Followers
Friday, November 6, 2026
एक कातर प्रार्थना
Friday, October 30, 2026
पत्रिका सी तुम
आती हो तुम मेरे घर में
हर रविवार को किसी
साप्ताहिक पत्रिका सी !
ढेर सारी खुशियों की सौगात लिए
मेरे दिल की तो जैसे
कली-कली खिल जाती है !
किसी आध्यात्मिक आलेख सी
तुम मेरे मन की दुश्चिंताओं के
समाधान मुझे सुझाती हो
मेरे मन की शंकाओं का
शमन कर मुझे शांत कर देती हो !
किसी रोचक कहानी की तरह
मेरी कल्पनाओं को, मेरे सपनों को
कल्पना के पंख देकर
उड़ान भरने के लिए
आसमान में पहुँचा देती हो !
मुझे एक बेहतर इंसान बनाने के लिए
किसी वैचारिक आलेख की तरह
मेरे अन्दर सामाजिक सरोकारों के प्रति
एक अलख सी जगा देती हो !
हर साप्ताहिक पत्रिका की तरह
तुम भी मेरे घर की रसोई को
स्वादिष्ट व्यंजनों की सुगंध से
सुरभित कर देती हो और
मेरे क्षुधित उदर को
साक्षात अन्नपूर्णा की तरह
संतुष्ट और तृप्त कर देती हो !
हर लोकप्रिय पत्रिका में
मन की थकन को दूर करने के
जो हँसी के आभासी गोलगप्पे
प्लेटों में सजे दिखाए जाते हैं
तुम सचमुच के गोलगप्पे खिला कर
मेरे मन की तिक्तता, रिक्तता,
कटुता को दूर भगा कर
मेरी हर व्याधि का
उपचार मनोरंजक बातों से
कर जाती हो और मुझमें फिर से
एक उल्लास, एक उमंग, एक जोश
और ढेर सारी ऊर्जा को जगा जाती हो !
मुझे अपनी इस साप्ताहिक पत्रिका से
बहुत प्यार है और तुम्हारे जाने के बाद
मैं फिर से अगले हफ्ते
तुम्हारे आने का इंतज़ार
बड़ी शिद्दत के साथ
करने लगता हूँ !
Thursday, October 22, 2026
बस ! अब और नहीं
“आज शाम को छह बजे आप ‘हमराज़’ कैफे में आ जाइये
! केबिन में बैठ कर कॉफ़ी के साथ-साथ अगला प्रोजेक्ट भी डिस्कस कर लेंगे |” बॉस ने
अर्थपूर्ण दृष्टि से देखते हुए नलिनी से कहा !
नलिनी बॉस का कुत्सित इशारा समझ रही थी | वह
खून का घूँट पीकर रह गयी लेकिन कुछ कह न सकी !
“आपका टेलर कौन सा है नलिनी | फिटिंग बहुत
बढ़िया होती है आपके कपड़ों की |”
सारे शरीर पर रेंगती बॉस की ललचाई नज़रें उसे
कचोट रही थीं | रोज़ रोज़ की इस बदनीयती को कब तक नज़रअंदाज़ करती रहे वह !
नलिनी ने कठोर दृष्टि से बॉस को घूरा ! कुछ
सकपका कर बॉस ने जोड़ा, “वो मेरी बेटी दीपा कह रही थी एक दिन ! किसी दिन उसे भी ले
जाइयेगा अपने साथ अपने टेलर के पास !”
“जी सर !” कह कर नलिनी बॉस के केबिन से बाहर
आकर अपनी डेस्क पर कुछ टाइप करने लगी !
इस बार मुट्ठी में अपना त्यागपत्र थामे नलिनी दृढ़
कदमों से बॉस के कमरे की ओर बढ़ रही थी |
साधना वैद
Monday, October 12, 2026
देवी को न देवता को ....
आज शालिनी के उत्साह और जोश का कोई ठिकाना नहीं था ! शादी के बाद बेटी अपूर्वा पहली बार ससुराल से अपने मायके आई थी ! आज उसने अपनी सभी सहेलियों को मिलने के लिए बुलाया था ! शालिनी सुबह से बेटी की पसंद के पकवान बनाने में लगी हुई है ! तय समय पर सभी सहेलियाँ आ गईं और सभी ने स्वाद ले ले कर हर व्यंजन खूब सराहते हुए तृप्त होकर खाया !
“अरे, तुम लोगों ने तो कुछ खाया ही नहीं ! सब ख़तम करो ! कुछ भी बचना नहीं चाहिए ! अभी तो सभी कुछ वैसा ही रखा हुआ है !” शालिनी सबकी मनुहार में लगी हुई थी !
तभी दरवाज़े पर जमादारनी आ खड़ी हुई !
“बीबी जी, कुछ हो बचा खुचा तो दे दो मुझे भी आज तो बच्चों के मुँह में दाना भी नहीं गया है ! बड़ी आस लेकर आई हूँ !”
शालिनी की त्योरियाँ चढ़ गईं, “देख नहीं रही हो मेहमान आये हैं घर में ! देवी को न देवता को नकटा भूत को पहले दे दो ! जाओ अभी ! सुबह आना तब देखेंगे !”
अपूर्वा हतप्रभ हो उठी थी ! उसने आवाज़ देकर रोका जमादारनी को !
“रुको अम्माँ !” तीखी नज़रों से शालिनी को घूरते हुए मेज़ पर रखे सारे बचे हुए पकवान उसने एक थैली में डाल कर जमादारनी को दे दिए !
"ले जाओ अम्माँ ! बच्चों को खिला देना घर ले जाकर !" जमादारनी खूब आसीसें देती हुई गदगद भाव से गई !
“क्या मम्मी तुम भी... !” शालिनी का चेहरा बदरंग हो उठा था !
साधना वैद
Friday, October 9, 2026
नसीहत

नव विवाहिता चित्रा अपनी ससुराल में गृहस्थी के सबक सीख रही थी ! पढ़ने में बेहद मेधावी और संगीत, अभिनय, स्पोर्ट्स सब में सबसे आगे रहने वाली चित्रा विवाह की दौड़ में भी सबसे आगे रही ! पिताजी के सेवा निवृत हो जाने के कारण उसका विवाह भी सबसे पहले हो गया और पढाई-लिखाई, खेलकूद, अभिनय, संगीत सब पीछे छूट गए ! अपने घर में सबसे बिंदास, खुशमिजाज़ और मस्तमौला चित्रा रूढ़िवादी ससुराल में परिवार की सबसे बड़ी बहू बन कर आई जिसके कंधे पर गृहस्थी के सुचारू संचालन का भार तो था ही अपने छोटे सदस्यों के सामने अपने अनुशासित आदर्श व्यवहार का उदाहरण रखना भी था ताकि वे घर की परम्परा का पूरी तरह से निर्वाह करने में कभी भूल न करें ! इसीलिये अति अनुशासन प्रिय सासू माँ की सख्त नज़र सदैव चित्रा पर रहती कि किसी भी काम में उससे कोई भूल न हो जाए ! ज़रा सी गलती पर चित्रा को डाँट भी बहुत पड़ती ! चित्रा बेचारी मन ही मन घुटती रहती लेकिन किसीसे कुछ न कहती ! मन में विद्रोह की ज्वाला भड़कती तो भी वह उसे जैसे-तैसे शांत कर लेती !
चित्रा के पति सौमित्र सब कुछ देखते समझते हुए भी अपनी माँ से कुछ न कह पाते ! उनकी परवरिश और संस्कार आड़े आ जाते ! लेकिन चित्रा की घुटन भी उन्हें नागवार लगती !
एक बार सौमित्र चित्रा को अपने साथ फिल्म दिखाने के लिए ले जाना चाहते थे ! माँ से अनुमति माँगने की हिम्मत चित्रा की हो नहीं रही थी और सौमित्र खुद पूछने में संकुचित हो रहे थे ! जैसे-तैसे बहुत समझाने पर चित्रा ने डरते-डरते सासू माँ से सौमित्र के साथ फिल्म देखने जाने की इजाज़त माँगी ! आशा के अनुरूप उनका गुस्सा सातवें आसमान पर था !
“तुम सिनेमा देखने चली जाओगी तो रात का खाना कौन बनाएगा ? एक तो वैसे ही तुम्हें कुछ आता-जाता नहीं है ! उस पर सारा ध्यान सिंगार पटार में और घूमने फिरने में लगा रहता है !”
“नहीं माँ जी ! इनकी मर्जी है जाने की !” चित्रा ने सहमते हुए प्रतिवाद किया !
“तो तुम्हीं ने कहा होगा उसे सिनेमा ले जाने लिए ! मन लगता कहाँ है तुम्हारा घर के कामों में !”
आँखों में आँसू भरे हुए चित्रा कमरे में आ गयी ! सौमित्र का चेहरा तमतमाया हुआ था ! ज़ाहिर है उन्होंने सारी बातें सुन ली थीं ! चित्रा की पीठ पर स्नेह से थपकी देते हुए उन्होंने एक ही बात कही -
“चित्रा, सत्ता किसीको भी प्लेट में सजी हुई नहीं मिलती न उसके लिए तुम घर वालों की भीड़ जुटा कर मोर्चाबंदी कर सकती हो ! उसके लिए तो तुम्हें खुद ही प्रयत्न करने होंगे अपनी समझदारी से ! कभी नरमी से तो कभी सख्त होकर भी !”
साधना वैद
Sunday, October 4, 2026
मदर्स डे - लघुकथा
आज विधायक जी के घर में बड़ी चहल-पहल थी ! शहर के एकमात्र वृद्धाश्रम में उन्हें आज मदर्स डे के अवसर पर वहाँ रहने वाली निराश्रित महिलाओं को सम्मानित करने के लिए जाना था ! विधायक जी की पार्टी के लोग, शहर के सभी प्रशासनिक अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी एवं पत्रकारों का अच्छा खासा जमावड़ा था ! पुष्प मालाओं की टोकरी, मिठाई के डिब्बे और नई साड़ियों के पैकेट्स गाड़ियों में रखवाए जा रहे थे ! विधायक जी की पत्नी भी बड़े सलीके से सजी हुई साथ जाने के लिए विधायक जी के पास आकर खड़ी हो गयी थीं !
सारी तैयारियों के साथ यह काफिला नियत समय पर वृद्धाश्रम पहुँच गया ! बड़े ही भव्य आयोजन में अपने घर परिवार से तिरस्कृत होने के बाद इस वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हुई सभी बुज़ुर्ग महिलाओं को विधायक जी ने सादर चरण स्पर्श कर पुष्पहार पहना कर सम्मानित किया ! विधायक जी की पत्नी ने उन्हें नई साड़ियाँ भेंट कर मिठाई के लड्डू खिलाए ! रुँधे हुए गले से विधायक जी ने जीवन में माँ की महत्ता एवं स्थान का बड़ा ही भावपूर्ण सारगर्भित भाषण दिया ! पत्रकार और फोटोग्राफर पल-पल की तस्वीरें अपने कैमरे में कैद करते जा रहे थे !
“माता का स्थान तो स्वर्ग से ऊपर भी होता है ! माँ के चरणों में ही तो सारे धाम हैं ! जिसने सच्चे मन से माँ की सेवा की उसे तो जीते जी इस संसार में ही मोक्ष मिल जाता है !” भाषण लंबा था ! तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ और विधायक जी का काफिला विजयी भाव से सभा स्थल से लौट चला ! घर पहुँचते ही विधायक जी के ड्राइंग रूम में मटमैली सी पुरानी धोती में एक क्षीणकाय दुर्बल स्त्री ने प्रवेश किया, “काय लल्ला आज तो हमें भी लड़ुआ मिली हैं के नाय ? कितेक दिना से कछु मीठो नाय चखो ! कोऊ बताय रओ हतो, बो का कहत हैं बाए, हाँ आज मदर्स डे है ! जा के लाने ही तुम सबन को लड़ुआ बाँटबे को गए रहे !”
साधना वैद
Friday, October 2, 2026
बापू तुम्हें प्रणाम
तुमसा जग में कोई
न था, न हुआ, न शायद होगा
मानवता के प्रति
तुम्हारी निष्ठा को प्रणाम
बापू तुम्हें प्रणाम !
तुम सोये तो एक संकल्प लेकर,
तुम जागे तो दृढ निश्चय के साथ
अपने उसूलों पर तुम डटे रहे
पूरी प्रतिबद्धता के साथ
देश के उत्थान के हित
तुम्हारे समर्पण को प्रणाम
बापू तुम्हें प्रणाम !
सत्य अहिंसा के तुम पुजारी थे,
दया, करुणा, प्रेम सब गुणों पर भारी थे
मानवता बसी थी तुम्हारी रग-रग में,
स्वतन्त्रता का नारा दिया था
पूरे विश्वास के साथ सम्पूर्ण जग में
तुम्हारी जिजीविषा,
तुम्हारी हठ को प्रणाम
बापू तुम्हें प्रणाम !
तुम्हारे उसूल, तुम्हारे सिद्धांत,
तुम्हारे आदर्श, तुम्हारे वृत्तांत
श्रद्धा से सुनता है सारा संसार,
मनाता है जन्मदिन तुम्हारा
इस धरा का हर देश
सातों सागर पार
तुम्हारा जीवन, तुम्हारा आचरण
आज भी जन-जन के लिए
अनुकरणीय है,
वन्दनीय है, नमनीय है !
तुम्हारे देवत्व को प्रणाम
बापू तुम्हें प्रणाम !
साधना वैद
Thursday, October 1, 2026
टमाटर का सूप - लघुकथा
आज घर में बड़ी चहल पहल सी थी । पूरे घर को बड़े करीने से सजाया गया था, मेज़ पर ताज़े फूलों का गुलदस्ता था, किचिन से आती स्वादिष्ट पकवानों की सुगंध सारे घर में भरी हुई थी । शाम को ऋतु दीदी को देखने के लिए मेहरा साहेब सपरिवार आने वाले हैं । सुप्रिया उन्ही की आवभगत की तैयारियों में जुटी थी । सुप्रिया के पति ज्ञानेश बारीकी से हर व्यंजन को निरख परख रहे थे । सभी कुछ बहुत बढ़िया था । अचानक उन्हें खयाल आया कि सुप्रिया ने सूप तो बनाया ही नहीं । सुप्रिया टमाटर का सूप बहुत ही बढ़िया बनाती है । उन्होंने पूछ ही लिया
"सुप्रिया सूप बना लिया क्या ? मुझे तो चखाया ही नहीं । टमेटो सूप के साथ सूप स्टिक्स रखना मत भूलना ।"
"हाय राम सूप का तो ध्यान ही नहीं रहा मुझे । अब तो टमाटर भी दो चार ही बचे हैं ।अब क्या करें । सूप स्टिक्स भी खत्म हो गई हैं । सुनिये पंकज से कहिये ना जल्दी से बाज़ार से टमाटर और सूप स्टिक्स ला दे साथ ही कॉर्नफ्लोर का डिब्बा भी ले आए । सूप तो हाल बन जाएगा । बस सामान जल्दी से आ जाए ।"
पंकज मम्मी पापा की बातें सुन कर चुपचाप खिसकने की योजना बना रहा था कि ज्ञानेश जी ने उसे ज़ोर से आवाज लगाई ।
"पंकज ज़रा बाजार से मम्मी को कुछ सामान लाकर दे दो जल्दी से । शाम को कुछ मेहमान आ रहे हैं डिनर पर । जल्दी जाओ । वरना देर हो जाएगी ।"
पंकज का फ्यूज उड़ गया था । बिना सूप के भी तो खाना खाया जा सकता है । क्या मुसीबत है । सब्जी मंडी में कितनी भीड़ होती है । कीचड़ गंदगी अलग से । झल्लाया हुआ वह सुप्रिया के पास पहुँचा ।
"क्या मम्मी आपको हर चीज एन वक्त पर ही क्यों याद आती है । टमाटर का सूप नहीं बनेगा तो क्या वो लोग दीदी को रिजेक्ट कर जाएंगे । वैसे भी कौन पसंद करता है टमेटो सूप आजकल । इतना बेकार का होता है । फ्रूटी के डिब्बे ला देता हूँ सूप की जगह वो सर्व कर देना ।"
सुप्रिया ने घूर कर पंकज को देखा । ज्ञानेश भी आ गए थे । बेचारा मन मार कर थैला उठा कर बाहर निकल गया । उसे टमाटर का सूप सख्त नापसंद था । इससे तो मम्मी कॉर्न का सूप बना लेतीं या चाइनीज सूप ऑर्डर करके मंगवा लेतीं । लेकिन पापा के आगे उसका बस कहाँ चलता है ।
मेहमानों के आने से पहले टमाटर का गाढ़ा-गाढ़ा स्वादिष्ट सूप तैयार हो गया था । मेहमान आ चुके थे और डिनर का पहला कोर्स सूप ही था । पंकज सबके साथ बैठा हुआ बेमन से किसी तरह उस सूप को गले के नीचे उतार रहा था । उसे फिक्र हो रही थी कहीं इस सूप की वजह से वे लोग ऋतु दीदी को रिजेक्ट ना कर दें । तभी मेहरा साहेब की बुलंद आवाज गूँजी । "भाभी जी आपने घर में बनाया है यह सूप ? भई वाह । मज़ा आ गया । ऋतु बिटिया को सिखाया है या नहीं आपने यह सूप बनाना । आपने तो दिल ही जीत लिया । बिटिया को अच्छी तरह प्रैक्टिस करवा दीजिएगा । शादी के बाद उसे रोज़ बनाना पड़ेगा ऐसा सूप यह तो तय है ।"
और एक सम्मिलित ठहाके से कमरा गूँज उठा ।
साधना वैद
Friday, September 11, 2026
ये धारावाहिक
कहाँ चल दिए जनाब? फोटो शूट के लिए जा रहे हैं? अरे वाह, टी वी धारावाहिक के लिए ऑडीशन की तैयारी कर रहे हैं, बहुत बढ़िया जनाब ! लेकिन आप तो बिलकुल चिकने-चुपड़े से जा रहे हैं फोटो शूट के लिए ! यहीं गच्चा खा जाएँगे ! ज़रा कुछ देर दर्पण के सामने हर तरह से रोते हुए अपनी तस्वीर देख लीजिये ! आजकल जैसा ट्रेंड चल रहा है धारावाहिकों का उसके अनुसार हीरो हीरोइन कहानी में हँसते कम हैं रोते ज्यादह हैं ! तो आपको इस बात का ख़याल रखना है कि हँसते हुए शक्ल अच्छी लगे या न लगे रोते हुए आपका चेहरा सुन्दर भी लगना चाहिए और प्रभावशाली भी तभी तो आपके अभिनय की धाक जमेगी ! हँसते हुए तो बदसूरत आदमी भी अच्छा लगने लगता है ! लेकिन रोते हुए खूबसूरत स्त्री-पुरुष दोनों को ही झेलना मुश्किल हो जाता है क्योंकि भावातिरेक में लोग इस बात पर ध्यान नहीं दे पाते कि इस समय उनका चेहरा दर्शनीय लग रहा है या नहीं लेकिन आपको इस बात का ध्यान ज़रूर रखना होगा ! धारावाहिक अगर पारिवारिक है तो यह तो तय है कि 30 मिनट के एपिसोड में आपको कम से कम बीस मिनट तो ज़रूर ही भयंकर टेंशन की एक्टिंग करनी होगी ! या तो आप गुस्से से मुट्ठियाँ भींच रहे होंगे, खाली कमरे में चीख-चीख सारे गुलदानों को और क्रॉकरी को फेंक-फेंक कर तोड़ रहे होंगे, या महिलाओं की तरह किसी के कंधे पर सर टिका कर फूट-फूट कर रो रहे होंगे ! तो भाईजान, फोटो शूट से पहले इन सारी सिचुएशंस में खुद को डाल कर आईने के सामने खुद को निरख ज़रूर लेना ! अगर आपकी शक्ल अच्छी लग रही है तब तो ठीक है वरना तो जो राम जी चाहें ! और यह बड़ी नफासत से शेव करके कहाँ चल दिए ! अपने मुखड़े पर कुछ हरियाली उगा लो तभी रोल में फिट हो पाओगे ! समझे जनाब ! आजकल चिकने-चुपड़े चॉकलेटी चेहरे और टीन एज लुक वाले हीरोज़ का ज़माना नहीं रहा ! अब तो देवदास की तरह दुखियारी लुक देने वाले और बात-बात में उबाल खाकर तोड़-फोड़ करने वाले एंग्री यंग मैन की छवि वाले नायकों का दौर है ! पहले सुना करते थे कि सच्चे मर्द किसीके सामने नहीं रोते लेकिन अब तो धारावाहिकों के नायक हमारी नायिकाओं से भी ज्यादह रोते हैं ! यों कहिये कि आधे घंटे के एपीसोड में कम से कम 20 मिनिट तो उन्हें रोना पड़ता ही है या आसमान फाड़ कर चीख-चीख कर भगवान् जी से जवाबतलब करना पड़ता है ! इन सारी बातों को अभिनय में उतारने के लिए बड़ी इनर्जी लगती है ! धारावाहिक में काम करना चाहते हो बरखुरदार तो पहले इन पैमानों पर खुद को परख कर देखो !
आजकल के धारावाहिकों में सबसे प्रशंसनीय जो बात देखने में आती है वह यह है कि ये वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा को पूरी निष्ठा से निभाते हैं ! दोस्ती-दुश्मनी की परवाह बिलकुल नहीं करते ! अपने परिवार के परम शत्रु को सब जानते समझते हुए भी अपने घर में बुला कर ससम्मान रखते हैं और उनकी हर छोटी से छोटी ज़रूरत का पूरा ध्यान भी रखते हैं ! घर के सारे सदस्य उनके साथ पूरा शिष्टाचार निभाते हैं आखिर संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों का सार्थक संदेश भी तो समाज को देना है ! वो और बात है कि हर बार संस्कारों के इस मिथ्या प्रदर्शन के बाद कलाकार को दाँत पीसते हुए भी दिखा दिया जाता है !
अतिथि बने हुए शत्रु दल के सभी सदस्य साधिकार पूरे घर के हर कमरे में किसी भी समय चहलकदमी करते रहते हैं किसी के भी कमरे से अलमारियाँ खोल-खोल कर ज़रूरी सामान और दस्तावेजों को चुराते रहते हैं और मेजबानों के खिलाफ निर्द्वंद्व होकर षड्यंत्र रचते रहते हैं ! घर के लोग इतने भोले-भाले मासूम होते हैं या कहिये बेवकूफ होते हैं कि शत्रु दल को अपने घर में रहने के लिए आमंत्रित करने के बाद और उसकी नीयत से भली प्रकार परिचित होने के बाद भी किसी तरह की सतर्कता और सावधानी नहीं बरतते ! न ज़रूरी कागजातों की जगह बदल कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखते हैं, न अलमारी को लॉक करते हैं, न सोने से पहले अपने कमरे को ही अन्दर से बंद करते हैं ! जब उनके कमरे में चोरी हो रही होती है वो निश्चिन्त होकर सो रहे होते हैं ! अगर संयोग से आँख खुल भी गई तो चूहे बिल्ली की शरारत समझ पानी पीकर आराम से करवट बदलते हैं और फिर से सो जाते हैं ! यह भरोसे की पराकाष्ठा है या मूर्खता की, क्या कहा जाए ! लेकिन कमोबेश हर धारावाहिक में ऐसा ही होता है ! शत्रु घात पर घात करता है और सबको अपनी उँगलियों पर नचाता रहता है और घर वाले ‘अतिथि देवो भव’ के कथन को चरितार्थ करते हुए और खून का घूँट पीते हुए उसकी हर इच्छा, हर आज्ञा का पालन करते हैं क्योंकि वे संस्कार, सदाचार और शिष्टाचार की पक्की डोर से बँधे होते हैं ! और मज़े की बात यह होती है कि धारावाहिकों में सारे पड्यंत्रों की मास्टर माइंड स्त्रियाँ ही होती हैं ! सारे कुचक्र वे ही रचती हैं और उनका नेटवर्क इतना पावरफुल होता है कि घर के अन्दर बैठे-बैठे ही वे कहीं से भी किसी को किडनैप करा सकती हैं, किसी को ब्लेकमेल कर सकती हैं, किसीकी सुपारी किलर्स से ह्त्या करवा सकती हैं, किसी के घर या व्यवसाय केंद्र में आग लगवा सकती हैं या किसी को भी बम से उड़ा सकती हैं ! देश विदेश के सभी गुंडे बदमाश और डॉन माफिया टाइप के भाई लोगों के नम्बर्स उनके पास फोन में सेव्ड रहते हैं और सारे बदमाश उनके इशारों पर ऐसे नाचते हैं कि वे किसी साधारण से मध्यम वर्गीय परिवार की गृहणी न होकर किसी बड़े शक्तिशाली अपराधी गैंग की मुखिया हों ! नारी को दया, ममता, करुणा का पर्याय समझा जाता है लेकिन हमारे इन धारावाहिकों में ‘नारी’ के ऐसे वीभत्स रूप को स्थापित किया जाता है ! मुझे तो लगता है सोनम, सिया और उन जैसी यथार्थ जगत की तमाम स्त्रियों को अपराध करने के आइडियाज़ इन्हीं धारावाहिकों से मिले होंगे और अपने इरादों को इतनी क्रूरता और निर्ममता से अंजाम देने की प्रेरणा और प्रशिक्षण भी शायद यहीं से मिला होगा !
एक यह ड्रामा भी खूब चलता है धारावाहिकों में कि जो सदाचारी है, सच्चा है, अच्छा है वह जीवन भर अपनी भलमनसाहत की कीमत चुकाता रहता है और हमेशा सब उसे धोखे देते हैं, उसका उत्पीडन करते हैं, उसका शोषण करते हैं और उसे निचोड़-निचोड़ कर उसका इस्तेमाल कर अपना घर भरते रहते हैं और वह सदाचारी चाहे नायक हो या नायिका सदैव स्वयं को थाली में परोस कर औरों के लिए उपलब्ध कराता ही रहता है ! बदले में उसे क्या मिलता है ? सबकी नफ़रत, अपमान, असफलता, निराशा और मोटे-मोटे आँसू ! ज़रा सोचिये चार दिन की ज़िंदगी की फिलोसॉफी में यकीन रखने वाले दर्शक अपना छोटा सा जीवन कभी ख़त्म न होने वाले संघर्ष और हताशा के हवाले क्यों करना चाहेंगे ? उनकी तो फ़िलोसॉफ़ी ही यह रहती है -
चाहे कोई खुश हो चाहे गालियाँ हज़ार दे
मस्तराम बनके ज़िंदगी के दिन गुज़ार दे !
तो धारावाहिक बनाने वालों का नैतिक मूल्यों की स्थापना का यह इरादा भी यहाँ इसलिए फेल हो जाता है कि उनका मूल्यों का वाहक किरदार पूरे वक्त संघर्ष करता है, असफल होता है, प्रताड़ित होता है और तकलीफें उठाता रहता है ! न उसे प्यार मिलता है, न सम्मान, न भरोसा, न भौतिक सुख और न ही खुशी ! तो ऐसे धारावाहिकों का क्या फ़ायदा ?
सेंसर बोर्ड या जो भी विभाग इन धारावाहिकों को प्रसारण की अनुमति देता है वह इस तरफ ध्यान क्यों नहीं देता कि घर में अशांति, और कोलाहल तथा समाज में भय और नकारात्मकता फैलाने वाले ऐसे धारावाहिकों के निर्माण और प्रसारण पर प्रतिबंध लगना ही चाहिए ! स्वस्थ मनोरंजन देने वाले और ज्ञानवर्धन करने वाले उत्कृष्ट धारावाहिकों का निर्माण तो अब जैसे बंद ही हो चुका है ! सच तो यह है कि मनोरंजन का सबसे सहज सुलभ साधन टी वी हर घर में उपलब्ध है तो ऐसे घटिया धारावाहिकों के निर्माताओं की खूब बन आई है ! अपरिपक्व समझ वाले दर्शक भी खूब मिल जाते हैं जो ऐसे स्तरहीन धारावाहिकों की टी आर पी बढ़ाने में मददगार होते हैं !
साधना वैद
Wednesday, September 9, 2026
शाबाशी - लघुकथा
नन्ही वंशिका स्कूल से आते
ही अपनी मम्मी के गले से लिपट गयी ! वह आज बहुत खुश थी ! चहकते हुए उसने बताया कि आज
उसे स्कूल में टीचर से खूब शाबाशी मिली क्योंकि उसने पंद्रह अगस्त के कार्यक्रम
में स्कूल के सारे अध्यापकों, बच्चों और आमंत्रित अतिथियों के सामने मंच पर बिना
भूले बिना अटके पूरी कविता पूरे जोश के साथ सुना दी !
वंशिका शहर के सबसे नामी इंग्लिश मीडियम स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती है जहाँ के बच्चे धारा प्रवाह अंग्रेज़ी में बात
करते हैं और उस स्कूल में हिन्दी में बात करने पर बच्चों को सज़ा भी दी जाती है ! मम्मी
हैरान थीं, “अच्छा ! यह तो बहुत खुशी की बात है लेकिन यह तो बताओ तुमने कौन सी
कविता सुनाई ! तुम्हारी अंग्रेज़ी की किताब में तो सभी नई कवितायेँ हैं और मैंने तो
तुम्हें कोई कविता याद करते हुए देखा ही नहीं !”
“खूब लड़ी मर्दानी वो तो झाँसी वाली रानी थी !”
वंशिका ने मुस्कुरा कर कहा !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Friday, September 4, 2026
एक टूटा सपना
उस दिन बड़े सवेरे मेरा मन
मीठी सी खुशबू से महक गया
शायद मेरे मन की बगिया में
बहार आ गई थी,
मेरी आँखों में सपने जाग गए,
मेरे अधरों पर मुस्कान सज गई!
वो शायद तेरा ख़याल था
तेरे आने की आहट थी,
तेरा तसव्वुर था
या मेरी खामखयाली थी
नहीं जानती
बस जानती हूँ तो सिर्फ यह
कि मुद्दतों बाद एक आस जगी थी
एक विश्वास दृढ हुआ था
एक इंतज़ार को कुछ और
जीने की मोहलत मिल गई थी!
उस शाम बड़ी उम्मीद से
दरवाज़े पर निगाहें टिकी थीं
कान हर आहट पर
चौकन्ने हो रहे थे
लेकिन अनायास ही
तेरे कदमों की आहट पीछे मुड़ गई
और फिर धीरे-धीरे धीमी होती हुई
नेपथ्य में विलीन हो गई,
फूलों की खुशबू मंद हो गई,
सपना टूट गया,
अधरों पर चिर परिचित टीस
फिर से उभर आई और
आँखें एक निर्मम. नीरस, बेरंग
यथार्थ को झेलने के लिए
ऐसी खुलीं कि अब
किसी भी तरह
सोना ही नहीं चाहतीं!
साधना वैद
चित्र - गूगल से साभार
Wednesday, September 2, 2026
देशी परदेशी – लघुकथा
“रोहित, कहीं जा रहे हो क्या ? पहले मुझे बाज़ार से ये सामान लाकर दे जाना उसके बाद कहीं और जाना ! शाम को कुछ मेहमान आने वाले हैं खाने पर ! मुझे बहुत तैयारी करनी है !” बाहर का दरवाज़ा खटकने की आवाज़ आते ही सुमित्रा चौकन्नी हो गईं ! समझ गईं कि बेटा रोहित स्क्वैश खेलने के लिए अपने दोस्तों के साथ स्टेडियम जाने के लिए निकल रहा होगा ! कहीं चला न जाए यह सोच कर सुमित्रा ने किचिन से ही रोहित को आवाज़ लगाई और जल्दी-जल्दी सामान की सूची बनाने लगीं !
तभी रोहित खीझता हुआ किचिन में आया, “ओफ्फोह मम्मी, मैं जब खेलने के लिए जाने वाला होता हूँ आपको लास्ट मोमेंट पर ही शॉपिंग का ध्यान क्यों आता है ? आई एम् गेटिंग लेट !”
सुमित्रा ने जल्दी से उसे सामान की सूची थमाई, “आज कुछ मेहमान आ रहे हैं बेटा ! मुझे खाना बनाना है ! यह बहुत ज़रूरी सामान है ! समय से नहीं आया तो खाना बनाने में बहुत देर हो जाएगी !” सुमित्रा ने नर्म होकर रोहित को समझाने की कोशिश की !
रोहित सामान की फेहरिस्त देख कर बौखला रहा था, “यह क्या है मम्मी आपको कितनी बार कहा है लिस्ट इंग्लिश में बनाया करो ! मुझे नहीं समझ में आ रहा क्या लिखा है आपने ! सामान गलत-सलत आ जाए तो मुझे कुछ मत कहना !”
“सामान सब सही आए इसीलिये लिस्ट हिन्दी में बनाई है ! तुम्हें समझ में नहीं आ रहा है तो कोई बात नहीं दुकानदार को सब समझ में आ जाएगा ! उसके यहाँ सामान लेने वाले निन्यानवे प्रतिशत हिन्दी बोलने और लिखने पढ़ने वाले लोग ही आते हैं ! तुम्हारे जैसे अंग्रेज़ी के भक्त तो शायद एकाध प्रतिशत ही होंगे और तुम भी अंग्रेज़ी के आसमान से नीचे अपनी मातृभाषा की ज़मीन पर उतर आओ तो तुम्हारे लिए भी वही ठीक होगा ! कम से कम अपनी भाषा बोलने वाले लोगों से जुड़ तो सकोगे ! मुझे डर है कहीं तुम अपने ही देश में परदेशी न बन जाओ !”
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Sunday, August 23, 2026
प्रवासी पंछी
फैला के पंख
उड़ चला विदेश
छोड़ के नीड़
प्रवासी पंछी
अनजान देश में
ढूँढे बसेरा
छूटे माँ बाप
छूटा कुल कुनबा
गाँव शहर
पंछी से तुम
जा बसे परदेश
रोक न पाए
कैसे बुलाएं
कौन जतन करें
कैसे बताएं
जोहती बाट
आजा मेरे दुलारे
हो रही रात
हुआ अँधेरा
डूब गया सूरज
घबराए माँ
आकुल हो वो
नीड़ से शाख तक
डोलती फिरे
नहीं आया वो
हुआ मन विदीर्ण
रो पड़ीं आँखें
हो गया सूना
एक माँ का जीवन
घर आँगन
प्रार्थना माँ की
रही अनसुनी सी
माँ घबराई
हुई उदास
नियति की छलना
रास न आई !
साधना वैद
चित्र - गूगल से साभार
Friday, August 21, 2026
हाइकु मुक्तक - सावन
सीला सावन, तृषित तन मन, दूर सजन
मुग्ध वसुधा, उल्लसित गगन, सौंधी पवन
व्याकुल बूँदें, बिखर धरा पर, बुलाएं तुम्हें
गाते विहग, सुरभित सुमन, आओ सजन !
आया सावन, सुन कर पुकार, धरा मुस्काई
फूल ही फूल, चूनर में अपनी, टाँक ले आई
बरसी बूँदें, गरजे घन घटा, तड़पे जिया
हर्षित धरा, लहरा के आँचल, ले अँगड़ाई !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Sunday, August 16, 2026
इसलिए नहीं आ सका
याद तो आई थी माँ
अपने जन्मदिन पर
तुझे याद कर मेरी
आँख भी भर आई थी,
जब यारों ने बाज़ार से लाकर
रेडीमेड केक खिलाया था
तेरे हाथ के बने मुलायम पूए
और मीठी-मीठी खीर की भी
बहुत याद आई थी माँ
लेकिन भारत माँ की रक्षा की
कसम भी तो मैंने ही खाई थी न माँ
इसलिए नहीं आ सका !
सावन के महीने में रक्षा बंधन पर
तेरी बहुत याद आई थी बहना
अपनी सूनी कलाई देख
मेरी आँख भी भर आई थी,
मेरे माथे पर रोली अक्षत का
पावन तिलक लगाती
अपने हाथों बड़े प्यार से मुझे
घेवर का बड़ा सा टुकड़ा खिलाती
तेरी मासूम छवि मेरी आँखों में
उभर आई थी प्यारी बहना
लेकिन भारत की सभी बहनों की
रक्षा की कसम भी तो
मैंने ही खाई थी न छोटी
इसलिए आना तो बहुत चाहता था
पर नहीं आ सका !
दीवाली से कुछ दिन पहले ही तो
फ़ौज में मेरी भर्ती की
सुखद सूचना आई थी,
याद है पापा, आपने ही तो
अपने हाथों मुझे फौजी की यह
गौरवशाली वर्दी पहनाई थी !
और जब गर्व से आपने मुझे
अपने सीने से लगाया था
आपके साथ-साथ मेरी आँख भी
भर-भर आई थी
उस वर्ष हमने कितने उत्साह के साथ
दीवाली मनाई थी !
छोटे भाई के साथ खूब सारे पटाखे
खरीद कर मैं ले आया था
सारे घर में माटी के दीपक जला
पूरे घर को हर्ष और उल्लास की
रोशनी से जगमगाया था !
हर तरफ पटाखों का शोर था
हृदय में आस और विश्वास की गूँज थी !
पापा, आज भी मोर्चे पर गूँज है
आतंकियों के धमाकों की,
उनके नापाक नारों की, इरादों की,
मशीनगनों और गोला बारूद की,
इस गूँज को तो खामोश करना ही है
दुश्मनों का खात्मा तो करना ही है
इसलिए नहीं आ सका !
जब-जब गुलमोहर देवदार पर बहार आई
बुरांश के फूलों पर अरुणिमा छाई
तुम्हारा सलज्ज मुखड़ा याद कर प्रिये
मेरी आँख भी भर-भर आई !
यह मादक मतवाला मौसम
मन भारी कर जाता है
तुम्हारे साथ बिताया हर खूबसूरत पल
याद दिला जाता है !
तुम्हारे कंगन, तुम्हारी चूड़ी
तुम्हारी पायल की खनक
सुनाई देती है,
पंछियों की सरगम में मुझे
तुम्हारे गीतों की प्रतिध्वनि
सुनाई देती है !
तभी सुदूर घाटी से भारत माँ की
घुटी-घुटी सी चीत्कार भी
मुझे सुनाई दे जाती है !
मेरा मधुर स्वप्न टूट जाता है,
यथार्थ का निर्मम प्रहार
मुझे मोहनिद्रा से जगा जाता है !
भारत माँ ने कातर हो मुझे
रक्त रंजित घाटियों से आवाज़ लगाई है,
मेरी आँखों में खून उतर आया है
अंतर में प्रतिकार ने आग भड़काई है !
तुम जानती तो हो न प्रिये
इस पुकार को मैं किसी भी हाल में
अनसुनी नहीं कर सकता
इसीलिये नहीं आ सका !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Thursday, August 13, 2026
भारत माँ का लाल
घाटी के एक सुरम्य पर्यटन स्थल में सघन सर्च ऑपरेशन चल रहा था ! कुछ विश्वस्त सूत्रों से खबर मिली थी कि दिन में किसी भी समय सैलानियों पर आतंकी हमला हो सकता है ! पहलगाम की घटना के बाद से सेना और प्रशासन बेहद सतर्क और चौकन्ने थे ! वे कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहते थे लेकिन सैलानियों को शंकित और भयभीत कर उनके आनंद में विघ्न भी डालना नहीं चाहते थे ! सेना और पुलिस के दर्जनों अधिकारी और फ़ौजी सादा ड्रेस में सैलानियों के साथ मिल वादी की खूबसूरती का लुत्फ़ उठा रहे थे और गरमागरम स्नैक्स, कहवा, चाय, कॉफ़ी के साथ हर तरफ अपनी नज़रों को भी बिछाए हुए थे ! कहीं कोई गिलहरी भागती या चिड़िया पंख फड़फड़ाती तो यह भी उनकी पैनी नज़र से चूकता नहीं था !
तभी गुलमोहर के एक पेड़ के पीछे लेफ्टीनेंट असलम को कुछ हलचल का आभास हुआ ! असलम ने अपनी कमीज़ के नीचे बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी ! वह तेज़ी से पेड़ की तरफ दौड़ा और उसने भागने की तैयारी में जुटे आतंकवादी के चहरे से नकाब खींच ली ! यह अशरफ था उसके बचपन का दोस्त और पड़ोसी ! असलम को देखते ही कुछ पल को आतंकी ठिठका फिर ज़ोर से उसे गले लगा कर बोला, “अरे वाह असलम तुम तो अपने ही यार निकले, तुमने तो जान ही निकाल दी थी मेरी ! चलो मेरे साथ अपने आका से मिलवाता हूँ तुम्हें ! वारे न्यारे हो जाएंगे तुम्हारे भी !” आतंकी ने असलम की बाँह थामी !
तभी असलम ने अशरफ के दोनों बाजुओं को पीठ के पीछे कस कर पकड़ उसे अपने काबू में ले लिया और उसकी कनपटी पर रिवॉल्वर लगा कड़कती हुई आवाज़ में गरजा !
“कौन यार ! किसका यार ? यहाँ तुम सिर्फ एक आतंकी हो, देश और कौम के गुनहगार और मैं हूँ एक फ़ौजी ! भारत माँ का लाल !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Tuesday, August 4, 2026
दोस्ती
प्यार तुम्हारा साथ रहेगा हरदम
याद तुम्हारी साथ रहेगी हरदम
तुमने कब हमको तनहा छोड़ा है
भले दूर हो साथ रहोगे हरदम !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
Monday, August 3, 2026
मित्रता
सच्चे अर्थों में
मित्रता वरदान होती है,
भाग्य का उपहार होती है,
हमारे जीवन की
सबसे बड़ी उपलब्धि होती है,
हमारी बिगड़ी सुर ताल की
सुरीली तान होती है,
नसीब से मिली हुई हमें
हमारी सबसे बड़ी सौगात होती है !
जब जी चाहा
रो लिए जाकर उसके पहलू में
और हल्का कर लिया अपना मन,
जब जी चाहा
झगड़ लिए और शांत कर लिया अपना गुस्सा,
जब जी चाहा
डाँट दिया और खुद निर्द्वंद्व हो गए,
जब जी चाहा
छेड़-छेड़ कर उसे रुला दिया
और खुद मज़े लेते रहे !
लेकिन मित्र ने कभी बुरा न माना,
कभी बैर न ठाना,
न कभी छोड़ा आना जाना !
उसका प्यार सदा अक्षुण्ण रहा
उसकी बाहें सदा गले लगाने को फ़ैली रहीं
उसके काँधे सर टिकाने के लिए
सदा उपलब्ध रहे
उसकी बाहें सहारा देने को
सदा तत्पर रहीं
और हम उसकी बैसाखियों के सहारे
जीवन की हर दौड़ में
स्पर्धा के लिए सदा तैयार रहे
क्योंकि हमारा मित्र हमारे साथ था
एक अचल, अडिग पर्वत की तरह
और हमारे लिए यह सबसे बड़ा
सहारा था !
चित्र - गूगल से साभार
साधना वैद
🙏🌹🌹🌹🙏
Monday, July 27, 2026
तितली
तितली प्यारी
दिन भर फूलों पे
करे सवारी
उड़ती फिरे
उपवन के हर
फूल-फूल पे
चखती रहे
सुमधुर पराग
रस से भरा
संचित करे
सुकोमल पंखों में
ढेर सी ऊर्जा
अर्जित करे
कोमल हृदय में
अदम्य शक्ति
पीना है उसे
मधुर मकरंद
हर पुष्प का
पाना है उसे
रस गंध सौन्दर्य
सारे बाग़ का !
साधना वैद
एक पेड़ की फ़रियाद
देखते हो मुझे
कैसे कुदरत का कहर टूटा मुझ पर
और कैसे आँधी तूफ़ान ने
बर्बाद कर दिया मुझे !
कुदरत तो कुदरत थी
उस पर किसका वश था
लेकिन जड़ से उखड़े मेरे जिस्म पर
संसार के सबसे जहीन
इस ‘बुद्धिजीवी’ इंसान ने भी
ज़रा तरस नहीं खाया
और काट-काट कर
मेरी हर डाल,
नोच-नोच कर मेरा हर फूल,
मेरा हर पत्ता इस नाशुक्रे इंसान ने
बिलकुल निरावृत कर दिया मुझे !
लेकिन मेरी जिजीविषा देखो
देखो मेरे हृदय की उदारता को !
किस तरह मेरा कटा नुचा भग्न शरीर
अपनी खंडित साँसों के साथ भी
तुम्हें जीवन दान देने के लिए
अपनी पूरी ताकत से लड़ रहा है
मेरा रोम-रोम अंकुरित हो रहा है
तुम्हें शीतल छाँह देने के लिए,
फल-फूल, खुशबू देने के लिए,
तुम्हारे थके हुए फेंफडों को
प्राण वायु देने के लिए !
यही फर्क है एक पेड़ में और इंसान में
पेड़ सिर्फ देना ही देना जानते हैं
प्रतिदान में कुछ नहीं माँगते
और इंसान ?
वह सिर्फ लेना ही लेना जानता है
अपने जीवन दाता हरे-भरे वृक्ष को
को चीर फाड़ कर
ख़त्म कर देने में भी
उसे कोई एतराज़ नहीं होता !
साधना वैद








