयो परधान मंतरी जी ने गाँव में सबके काजे गैस तो भेज दई लेकिन हमें तो लकड़ियन के काजे रोजई जंगल में आनो पड़त है ! का करें गैस हैई है इत्ती महंगी !”

“अरे नहीं रधिया ! जे बात ना है ! जे बात तो सही है कि गैस को सलंडर महँगो है ! लेकिन फिर भी कोयला से सस्तो पड़त है ! खानों जल्दी बनत है ! धुआँ धक्कड़ नहीं होत है गैस में ! आँखें खराब नईं होत हैं और जब चाही रात बिरात हर समय गैस को चूल्हो तैयार रहत है खाना बनायबे को ! नईं तो औचक से कोई मेहमान आय जइहैं रात बिरात तो आधी रात को बीन बटोर के चूल्हा सिगड़ी जलाओ तौऊ कछु कच्चो पक्को बनि पइहै खायबे को ! है कि नईं ?”

सुमरिया की बात पर सबने समर्थन में सिर हिलाया !

“तो फिर हमें भी तो थोड़ा जुगत से चले की पड़ी है कि नाहीं ? गैस बचायबे के काजे ही तो यह लकड़ी बीनने आनो पड़त है जंगल में ! बच्चों के नहायबे धोयबे के काजे और घर के और सिगरे काजन के लिए तो चूल्हा जलाय सकत हैं ना ! किफायत से गैस जलइहें तो गैस ही सबसे सस्ती पड़त है ! घर जाके हिसाब लगा लीजो तुम सब !”

“अम्मा जे बात तो सच्चई तुमने सौ टका की की है !”   

सुमरिया की बात से सब के चहरे पर मुस्कान आ गयी थी और सबकी चाल तेज़ हो गयी थी !

 

साधना वैद


Wednesday, September 30, 2020

माँ मुझको भी रंग दिला दे

 



माँ मुझको भी रंग दिला दे
मुझको जीवन रंगना है
सपनों के कोरे कागज़ पर
इन्द्रधनुष एक रचना है !
लाल रंग से मैं अपना
सौभाग्य लिखूँगी माथे पर
नारंगी से हर्ष और
उल्लास रचूँगी माथे पर !
पीला रंग जीवन में मेरे
ज्ञान बुद्धि भर जायेगा
हरा रंग आध्यात्म और
प्रकृति से मुझे मिलायेगा !
नीले रंग से धैर्य, न्याय के
गुण मैं चित्रित कर लूँगी
जामुनी रंग से निर्भय होकर
दूर गगन तक उड़ लूँगी !
रंग बैंगनी मानवता के
सद्गुण मुझमें भर देगा
माँ रंगों का तोहफा मेरे
सब सपने सच कर देगा !
इन्द्रधनुष के रंगों से
जीवन मेरा खिल जायेगा
मेरे हर सपने को जैसे
नया अर्थ मिल जायेगा !


साधना वैद

Friday, September 25, 2020

हमारी बेटी

 



 

बिटिया जन्मी

सुरभित आँगन

खिली कलियाँ


 हुआ उजाला

घटा जीवन तम

छाई खुशियाँ !

 

 कथा पुरानी

है आँचल में दूध

आँखों में पानी

 

साक्षात दुर्गा

पधारी हैं घर में

माता हर्षानी !

 

 सिंधु सा मन

पर्वत सा हौसला

फूल सा तन

 

बाँध लिया है

सारा जहां बाहों में

पूरा गगन !

 

 शिक्षित कन्या

प्रतिभाशाली बेटी

सुयोग्य बहू

 

 पिता का मान

ससुराल की शान

क्या क्या न कहूँ  !


आज की बेटी

प्रवाहमान नदी

चंचल हवा  

 

गुणों की खान

समस्या का निदान

मर्ज़ की दवा !

  

प्रखर सूर्य

तो स्निग्ध चन्द्रमा है

शीतल बेटी

 

है ज्वालामुखी

उगलती है लावा

जुझारू बेटी !

 

 मरोड़ती है

रूढ़ियों की उँगली

आज की बेटी


 कर्म का पथ

तोड़ती वर्जनायें

साहसी बेटी !

 

 गढ़ती तन

शुद्ध करती आत्मा

देती संस्कार

 

नयी पीढ़ी को

करती है तैयार

दे सुविचार !

 

 घर की शान

परिवार का मान

शिक्षित बेटी

 

हीरे की कनी

आँगन का उजाला

हमारी बेटी !

 

एक छलाँग

नाप लिये बेटी ने

धरा गगन

 

नन्ही कली ने

बाँध लिये बाहों में

सातों गगन !

 

 साधना वैद

 

Friday, September 18, 2020

प्रेम


 

निश्छल आँसू प्रेम के, अंतस के उच्छवास !
अनुपम यह उपहार है, ले लो आकर पास ! 

दीपशिखा सी जल रही, प्रियतम मैं दिन रात !
पंथ दिखाने को तुम्हें, पिघलाती निज गात ! 

दर्शन आतुर नैन हैं, कब आओगे नाथ !
तारे भी छिपने लगे, होने को है प्रात ! 

नैन निगोड़े नासमझ, नित्य निहारें बाट !
ना आयेंगे प्राणधन, तज दुनिया के ठाट ! 

पवन पियाला प्रेम का, पी-पी पागल होय !
सारा जग सुरभित करे, स्वयम सुवासित होय ! 

गलियन-गलियन घूमती, गंध गमक गुन गाय !
प्रभु चरणों में वास है, क्यूँ न फिरूँ इतराय !  

अंतस आलोकित किया, दिखलाने को राह !
आ बैठो इस ठौर तुम, नहीं और कुछ चाह ! 

मनमंदिर में नेह की, जला रखी है ज्योत !
प्रियतम पथ भूलें नहीं, मिले न दूजा स्त्रोत ! 


साधना वैद
 

Sunday, September 13, 2020

हैरान हिन्दी

 

Hindi Diwas 2019: share images Sms Wishes whatsapp Messages photos to your  friends on hindi diwas - Hindi Diwas 2019: ये SMS, मैसेज, फोटो शेयर कर दें  दोस्तों और करीबियों को हिन्दी


हिन्दी है शान

मातृभाषा हमारी

हमारा मान

हिन्दी हैरान

अपने ही लोगों ने

रखा न मान

 

मातृभाषा का

करते अपमान

शर्म की बात

आज के बच्चे

रोमन में लिखते

हिन्दी की बात

 

समृद्ध भाषा

सबसे वैज्ञानिक

हिन्दी हमारी

उपेक्षित हो

हाशिये पर खड़ी

भाषा हमारी

 

बढ़ता जाता

अंग्रेज़ी का वर्चस्व

पिछड़ी हिन्दी

गोटा किनारी

इंग्लिश की साड़ी में

हिन्दी की चिंदी

 

लिखते जैसे

पढ़ते भी वैसे ही

हिन्दी की खूबी

हिन्दी हमारी

दलदल सियासी

आकंठ डूबी

 

हिन्दी दिवस

सतही उपक्रम

खोखली बातें

उथले वादे

सजावटी संकल्प

मन में घातें

 

अब तो चेतो

मातृभाषा हिन्दी का

करो सम्मान

हिन्दी भाषा का

करो यशवर्धन

करो सुनाम

 

अवमानना

अपनी ही भाषा की

है जहालत

हिन्दी भाषा को 

स्थापित करने की

है ज़रुरत

 

साधना वैद