Followers

Saturday, April 1, 2017

बहती धारा





भोर का तारा
छिपा बही जैसे ही
नूर की धारा

बहे धरा पे
पिघल पर्वत से
चाँदी की धारा

उद्गम स्थल 
आलोकित हो जाता 
रवि आभा से 

छिटकी धूप
समूचे पर्वत पे 
सूर्य प्रभा से 

तपता सूर्य
बना दे नदिया को
सोने की धारा

किनारे खड़े
हरे भरे से पेड़
पन्ने सी धारा

नीलम धारा
हुआ प्रतिबिंबित
नीला आकाश

बहती धारा
बहाती कल मल
निर्विकार हो

बहता जाए
नदिया की धारा में
मेरी भी मन

शीतल धारा
तृषित तन मन
जीवनदायी

निर्मल धारा
कण-कण प्लावित
धरा प्रसन्न

जीवन धारा
बहती प्रति पल 
धीमी गति से

प्रचंड धारा
समस्त जन धन
बहा ले गयी

कुपित धारा
मानव का अज्ञान
आया सैलाब

न छेड़ो तुम
प्रकृति का नियम
पछताओगे


साधना वैद

Tuesday, March 28, 2017

“तो क्या हुआ मिन्नी......”--- लघु कथा







“तो क्या हुआ मिन्नी......”
नन्हा समर सुबकती हुई अपनी छोटी बहन को बड़े प्यार से गोदी में समेटने का प्रयास कर रहा था और बातों से उसका जी बहलाने की कोशिश कर रहा था,
“तो क्या हुआ मिन्नी जो नदी में बाढ़ आ गयी और सारा गाँव उसमें बह गया मैं तो हूँ ना तेरे पास तेरा ख़याल रखने के लिए ! मैं तेरा बहुत ध्यान रखूँगा ! हम दोनों राघव काका के पास चलेंगे ! वो तो कितना प्यार करते हैं हम दोनों से !”
“तो क्या हुआ मिन्नी जो मेरे हाथ छोटे-छोटे हैं ! बाबा ने सिखाया था कभी किसीके आगे हाथ मत फैलाना ! मैं राघव काका के चाय के ठेले पे कप धो दिया करूँगा और तेरे लिए ब्रेड ले आया करूँगा ! हम दोनों मिल कर चाय ब्रेड खाया करेंगे ! ठीक है ना ?”
“तो क्या हुआ मिन्नी जो बाढ़ के संग हमारे माँ, बाबा, घर, सामान सब बह गया ! मुझे अभी भी वो लोरी याद है जो माँ हम दोनों को सुलाते समय गाया करती थी ! मैं रोज़ रात को तुझे वह लोरी सुनाया करूँगा और तू सो जायेगी !”
“तो क्या हुआ मिन्नी जो हमारे पास किताबें खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं ! मैं तुझे स्कूल की क्लास के बाहर ले जाया करूँगा और तू टीचर जी की आवाज़ सुन कर बाहर से ही सारी कवितायें और सबक सीख लेना !”
“तो क्या हुआ मिन्नी........”
नन्हा समर अपनी छोटी बहन को दुनिया की हर वो खुशी देना चाहता था जिसकी वह हकदार थी ! माता-पिता को खोने के बाद अनायास ही वह बड़ा जो हो गया था !
सबसे विकराल प्रश्न जो उसके नन्हे से मस्तिष्क को विचलित कर रहा था वह यही था कि इतने बड़े संसार में अपनी अबोध बहन के साथ वह जीवित कैसे रहेगा !


साधना वैद


 

Tuesday, March 21, 2017

परीक्षा





पास या फेल

मेहनत का फल

मिल जाएगा


पास हो जाते

खूब मन लगा के

जो पढ़ लेते
  

चाय के प्याले

औ’ वक्ती रतजगे

काम न आये


एक ही चिंता

क्या पढ़ें क्या छोड़ दें

कल है पर्चा


जादू हो जाए

याद जो किया वही

पर्चे में आये


बच्चे हैरान

कब होंगे खतम

ये इम्तहान


हे भगवान 
लगाओ बेड़ा पार 
करो कल्याण 



साधना वैद
  

Thursday, March 16, 2017

बाप का साया




आज कमला के हाथ कुछ ज्यादह ही तेज़ी से चल रहे थे ! वैसे भी वह बहुत फुर्तीली है इसमें कोई संदेह नहीं !
“क्या बात है कमला कहीं जाना है क्या ? आज तो तुम्हारा झाडू पोंछा बर्तन कपडे सारे काम आधे घंटे में ही निबट गए ! ठीक से किये भी हैं या ऐसे ही बेगार टाल दी है ?” मेरी आवाज़ में असंतोष झलक रहा था !
“कैसी बात करती हो दीदी ! आप खुद ही देख लो न ! सारा घर चकाचक चमक रहा है ! मैंने दो घर और पकड़ लिए हैं दीदी ! इतनी मंहगाई में दो तीन घरों के काम से गुज़ारा नहीं होता ! फिर आज मुझे बाज़ार भी जाना है ! होली के त्यौहार पर बेटी दामाद घर आयेंगे तो कुछ तैयारी तो करनी पड़ेगी ! बडकी की शादी के बाद की पहली होली है तो उसके सासरे में भी उसके सास ससुर देवर जेठ के लिए कपडे, कचरी, पापड, बड़ी, मंगौरी, फल, मिठाई भेजनी पड़ेगी ! उसका भी इंतजाम करना है नहीं तो ससुराल में उसे सबकी बातें सुननी पड़ेंगी ! दोनों लड़कों की स्कूल की फीस भरनी है ! नए क्लास में आ जायेंगे तो कॉपी किताबें भी खरीदनी पड़ेंगी ! आप ही बताओ और काम नहीं करूंगी तो कैसे इतने खर्चे पूरे होंगे !”
कमला का रेकॉर्ड चालू हो गया था !
“क्यों तुम्हारा घरवाला कुछ भी नहीं कमाता क्या ? सारी जिम्मेदारी तुम्हारी ही है ? वह भी तो कारखाने में काम करता है ना ?” मुझे गुस्सा आ रहा था !
“कमाते क्यों नहीं हैं ! खूब अच्छे पैसे मिलते हैं उन्हें ! लेकिन घर खर्च के लिए कभी सौ रुपये भी नहीं दिए ! सारे पैसे दारू और जूए में कहाँ खर्च हो जाते हैं ये तो वो ही जाने ! उलटे मुझसे ही माँग कर ले जाते हैं ! मना कर दूँ तो रोज़ कलेस हो घर में !”
“अरे तो क्यों उसका पल्लू थामे बैठी हो ! पीछा छुडाओ उससे अपना !” मैं उत्तेजित होकर बोली !
“कैसी बातें कर रही हो दीदी ?” कमला का चेहरा बेरंग हो उठा था ! “वो जैसे भी हैं मेरे सारे तीज त्यौहार चूड़ी, बिंदी, सिन्दूर, बिछुआ सब उन्हीं से तो हैं दीदी ! घर में पैसे नहीं देते तो न सही पर बच्चों के सर पर बाप का साया तो है !”
अब अवाक होने की बारी मेरी थी !

साधना वैद