Followers

Showing posts with label स्वाभिमान. Show all posts
Showing posts with label स्वाभिमान. Show all posts

Sunday, August 21, 2011

बढ़े चलो













आज देश में देशभक्ति की जैसी उत्ताल तरंगें देखने को मिल रही हैं वह अभूतपूर्व हैं ! आपको सलाम अन्ना आपने सभी भारतीयों को उनकी सुषुप्त शक्ति और शौर्य से परिचित कराया ! उन्हें उनके अधिकारों और दायित्वों का भान कराया और सर्वोपरि भ्रष्ट नेताओं के साथ जुड़ कर अपनी साख खोती गाँधी टोपी की प्रतिष्ठा को पुनर्स्थापित किया ! हमारा तिरंगा इसी तरह संसार में सबसे ऊँचा लहराता रहे और भारत देश की गिनती विश्व के भ्रष्ट राष्ट्रों में नहीं अपितु सबसे महान देशों में हो यही मंगलकामना है !

मातृभूमि ने ललकारा है, बढ़े चलो ,

साँपों ने घेरा डाला है बढ़े, चलो !


दुश्मन घर में ही बैठा है, बढ़े चलो,

शतरंजी चालें चलता है बढ़े, चलो ,

छल बल से सबको ठगता है, बढ़े चलो ,

उसको पाठ पढ़ाना होगा, बढ़े चलो !


शीशा उसे दिखाना होगा, बढ़े चलो ,

झुकना नहीं झुकाना होगा बढ़े, चलो ,

डरना नहीं डराना होगा बढ़े, चलो ,

उसको सबक सिखाना होगा, बढ़े चलो !


मन में जोश जगाना होगा, बढ़े, चलो ,

रगों में खून बहाना होगा, बढ़े चलो ,

स्वाभिमान अपनाना होगा, बढ़े चलो ,

गौरव गान सुनाना होगा, बढ़े चलो !


स्वविवेक को नहीं छोड़ना, बढ़े चलो ,

मर्यादा को नहीं तोड़ना, बढ़े चलो ,

स्वार्थ की रोटी नहीं सेकना, बढ़े चलो ,

मुड़ पीछे नहीं देखना, बढ़े चलो !


माँ का क़र्ज़ चुकाना होगा, बढ़े चलो ,

जीवन सफल बनाना होगा, बढ़े चलो ,

सबका दर्द मिटाना होगा, बढ़े चलो ,

देश का मान बढ़ाना होगा, बढ़े चलो !


अपनी शक्ति को पहचानो, बढ़े चलो ,

देश भक्ति को भी तो जानो, बढ़े चलो ,

आज विश्व को सच दिखला दो, बढ़े चलो ,

अम्बर में झंडा फहरा दो, बढ़े चलो !


जयहिंद जय भारत !


साधना वैद !


चित्र गूगल से साभार