Followers

Saturday, December 16, 2023

अपशगुनी - लघुकथा

 


सुधा के नंदोई नहीं रहे थे ! छोटे-छोटे पाँच बच्चों की कच्ची गृहस्थी छोड़ कर उन्होंने परलोक की राह पकड़ ली ! सुधा का हृदय दुःख से विदीर्ण हो रहा था ! दीदी कैसे सम्हालेंगी सबको ! आज ननद जी को कचला घाट पर गंगा स्नान के लिए ले जाया जाना था ! बड़े परिवार में छह सात देवरानी जिठानी के होते हुए भी दीदी के साथ सिर्फ सुधा के पति गौरव, उनके एक जेठ, एक देवर और एक बेटा ही गया ! सुधा को अजीब लग रहा था ! वह साथ जाना चाहती थी लेकिन सबने जोर देकर उसे मना कर दिया ! “ऐसे में औरतें नहीं जाती हैं साथ !”

सुधा मन मसोस कर रह गयी ! हमेशा बड़े सलीके से सज धज कर रहने वाली दीदी ने जब अपने सभी सुहाग चिन्हों को गंगा में विसर्जित कर गौरव की लाई हुई सफ़ेद साड़ी पहन कर घर में प्रवेश किया तो घर की सारी विवाहित स्त्रियाँ कमरों में दरवाज़े बंद कर अन्दर बैठ गईं ! दीदी की देवरानी ने सुधा को भी बलपूर्वक अपने साथ ले जाना चाहा ! “चलो अन्दर तुम भी ! अपशगुनी का मुँह अभी न देखो ! जो देख लेता है उसके साथ भी ऐसा ही होता है !”

सुधा का तन मन सुलग उठा ! हर तरह से टूटी बिखरी दीदी को ऐसे कैसे नि:संग कर दे वह ! उसने पलक झपकते ही दीदी को अपनी बाहों में बाँध लिया और उनकी गोद में मुँह छिपा सुबक पड़ी !   

 

साधना वैद


Thursday, November 30, 2023

आक्रोश - एक लघुकथा

 

 


“आशू, चलो अन्दर ! मुझे किटी में जाना है ज़रा मुझे सुधा आंटी के यहाँ छोड़ आओ !”

“आया मम्मी पाँच मिनिट में ! बस थोड़ा सा ही और बचा है !”

“सुना नहीं तुमने ? दादाजी के काम तो कभी ख़तम होते ही नहीं ! मुझे देर हो रही है ना !”

मम्मी की आवाज़ में खीझ और क्रोध दोनों साफ़ समझ में आ रहे थे ! दादाजी का लाड़ला किशोर आशू इस समय उन्हें बाहर के कमरे में अखबार पढ़ कर सुना रहा था !

बहू अर्पिता का कर्कश स्वर दादा जी को सशंकित कर गया ! कहीं भोले भाले आशू को उन्हें अखबार पढ़ कर सुनाने की सज़ा न भुगतनी पड़ जाए ! कल रात अँधेरे में पानी का जग टेबिल पर रखते समय उनका चश्मा नीचे गिर कर टूट गया ! बहू को पता चलेगा तो और बवाल होगा !

“जाओ बेटा ! मम्मी बुला रही हैं ना ! मम्मी को मत बताना मेरा चश्मा टूट गया है ! मैं बाद में अखबार सुन लूँगा !” दादाजी की आवाज़ में बेचारगी झलक रही थी !

आशू को मम्मी पर बहुत गुस्सा आ रहा था ! अगली गली में ही चार घर छोड़ कर सुधा आंटी का घर है ! अखबार कोने में फेंक अन्दर कमरे में जाते हुए उसने गुस्से में जोर से मेज़ को ठोकर मारी ! काँच का जग नीचे गिर कर चूर-चूर हो गया था और आशू का पैर लहू लुहान !



चित्र - गूगल से साभार  

साधना वैद


Thursday, November 23, 2023

चलते ही चलें

 



चलो न चलें

कहीं तो चलें


इधर नहीं तो

उधर ही चलें


नीचे नहीं तो

ऊपर ही चलें


घाटी में नहीं

पहाड़ी पर चलें


तेज़ नहीं तो

धीरे ही चलें


गाड़ी नहीं तो

पैदल ही चलें


चलना ही है

  तो अभी चलें  


समय को बचाएं

और जल्दी चलें


थक जाएँ तो

ठहर कर चलें


गिर न जाएँ

सम्हल कर चलें 


जीवन गति है

समझ कर चलें


रुकेंगे न हम

कसम ले चलें


मौत है रुकना

जान कर चलें


चलना है जीवन

रुकें न चलें


चलें और चलें

चलते ही चलें

 

साधना वैद

 

 


Sunday, November 19, 2023

बचपन की दीवाली

 



अपने बचपन की दीवाली की जब याद आती है तो बरबस ही मुख पर मुस्कान छा जाती है ! बहुत ही उमंग भरे सुखदाई दिन होते थे वो ! रक्षा बंधन और जन्माष्टमी के समाप्त होते ही घर की रंगाई पुताई का कार्यक्रम शुरू हो जाता था ! अधिकाँश कमरों में तो सफेदी ही की जाती थी लेकिन घर के ड्राइंगरूम और प्रमुख कमरों में डिस्टेम्पर किया जाता था ! कई दिनों तक यह कार्यक्रम चलता ! घर का सारा सामान बाहर निकल जाता ! रात को बारिश में कहीं भीग न जाए तो उस पर त्रिपाल डाल कर ढक दिया जाता ! कमरों में कई दिनों तक रंग रोगन की महक भरी रहती ! सारे सामान को झाड़ पोंछ कर, सहेज सँवार कर सुव्यवस्थित तरीके से फिर से कमरों में जमा दिया जाता ! आने वाले उत्सव त्योहार को ध्यान में रखते हुए पितृ पक्ष आरम्भ होने से पहले ही बाज़ार से मम्मी आवश्यक्ता के अनुसार कपड़े खरीद कर ले आतीं ! और फिर दिन रात उनकी मशीन चलती ! उस ज़माने में मर्दाने कपड़ों के अलावा सारे कपड़े घर पर ही सिले जाते थे ! परदे हों, सोफे कुर्सियों के कवर हों, कुशन कवर हों, तकियों के गिलाफ हों या हमारे सलवार सूट हों, फ्रॉक गरारे हों या ब्लाउज इत्यादि हों ! हर कपड़ा घर में सिला जाता था और दशहरे दीवाली तक सबके पास नए कपडे हों पहनने के लिए मम्मी इस बात का पूरा ध्यान रखती थीं इसलिए उनकी मशीन अनवरत रूप से नए-नए डिज़ाइनदार कपड़ों के उत्पादन में व्यस्त रहती थी !

नवरात्रि के साथ ही उत्सव का वातावरण बन जाता था ! मम्मी चिकनी मिट्टी और गोबर के लेप से दीवार के एक हिस्से को रोज़ लीपती थीं ताकि उस पर वे करवा चौथ लिख सकें ! किसी विशिष्ट तिथि से वे रोज़ गोबर मिट्टी से तैयार किये गए उस हिस्से पर  पिसे चावलों के घोल से करवा चौथ की कथा के पारंपरिक पात्रों के चित्र भी थोड़े थोड़े उकेरती रहती थीं ! चारों तरफ खूबसूरत फूल पत्ती वाला बॉर्डर भी बनाती थीं ! यह सिलसिला करवा चौथ तक चलता था ! हम लोग भी उसमें उनका सहयोग करते थे ! नव रात्रि का आयोजन भी साथ में चलता रहता था ! नवमी के दिन कन्या लाँगुरों को खिलाने का कार्यक्रम भी विधि विधान से संपन्न किया जाता था ! दशहरे के दिन अस्त्र शस्त्र और कलम दवात की पूजा होती थी ! घर के सारे पेन, होल्डर्स, कलम, दवात आदि धोकर साफ़ करके पूजा में रखे जाते थे ! सारे अस्त्र शस्त्रों को भी चमकाया जाता था ! शाम के समय हम सब लोग रावण दहन के समारोह को देखने के लिए बाबूजी के साथ दशहरा मैदान भी जाते थे ! लौटते समय शमी वृक्ष के पत्तों को तोड़ कर लाना नहीं भूलते थे ! दशहरे की शुभकामना स्वरुप इन्ही पत्तों को एक दूसरे को देने की प्रथा थी जो लंकादहन के बाद लुटे गए सोने का प्रतीक माने जाते थे ! मध्यप्रदेश में दशहरे के अवसर पर सबके घर मिलने जाने की प्रथा अधिक प्रचलित है !

करवा चौथ के त्योहार के बाद दीपावली की तैयारियाँ शुरू हो जाती थीं ! बड़े-बड़े पटाखे जैसे अनार, लड़ियाँ, बम और रोकेट व आतिशबाजी वाले पटाखे तो दीवाली के आस पास ही खरीदे जाते थे लेकिन हम बच्चे लोग दिन में चलाने वाले पटाखे दीवाली के कई दिन पहले से ही खरीद कर ले आते थे और हम बच्चों का धमाल दीवाली के कई दिन पहले से ही शुरू हो जाता था ! उन दिनों गोल गोल बड़े कंचे के आकार का एक पटाखा आता था जिसमें कागज़ के अन्दर बारूद जैसी कोई चीज़ भरी होती थी ! उसे भीत फोड़ कहते थे ! उसे पूरी ताकत से दीवार पर फेंक कर मारते थे तो ज़ोर की आवाज़ के साथ वह फूट जाता था ! उसमें हमें बहुत मज़ा आता था ! इस पटाखे को हम दिन में ही चलाते थे ! रात में जो फूटते नहीं थे वो खो जाया करते थे ! सुबह तक ओस में भीग कर वे गीले हो जाते थे और बेकार हो जाते थे इसलिए उन्हें दिन में ही चलाते थे ! लाल हरी रंगीन माचिस और साँप का खेल भी दिन में ही होता था ! एक और पटाखा आता था जिसका नाम चिटपिटी होता था ! गत्ते के पीस पर लाल रंग के दाँत जैसे इसमें बने होते थे जिसे रगड़ कर आग निकाली जाती थी ! थोड़े बड़े हुए तो मोनो रेल आने लगीं ! बगीचे में सबसे दूर के पेड़ों से डोरी बाँध कर मोनो रेल को चलाते थे और जब वह दूसरे छोर से पलट कर आती थी तो सब बेहद खुश होते थे ! बीच में कई बार डोरी भी जल कर टूट जाती थी ! उसे बार बार जोड़ लगा कर ठीक करने में भी बहुत वक्त लग जाता था ! लेकिन यह सब दीपावली के उत्सव का एक हिस्सा ही माना जाता था ! रात में तो फुलझड़ी, अनार, चकरी, रॉकेट और लड़ियाँ ही चलाते थे ! बम चलाने का विशेषाधिकार भैया के पास ही होता था ! हमें घबराहट भी होती थी और मम्मी चलाने भी नहीं देती थीं ! दीवाली वाली की रात को अपने बाबूजी के साथ शहर की रोशनी देखने जाने का क्रम भी कभी नहीं टूटता था ! मम्मी घर में बड़ी सी झाँकी सजाती थीं ! पूरे विधि विधान से लक्ष्मी गणेश का पूजन होता था और बहुत सुन्दर रंगोली सजाई जाती थी ! उस दिन घर में मौजूद सारे आभूषणों और सारे पुराने सिक्कों को चमका कर पूजा में रखा जाता था ! ब्रासो से सिक्के चमकाने का काम हमें सौंपा जाता था ! मम्मी तरह-तरह के पकवान बनाती थीं जिन्हें हम लोग बड़े ही शौक से खाते थे ! लक्ष्मी पूजन के बाद पटाखे चलाये जाते थे ! बाबूजी हमेशा हम लोगों के साथ ही रहते थे और हम बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह से सावधान और सतर्क रहते थे ! वे पानी से भरी दो बाल्टी हमेशा पास में रखवा लेते थे ! आज भी उमंग और उत्साह से भरे वो दिन बहुत याद आते हैं ! जैसा जोश, और उल्लास तब अनुभव होता था अब नहीं होता !

कुछ दुर्घटनाओं की दिल दहलाने वाली स्मृतियाँ भी है जो आज भी याद आ जाती हैं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं ! यह खाचरौद की बात है ! हम बहुत छोटे थे तब ! यही कोई चार पाँच साल के होंगे ! भैया हमसे तीन साल बड़े थे ! हम लोगों के यहाँ उन दिनों एक बड़ा ही खूबसूरत अल्सेशियन डॉग था उसका नाम टाइगर था ! हम बच्चे सुबह के समय आस पड़ोस के बच्चों के साथ चिटपिटी चला रहे थे ! टाइगर हमारे साथ ही हमारे खेल को बड़े ध्यान से देख रहा था ! चिटपिटी जैसे ही चलती हम सब बच्चे खूब खुश होते और ताली बजा कर कूदने लगते ! टाइगर भी बहुत उत्तेजित हो जाता ! उसे लगा यह चिटपिटी ही बड़ी ख़ास चीज़ है ! मौक़ा लगते ही वह पास में रखी चिटपिटी के कई पत्ते मुँह में दबा कर भाग गया और उसने सबको कुतर कर खराब कर दिया ! जब तक हम सब उससे पत्ते छुड़ा पाते उसके पेट में बहुत सा बारूद चला गया और उसकी तबीयत बहुत खराब हो गयी ! डॉक्टर्स ने बहुत कोशिश की उसे बचाने की लेकिन उसके प्राणों की रक्षा वे नहीं कर सके ! हमारा प्यारा टाइगर, हमारे घर की शान, हमारा सबसे प्यारा दोस्त हमें छोड़ कर भगवान् के पास चला गया ! दीवाली के साथ टाइगर की याद एक टीस की तरह ज़िंदगी भर हमारे साथ चलती रही !

इसी तरह एक बार खरगोन में हमारे सामने ही पटाखों की सात दुकानों में आग लग गयी थी ! उन दिनों हम पाँचवी कक्षा में पढ़ते थे ! दिन में आड़े तिरछे हर दिशा में रॉकेट अनार बम आदि जिस तरह से घंटों चलते रहे और जैसी अफरा तफरी उस दिन मची थी उसकी दहशत सालों मन पर छाई रही ! गनीमत यही रही कि आग अस्थाई ठेलों पर लगी हुई दुकानों में लगी थी ! जगह खुली हुई थी ! चिंगारी लगते ही सब बहुत दूर हट गए तो भीषण दुर्घटना होने से बच गयी ! केवल पटाखे ही राख हुए किसीको शारीरिक क्षति नहीं हुई !

एक बार मैं अपनी सहेली के यहाँ दीवाली पर पटाखे चला रही थी ! अनार को हाथ से जला कर नीचे रख रही थी सारे अनार बड़े मज़े से चल रहे थे ! मुझे दीवाली के पटाखों में सबसे अच्छे अनार ही लगते हैं ! सारा घर रोशनी में नहा जाता है और उत्सव का पूरा आनंद भी मिल जाता है ! अनार चलाने में मुझे बड़ा मज़ा आ रहा था ! सहेली और उसके छोटे भाई बहन भी खूब आनंद ले रहे थे ! हम सबके बीच बड़े बहादुर समझे जा रहे थे तो और बेपरवाह होकर रिस्क उठाने से भी पीछे नहीं हट रहे थे ! एक अनार का फ्यूज़ वायर शायद कुछ छोटा था ! उसे दीये से सुलगा कर हम जैसे ही ज़मीन पर रखने लगे वह हमारे हाथ में ही फट गया ! बहुत जोर से हाथ जल गया ! सीधा हाथ था तो कई दिनों तक कोई भी काम करने में, खाना खाने में, नहाने धोने में, लिखने पढ़ने में बहुत तकलीफ हुई ! तब से एक सबक सीखा और फिर कभी भी अनार को हाथ से सीधे नहीं जलाया ! जब भी जलाया फुलझड़ी से ही जलाया ! कई दिनों में चोट ठीक हुई ! उस बार की चोट तो ठीक हो गयी लेकिन मन पर बड़ी गहरी लकीर छोड़ गयी !

जीवन में खट्टी मीठे हर तरह के अनुभव होते हैं ! इन्हीं में उनका आनंद भी है और सार्थकता भी ! जो सबसे मधुर है, सबसे सुन्दर है, सबसे अच्छा है वह इसीलिये सर्वोत्तम है क्योंकि उसकी तुलना में कुछ ऐसा भी है जो उससे कम अच्छा है, कम सुन्दर है और कम मधुर है या कहिये कड़वा है ! जो बुरा न होता हमें अच्छे का महत्त्व पता ही कैसे चलता ! इसलिए मन में संचित इन सभी स्मृतियों को हमारा शत शत नमन !    

 

साधना वैद


Friday, November 10, 2023

होता चमन दिल

 



सिंहावलोकन विधा में रचना

 

राह तकूँ साजन की निसदिन

निसदिन गीत प्रेम के लिखती

लिखती जी भर प्यारी पतियाँ

पतियाँ जिन्हें मैं खुद ही पढ़ती

पढ़ती, पढ़ कर उड़ती जाऊँ

जाऊँ पिया को संग ले आऊँ

आऊँ जब आ जाना संग

संग जमायेंगे हम रंग !

 

तुमने पुकारा तो कैसे न आते

आते तो साथ अपना माजी भी लाते

लाते साथ अपने माजी के साए

साए रहे संग कोई आये या जाए

जाए वो जिससे निभाना हो मुश्किल

मुश्किल भी ऐसी न निकले कोई हल

हल का निकलना आसाँ जो होता

होता चमन दिल नसीबा न रोता !

 

चित्र - गूगल से साभार 


साधना वैद

 


Monday, November 6, 2023

छोटी सी कहानी

 



आँखों में पानी
दुःख भरी कहानी
तुमने लिखी थी
हमें थी सुनानी
इंसाँ है नश्वर
दुनिया है फानी
मंज़र नया है
सदा थी पुरानी
तुम थे दीवाने
मैं भी दीवानी
चंचल थे ऐसे
नदिया का पानी
हवाओं से बेहतर
थी अपनी रवानी
दुनिया ने माना
तुमने न मानी
रीत चुका अब
आँखों का पानी
ख़त्म करो किस्सा
बंद ये कहानी !

चित्र -- गूगल से साभार


साधना वैद

Thursday, November 2, 2023

शब्द सीढ़ी

 


स्वार्थ भरे इस जगत में मिले सयाने लोग

सब अपने में लीन हैं जाने कैसा रोग

 

प्रेम भाव का जगत में नहीं आज कुछ मोल

चौंक पड़े हैं कान भी सुन कर मीठे बोल

 

है स्वभाव का दास वो आदत से मजबूर

किसको हम अपना कहें दिल है गम से चूर

 

काश न होता इस कदर लोगों में बदलाव

काश न ऐसे डूबती बीच भँवर में नाव  

 

सोगवार हैं हम सभी खो अपनी पहचान  

कभी जगत था मानता हमें गुणों की खान !

 

चित्र -- गूगल से साभार 

साधना वैद