Followers

Showing posts with label मातृ दिवस पर विशेष. Show all posts
Showing posts with label मातृ दिवस पर विशेष. Show all posts

Saturday, May 7, 2016

मातृ दिवस पर विशेष --- माँ का आभार



संसार की हर माँ के लिये अनंत श्रद्धा एवं कृतज्ञता के साथ 

कौन जगाता 
कौन करता चोटी 
जो माँ न होती 

कहती है माँ 
आगे तभी बढूँगी
जो मैं पढ़ूँगी 

घर न देख 
मेरा हौसला देख 
बेटी की माँ हूँ 

मेरा सपना 
पूरा करती है माँ 
और मैं माँ का 

माँ और बेटी 
बम्बे से बाहर का 
देखें आकाश 

देख लेना माँ 
पाइप से बाहर 
मैं ले चलूँगी 

लक्ष्य है साधा 
उज्ज्वल भविष्य पे 
पूरा करूँगी 

दीदी मारेंगी 
टूटा जो है बटन 
आज न जाऊँ ? 

जाना तो होगा 
लगा दिया है पिन 
नहीं डाटेंगी 

जाऊँगी स्कूल 
हर सज़ा कबूल 
बख्श दे भूल 

करती काम 
चाहे बेटी का नाम 
माँ को सलाम 

रोशन करूँ
ये धरा आसमान 
माँ के नाम से 

माँ की सिखाई 
मानूँगी हर बात 
जाऊँगी स्कूल 

खूब पढ़ूँगी 
सबको पीछे छोड़ 
आगे बढ़ूँगी

तुझसे अच्छी 
और कोई नहीं माँ 
सारे जग में 


साधना वैद

Saturday, May 9, 2015

अम्मा तुझे सलाम

             
                मातृ दिवस पर आप सभीको हार्दिक शुभकामनायें
  

माता के सम्मान को, जो सुत जाये भूल,

हिय में उसका आचरण, चुभता जैसे शूल !



माँ की ममता का कभी, चुका न पाये मोल,

उसके प्यार दुलार का, हर पल है अनमोल !



माँ की नज़रें पारखी, करतीं सबको मूक,

सही गलत के भेद में, कभी न होती चूक !



माँ तेरा निर्मल हृदय, था सबका आवास,

लक्ष्मी, दुर्गा, शारदे, करतीं उसमें वास !



तूने सिखलाया हमें, करना खुद पर मान,

कभी न पल को छोड़ते, धैर्य आत्मसम्मान !



धूप छाँह सी ज़िन्दगी, रंगों का आगार,

हमने माँ हर रंग से, सजा लिया संसार !



माता तेरी सीख का, है मुझ पर उपकार,

तेरी शिक्षा से चले, मेरा घर संसार !



माँ, सागर सी गहनता, पर्वत सा विश्वास,

झरने सी उन्मुक्तता, देते तेरा भास !



जिसने अपनी मात का, किया नहीं सम्मान, 

प्रभु की नज़रों से गिरा, मिला न जग में मान !



श्रद्धा की भावांजली, औ’ आँसू के हार,

अर्पित हैं माता तुझे, अनुपम यह उपहार !







साधना वैद