Followers

Showing posts with label दोहे अम्मा तुझे सलाम. Show all posts
Showing posts with label दोहे अम्मा तुझे सलाम. Show all posts

Saturday, May 9, 2015

अम्मा तुझे सलाम

             
                मातृ दिवस पर आप सभीको हार्दिक शुभकामनायें
  

माता के सम्मान को, जो सुत जाये भूल,

हिय में उसका आचरण, चुभता जैसे शूल !



माँ की ममता का कभी, चुका न पाये मोल,

उसके प्यार दुलार का, हर पल है अनमोल !



माँ की नज़रें पारखी, करतीं सबको मूक,

सही गलत के भेद में, कभी न होती चूक !



माँ तेरा निर्मल हृदय, था सबका आवास,

लक्ष्मी, दुर्गा, शारदे, करतीं उसमें वास !



तूने सिखलाया हमें, करना खुद पर मान,

कभी न पल को छोड़ते, धैर्य आत्मसम्मान !



धूप छाँह सी ज़िन्दगी, रंगों का आगार,

हमने माँ हर रंग से, सजा लिया संसार !



माता तेरी सीख का, है मुझ पर उपकार,

तेरी शिक्षा से चले, मेरा घर संसार !



माँ, सागर सी गहनता, पर्वत सा विश्वास,

झरने सी उन्मुक्तता, देते तेरा भास !



जिसने अपनी मात का, किया नहीं सम्मान, 

प्रभु की नज़रों से गिरा, मिला न जग में मान !



श्रद्धा की भावांजली, औ’ आँसू के हार,

अर्पित हैं माता तुझे, अनुपम यह उपहार !







साधना वैद